1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखंड : रांची से दिल्ली के लिए उड़ी एयर एम्बुलेंस क्रैश, विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत
झारखंड : रांची से दिल्ली के लिए उड़ी एयर एम्बुलेंस क्रैश, विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत

झारखंड : रांची से दिल्ली के लिए उड़ी एयर एम्बुलेंस क्रैश, विमान में सवार सभी 7 लोगों की मौत

0
Social Share

रांची, 23 फरवरी। झारखंड की राजधानी रांची में बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए उड़ान भरने वाली प्राइवेट चार्टर एयर एम्बुलेंस दुर्घटनाग्रस्त हो गई। विमान में सवार सभी सातों लोगों की मौत हो गई। एयरक्रॉफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) की टीम घटनास्थल के लिए रवाना हो गई है।

DGCA ने की हादसे की आधिकारिक पुष्टि

नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने हादसे की आधिकारिक पुष्टि की है। DGCA की ओर से जारी बयान के अनुसार विमान ने शाम 7.11 बजे रांची एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। उड़ान के दौरान विमान का आखिरी संपर्क शाम 7.34 बजे कोलकाता एयर ट्रैफिक कंट्रोल से हुआ। इसके बाद विमान का रडार और रेडियो संपर्क दोनों टूट गया। यह संपर्क वाराणसी से करीब 100 नॉटिकल माइल दक्षिण-पूर्व में खत्म हुआ। इससे पहले शुरुआती जानकारी में विमान का संपर्क टूटने की खबर सामने आई थी।

झारखंड के चतरा-सिमरिया में मिली क्रैश होने की खबर

वाराणसी एयर ट्रैफिक कंट्रोल (VEBN) के अनुसार विमान उनके एयरस्पेस में प्रवेश के बाद संपर्क में नहीं आया था। इसके बाद रात करीब 8.05 बजे रेस्क्यू को-ऑर्डिनेशन सेंटर  को सक्रिय किया गया और तलाश अभियान शुरू किया गया। कुछ देर बाद झारखंड के चतरा और सिमरिया सीमा क्षेत्र में विमान के क्रैश होने की सूचना मिली।

हादसे के समय इलाके में बारिश हो रही थी और मौसम खराब था

बताया जा रहा है कि हादसे के समय इलाके में बारिश हो रही थी और मौसम खराब था, जिसकी वजह से विमान खराब मौसम की चपेट में आ गया। हालांकि मौसम को लेकर आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

AAIB करेगी हादसे की जांच

DGCA के अनुसार इस विमान में दो क्रम मेंबर सहित कुल सात लोग सवार थे। जिला प्रशासन की सर्च और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंच चुकी है जबकि हादसे की जांच के लिए एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो की टीम को रवाना किया जा रहा है। संबंधित एजेंसियां मामले की निगरानी कर रही हैं।

चतरा एसपी सुमित कुमार अग्रवाल ने भी पुष्टि की है कि विमान में सात लोग सवार थे। प्रशासन मौके पर मौजूद है और बचाव अभियान जारी है। सिमरिया थाना क्षेत्र के खासियातू करमटांड़ जंगल में संदिग्ध धातु का मलबा बरामद हुआ, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया। प्रारंभिक चर्चा में एयर एम्बुलेंस के क्रैश होने की आशंका जताई जा रही है। मौके से मिले मलबे में प्रोपेलर और इंजन जैसे हिस्से दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन और पुलिस टीम जांच में जुट गई है।

विमान में दो पायलट समेत 5 यात्री थे सवार

विमान में सवार लोगों की जानकारी भी सामने आई है। विमान में दो पायलट (कैप्टन विवेक विकास बिलागत और कैप्टन सवरदीप सिंह) सवार थे। उनके अलावा पांच यात्रियों में संजय कुमार – मरीज (Patient), अर्चना देवी – अटेंडेंट, धुरु कुमार – अटेंडेंट, डॉ. विकास कुमार गुप्ता डॉक्टर, सचिन कुमार मिश्र पैरामेडिक के नाम सामने आए हैं।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code