1. Home
  2. हिन्दी
  3. राजनीति
  4. राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अखिलेश यादव का प्रहार, बोले- भाजपा के लिए ‘नेशन नहीं, डोनेशन फर्स्ट’
राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अखिलेश यादव का प्रहार, बोले- भाजपा के लिए ‘नेशन नहीं, डोनेशन फर्स्ट’

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में अखिलेश यादव का प्रहार, बोले- भाजपा के लिए ‘नेशन नहीं, डोनेशन फर्स्ट’

0
Social Share

प्रयागराज, 29 जून। अयोध्या स्थित राम मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर एक तरफ SIT जांच के आधार पर प्रदेश सरकार अब तक चिह्नित आरोपितों के खिलाफ काररवाई में जुटी हुई है और पूरी तरह संदेह के घेरे में आ चुके श्रीराम जन्मभूमि तीर्थक्षेत्र ट्रस्ट के प्रबंधन में आमूलचूल बदलाव की तैयारी चल रही है तो वहीं दूसरी ओर सत्तारूढ़ भाजपा व विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप के तीखे बाण भी चल रहे हैं।

इस क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष अखिलेश यादव कहीं ज्यादा मुखर हैं। रविवार को ही सीएम योगी ने अपने हाथरस दौरे के बीच एक जनसभा में अखिलेश को सलाह दे डाली कि वह रामलला के दर्शन करें, जिससे उन्हें सद्बुद्धि मिलेगी तो इधर प्रयागराज में अखिलेश ने सीएम योगी और केंद्र की भाजपा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा के लिए ‘नेशन नहीं, डोनेशन फर्स्ट’ है। इन्होंने तो अपनी हरकतों से भगवान राम को भी नहीं छोड़ा।

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के अयोध्या दौरों पर तंज कसते हुए कहा कि मुख्यमंत्री ने राम मंदिर जाने का एक नया रिकॉर्ड कायम किया है। उन्होंने जितनी बार वहां का दौरा किया है, उतना शायद ही किसी और ने किया हो, लेकिन हैरानी की बात है कि इतनी कड़ी सुरक्षा और लगातार दौरों के बावजूद वहां करोड़ों रुपये की चोरी हो गई। इसे ही कहते हैं ‘चिराग तले अंधेरा’।

पूर्व सीएम अखिलेश ने सवाल उठाया कि जहां खुद मुख्यमंत्री इतनी मुस्तैदी से नजर रख रहे हैं, वहां यदि ऐसी चोरी हो सकती है तो उन तहसीलों, थानों और जिलों का क्या हाल होगा, जहां सीएम नहीं जाते? वहां किस स्तर पर लूट, खसोट और भ्रष्टाचार चल रहा होगा, इसका अंदाजा आसानी से लगाया जा सकता है।

‘एक मठ से जुड़े हैं चंदा चोरी के तार’

अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि सुनने में आ रहा है कि इस चंदा चोरी के तार एक खास मठ से जुड़े हुए हैं और सारा पैसा उसी मठ में ट्रांसफर किया गया है। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी बंद करके सुनियोजित तरीके से इस चोरी को अंजाम दिया गया ताकि किसी को भनक न लगे। इसमें ऊपर से लेकर नीचे तक के अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों की मिलीभगत है। उन्होंने कहा कि यह सनातन धर्म का घोर अपमान है। सीसीटीवी बंद करके चोरी इसलिए की गई ताकि राज छुपा रहे। लेकिन भगवान राम ने खुद इस चोरी को पकड़वा दिया है।

‘भाजपा के शब्दकोश में न धर्म है और न ही शर्म’

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के मंदिर को लेकर आज इतना बड़ा सवाल खड़ा हो गया है और पूरा मीडिया इस पर जवाब मांग रहा है। भाजपा के शब्दकोश में न तो धर्म बचा है और न ही शर्म। इस सरकार में असली संतों को अपमानित किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार अपनी कमियों पर सवाल उठाने वालों को डराने के लिए सरकारी एजेंसियों का सहारा लेती है।

सीएम योगी की अखिलेश यादव को सलाह- ‘रामलला के दर्शन करें, सद्बुद्धि मिलेगी’

अखिलेश यादव ने लखनऊ में हुए हालिया अग्निकांड का भी जिक्र करते हुए कहा कि यदि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम होते तो इतने मासूम बच्चों की जान नहीं जाती। आग बुझाने पहुंचे फायर ब्रिगेड के जवानों के पास पर्याप्त उपकरण तक नहीं थे और वे निहत्थे लड़ रहे थे, जिसके कारण धुएं से दम घुटने से मौतें हुईं।

पेपर लीक पर भी उठाए सवाल

पेपर लीक पर भी सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि इससे गरीब परिवार के बच्चों का भविष्य अंधकार में जा रहा है। स्कूलों में पढ़ाई ठप है और बच्चे कोचिंग के भरोसे हैं, जहां सरकार अपने हिसाब से नियम थोपकर दबाव बना रही है। अब पेपर लीक की चर्चा दबाने के लिए कोचिंग संस्थानों पर काररवाई की गाज गिराई जा रही है। अखिलेश ने यह भी कहा कि मुख्यमंत्री के गृह जनपद गोरखपुर और आसपास के इलाकों में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बंद होने की कगार पर हैं, जिससे जनता परेशान है।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code