अमित शाह ने जताया भरोसा : 2029 लोकसभा चुनाव से पहले 21 राज्यों में लागू हो जाएगा UCC

मुंबई, 13 दिसम्बर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने रविवार को यहां विश्वास व्यक्त करते हुए कहा कि 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले देश के 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू कर दिया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन से 30 दिन के ‘सेवा संकल्प अभियान’ की योजना की भी घोषणा की।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ की भी घोषणा

मुंबई में सेवा संकल्प अभियान के बारे में मीडिया को संबोधित करते हुए शाह ने कहा, ‘हमने कई राज्यों में यूनिफॉर्म सिविल कोड  पेश किया है। मुझे भरोसा है कि हम 2029 से पहले बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए की सरकार वाले सभी 21 राज्यों में यूसीसी लागू कर देंगे।’

उल्लेखनीय है कि मौजूदा समय भाजपा के नेतृत्व वाला एनडीए 19 राज्यों और दो केंद्र-शासित प्रदेशों (दिल्ली, पश्चिम बंगाल, असम, उत्तराखंड, राजस्थान, महाराष्ट्र, बिहार और उत्तर प्रदेश सहित) में सत्ता पर काबिज है। उत्तराखंड, गुजरात और असम में यूसीसी पहले ही लागू हो चुका है।

अमित शाह ने यह भी घोषणा की कि पूरा एनडीए और स्वयंसेवी संगठन मिलकर 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाएंगे। यह अभियान मोदी के प्रधानमंत्री और गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किया जा रहा है।

उन्होंने कहा, ‘इस देश में बहुत कम नेताओं ने लगातार 25 वर्षों तक जनसेवा करने का गौरव हासिल किया है, जिसमें उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री, दोनों के तौर पर सेवा की है। यह अभियान पूरे देश में हर प्रशासनिक इकाई में चलाया जाएगा, जिसमें सभी राज्य और केंद्र-शासित प्रदेश शामिल होंगे।’

भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान किया

गृह मंत्री ने केंद्र में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों, जैसे अयोध्या में राम मंदिर का निर्माण और अनुच्छेद 370 को हटाना, की तारीफ की। उन्होंने यह भी कहा कि तीन तलाक कानून को रद करने से मुस्लिम महिलाओं को न्याय मिला है और संवेदनशील इलाक़ों से नक्सलवाद को खत्म कर दिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘2014 से पहले, हमारी राष्ट्रीय राजनीति भ्रष्टाचार, जातिवाद और परिवारवाद से ग्रस्त थी। 2014 से 2026 के राजनीतिक दौर में, देश इन मुद्दों से आगे बढ़कर ‘काम-काज पर आधारित राजनीति’ की ओर बढ़ा है। 12 साल में पहली बार लोगों ने एक मज़बूत विदेश नीति देखी है। चाहे हमारी रक्षा नीति हो या विदेश नीति, हमारा मूल मंत्र ‘भारत पहले’ (India First) रहा है।’

अवैध घुसपैठ और छात्रों के विरोध-प्रदर्शन पर भी बात की

शाह ने सीमावर्ती इलाकों से होने वाली अवैध घुसपैठ पर भी बात की और वादा किया कि हर एक अवैध घुसपैठिये की पहचान की जाएगी और उन्हें देश से बाहर निकाला जाएगा। जब उनसे जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध-प्रदर्शन के नतीजों के बारे में पूछा गया तो शाह ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा, ‘हम लोकतंत्र में हैं। अलग-अलग मुद्दों पर लोगों की अलग-अलग राय होती है, और उन विचारों को व्यक्त करना ज़रूरी है। भारतीय जनता पार्टी सत्ता में है, लेकिन हम इमरजेंसी थोपकर शासन नहीं कर सकते। यह कांग्रेस की संस्कृति है, हमारी नहीं। हम बातचीत और चर्चा में विश्वास करते हैं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular