अमरनाथ यात्रा शुरू : LG मनोज सिन्हा ने जम्मू से रवाना किया पहला जत्था

जम्मू, 2 जुलाई। ‘बम-बम भोले’ के जयकारों के बीच आज तड़के अमरनाथ यात्रा की औपचारिक शुरुआत हो गई। जम्मू-कश्मीर के उप राज्यपाल मनोज सिन्हा ने विधिवत पूजा-अर्चना के बाद भगवती नगर स्थित श्री अमरनाथ यात्री निवास बेस कैंप से पहले जत्थे को हरी झंडी दिखाकर श्रीनगर के लिए रवाना किया। कड़ी सुरक्षा के बीच श्रद्धालुओं का पहला जत्था गुरुवार, तीन जुलाई को पवित्र शिवलिंग के दर्शन करेगा।

पहले चरण में लगभग 4500 श्रद्धालुओं का जत्था रवाना

पहले चरण में लगभग 4500 श्रद्धालुओं का जत्था अमरनाथ यात्रा पर रवाना हुआ। उप राज्यपाल ने कहा, ‘एक बार फिर जम्मू में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का आगमन देखने को मिल रहा है। यह आतंकवाद पर एक बहुत बड़ा तमाचा है कि देशभर से श्रद्धालु अमरनाथ यात्रा के लिए जम्मू पहुंच रहे हैं।‘

एलजी ने सभी श्रद्धालुओं को शुभकामनाएं दीं

एलजी मनोज सिन्हा ने सभी श्रद्धालुओं को भगवान शिव के पवित्र निवास तक सुरक्षित और आरामदायक यात्रा की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी के लिए शांति और आशीर्वाद के लिए बाबा अमरनाथ से प्रार्थना की। पहले जत्थे में शामिल एक महिला ने कहा, ‘बहुत ही अच्छा लगा है। हमें इस बात की भी खुशी है कि हम पहले जत्थे के साथ रवाना हो रहे हैं।’

सेना और पीएम मोदी के रहते कोई हमारा ‘बाल भी बांका’ नहीं कर सकता

सुरक्षा के मसले पर श्रद्धालुओं ने कहा, “जब तक हमारी सेना और प्रधानमंत्री मोदी हैं, तब तक कोई हमारा ‘बाल भी बांका’ नहीं कर सकता है। हमें अपनी सेना पर पूरा भरोसा है। एक व्यक्ति ने कहा, “हम लोगों को यही संदेश देंगे कि बिना डर के यहां आएं। बिंदास होकर इस यात्रा के लिए पहुंच सकते हैं।”

निडरता के साथ भक्त यात्रा के लिए निकल कर आ रहे

पुरानी मंडी मंदिर के महंत रामेश्वर दास ने कहा कि यात्रा में लोगों के मन में उत्साह है। लोगों में निडरता है, भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। बाबा के दर्शन के लिए सरकार ने बहुत अच्छी सुविधाएं दी हैं। पहले के मुकाबले इस बार यात्रा अच्छी होगी। निडरता के साथ भक्त यात्रा के लिए निकल कर आ रहे हैं। लोगों में किसी तरह का कोई डर नहीं है। उन्होंने कहा कि आज का दिन उन लोगों के लिए मुंहतोड़ जवाब है, जो इसे कमजोर करने के प्रयास करते हैं। लेकिन मेरा मानना है कि यात्रा इस बार और भी अच्छी होने वाली है।

श्रद्धालु सुरक्षित हाथों में

इस बीच जम्मू-कश्मीर भाजपा अध्यक्ष सतपाल शर्मा ने कहा, ‘हजारों श्रद्धालु बाबा अमरनाथ के दर्शन के लिए यहां आए हैं। सिर्फ दो महीने पहले एक अलग माहौल बना था, लेकिन आज हम देख सकते हैं कि कैसे श्रद्धालु बाबा भोले के नारे लगा रहे हैं। लोगों को विश्वास है कि वे सुरक्षित हाथों में हैं।’

सुरक्षा के कड़े इंतजाम

अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-44) पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। साथ ही चप्पे-चप्पे पर नजर रखी जा रही है।

 

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular