CJP के प्रदर्शन के बीच पीएम मोदी ने जारी किया वीडियो संदेश- ‘पेपर लीक पर आज कैबिनेट में उठाएंगे सख्त कदम’
नई दिल्ली, 23 जुलाई। नीट यूजी पेपर लीक मामले में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के बैनर तले छात्रों के प्रदर्शन से स्थिति लगातार तनावपूर्ण होती जा रही है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार की देर रात छात्रों के नाम एक वीडियो संदेश जारी किया।
इस वीडियो संदेश में पीएम मोदी ने कहा कि 24 जुलाई को होने वाली कैबिनेट बैठक में पेपर लीक के खिलाफ और सख्त कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है और यह छात्रों व अभिभावकों के लिए काफी पीड़ादायक है।
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘फ्रेंड्स, मैं जानता हूं कि पेपर लीक कोई मामूली विषय नहीं है। लाखों विद्यार्थियों और उनके अभिभावकों के लिए यह बहुत ही पीड़ादायक है और इसलिए पेपर लीक की घटना से अब तक पिछले ढाई महीनों में अनेक बड़े कदम उठाए गए। गुनहगारों को पकड़ा गया है। वे जेल में पड़े हैं। हमारा सबसे महत्वपूर्ण जिम्मा था कि विद्यार्थियों का एक वर्ष बर्बाद न हो।’
More strict actions against paper leaks to come in tomorrow’s Cabinet! pic.twitter.com/NRysBukk5U
— Narendra Modi (@narendramodi) July 23, 2026
उन्होंने कहा, ‘तत्काल परीक्षाएं लेना बहुत जरूरी था। सरकार ने अपनी पूरी शक्ति का उपयोग करके कम से कम समय में 22 लाख जितने विद्यार्थियों के एग्जाम हो जाएं, इसका प्रबंध किया। अभी पांच दिन पहले, 19 तारीख को रिजल्ट भी आ गया। देशभर में उत्तीर्ण हुए विद्यार्थियों की खुशियों की खबरें भी आ रही हैं। लेकिन हम वहां पर संतोष मानने वाले लोगों में से नहीं हैं।’
पीएम मोदी ने कहा, ‘इसलिए मैंने आज फास्ट ट्रैक कोर्ट के लिए विभागों को निर्देश दिए थे। आज विभागों ने लगातार मेहनत करके देर रात मुझे मसौदा भी दे दिया। फास्ट ट्रैक कोर्ट और कठोर सजा के प्रावधान वाले इस मसौदे पर कल कैबिनेट में चर्चा होगी। कैबिनेट के साथियों के सुझाव के बाद उसका अंतिम रूप दिया जाएगा। सोमवार से संसद का दूसरा सप्ताह शुरू हो रहा है। तब जल्द से जल्द उस बिल को सदन में पारित कराने का प्रयास किया जाएगा।’
