एशियाई खेल : अनाहत और अभय स्क्वाश एकल फाइनल में, जोशना व सेंथिलकुमार को मिश्रित युगल में कांस्य

नागोया, 26 सितम्बर। भारत की युवा सनसनी अनाहत सिंह ने यहां 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) की स्क्वाश प्रतियोगिता में अपना दबदबा कायम रखा और शनिवार को महिला एकल फाइनल में प्रवेश कर लिया। वहीं पुरुष एकल में अभय सिंह ने भी फाइनल का टिकट हासिल कर लिया। हालांकि जोशना चिनप्पा व वेलवन सेंथिलकुमार को मिश्रित युगल सेमीफाइनल में कांस्य पदक से संतोष करना पड़ा।

अनाहत ने विश्व नंबर 6 जापानी स्पर्धी सतोमी को हरा दर्ज की करिअर की सबसे बड़ी जीत

भारत की 18 वर्षीय स्टार अनाहत ने नागोया किंजो फुटो एरेना के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए सेमीफाइनल में 0-2 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और जापान की विश्व में छठे नंबर की खिलाड़ी सतोमी वातानाबे को 3-2 से हराकर अपने करिअर की सबसे बड़ी जीत हासिल की। अनाहत ने यह मैच 9-11, 11-13, 12-10, 11-6, 11-3 से जीता और वर्ष की शुरुआत में जापानी खिलाड़ी से मिली हार का हिसाब बराबर कर दिया।

मैच के दौरान अनाहत को चिकिस्तीय मदद लेनी पड़ी

अनाहत एक समय वातानाबे के खिलाफ 0-2 से पीछे चल रही थीं, लेकिन उन्होंने धैर्य बनाए रखा। इस बीच गेंद लेने की कोशिश में भारतीय खिलाड़ी का सिर जापानी खिलाड़ी के कंधे से टकरा गया। इस टक्कर के बाद अनाहत को चिकित्सा सहायता प्रदान किए जाने के कारण मैच को थोड़ी देर के लिए रोक दिया गया था।

फाइनल में मलेशियाई शिवसांगरी से होगी मुलाकात

फिलहाल अनाहत ने पहले दो गेम हारने के बाद किसी तरह का दबाव नहीं लिया तथा तीसरा और चौथा गेम जीत कर मैच को निर्णायक गेंम तक पहुंचा दिया। निर्णायक गेम में भारतीय खिलाड़ी ने अपनी प्रतिद्वंदी को हावी नहीं होने दिया। अनाहत की अब फाइनल में मलेशियाई सुब्रमण्यम शिवसांगरी से टक्कर होगी, जिन्होंने हांगकांग की चान सिन युक को 3-0 से परास्त किया।

अभय ने पाकिस्तानी मो. इरफान को बाहर किया

वहीं अभय ने पाकिस्तान के मोहम्मद इरफान को 3-0 (11-3 12-10 11-6) से हराकर पुरुष एकल के फाइनल में प्रवेश किया। अभय ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले ही गेम में 6-2 की बढ़त बना ली और 35 मिनट तक चले मैच में अपनी इस लय को बरकरार रखा। अब उनका सामना मलेशिया के एंग ऐन योउ से होगा जिन्होंने पाकिस्तान के जमान नूर को 3-0 हराया।

दोनों भारतीय सितारे अब ओलम्पिक टिकट से एक जीत दूर

अनाहत और अभय दोनों अब लॉस एंजेलिस ओलम्पिक 2028 के ले क्वालीफाई करने से एक जीत दूर हैं। एशियाई खेलों में महिला और पुरुष एकल चैम्पियन को 2028 ओलम्पिक में सीधे प्रवेश मिलेगा।

40 वर्षीय जोशना के नाम एशियाई खेलों में छठा पदक

इससे पहले जोशना चिनप्पा व वेलवन सेंथिलकुमार की जोड़ी  मिश्रित युगल सेमीफाइनल में हांगकांग के तांग मिंग हांग व ली का यी के हाथों रोमांचक संघर्ष में (1-2) 10-11, 11-2, 10-11 से हार गई।

भारतीय जोड़ी ने शुक्रवार को फिलीपींस के डेविड पेलिनो और जेमिका अरिबाडो पर जीत से सेमीफाइनल में प्रवेश के साथ पदक पक्का कर लिया था। 40 वर्षीय जोशना का यह एशियाई खेलों में छठा पदक है। इससे पहले वह एशियाई खेलों में दो रजत और तीन कांस्य पदक जीत चुकी थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular