कोल्हापुर, 20 जून। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने शनिवार को महाराष्ट्र के कोल्हापुर में प्रसिद्ध करवीर निवासिनी अंबाबाई (महालक्ष्मी) मंदिर के विकास कार्यों का शिलान्यास किया। करीब 1,500 करोड़ रुपये की लागत वाली इस महत्वाकांक्षी परियोजना के तहत मंदिर परिसर में नए प्रदक्षिणा मार्ग (प्रदक्षिणा पथ) का निर्माण तथा परिवार देवता मंदिरों के संरक्षण और जीर्णोद्धार का कार्य किया जाएगा। इस अवसर पर उनकी पत्नी सोनल शाह भी मौजूद रहीं।
52 शक्तिपीठों में से एक अंबाबाई मंदिर भारतीय आस्था, संस्कृति और स्थापत्य कला का अद्वितीय प्रतीक है। आज ₹1500 करोड़ की लागत से मंदिर परिसर के आधुनिकीकरण एवं सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया। इससे श्रद्धालुओं की सुविधाएं बढ़ेंगी और हमारी समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण व… pic.twitter.com/EEI7ezriud
— Amit Shah (@AmitShah) June 20, 2026
मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री भी रहे मौजूद
शिलान्यास समारोह में महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी शामिल हुए। तीनों नेताओं ने 52 शक्तिपीठों में से एक अंबाबाई माता (महालक्ष्मी) के दर्शन कर पूजा-अर्चना की। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर में चल रही विभिन्न विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और निरीक्षण किया।
‘करवीर नगरी में ऐतिहासिक कार्य की शुरुआत’
अमित शाह ने इस अवसर पर कहा कि महाराष्ट्र की पवित्र भूमि और माता अंबाबाई के धाम कोल्हापुर में एक ऐतिहासिक कार्य की शुरुआत हो रही है। उन्होंने कहा, ‘यह वही करवीर नगरी है, जहां माता अंबाबाई सदियों से विराजमान हैं। महाराष्ट्र सरकार द्वारा मंदिर के जीर्णोद्धार और भव्य कॉरिडोर निर्माण का कार्य शुरू किया जा रहा है। इससे कोल्हापुर, महाराष्ट्र और देशभर में माता अंबाबाई के करोड़ों भक्तों में खुशी, उत्साह और भक्ति का अद्भुत माहौल बना है।’
मां अंबाबाई के तीर्थ क्षेत्र कोल्हापुर में प्रदेशवासियों से संवाद कर रहा हूं…
मोदीजींच्या नेतृत्वाखाली गेल्या १२ वर्षांत देश विकास आणि वारशाचा एक सुंदर संगम पाहत आहे. आई अंबाबाईच्या तीर्थक्षेत्र कोल्हापूरमधून मी महाराष्ट्रातील जनतेशी संवाद साधत आहे. https://t.co/hLWQE9PAZz
— Amit Shah (@AmitShah) June 20, 2026
विकास और विरासत संरक्षण का संगम
शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों में देश ने विकास और विरासत संरक्षण का अनूठा संगम देखा है। उन्होंने कहा, ‘मैं माता अंबाबाई की पावन धरती से महाराष्ट्र की जनता से संवाद कर रहा हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकास के साथ-साथ हमारी सांस्कृतिक और धार्मिक धरोहरों को भी नई पहचान मिली है।’
धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
मंदिर विकास परियोजना को कोल्हापुर की धार्मिक, सांस्कृतिक और पर्यटन पहचान को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। परियोजना के पूरा होने के बाद श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं बेहतर होंगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।


