1. Home
  2. हिंदी
  3. चुनाव
  4. अखिलेश यादव का दावा : भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी जनता, यूपी में हम 79 जीतेंगे’
अखिलेश यादव का दावा : भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी जनता, यूपी में हम 79 जीतेंगे’

अखिलेश यादव का दावा : भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी जनता, यूपी में हम 79 जीतेंगे’

0
Social Share

लखनऊ, 15 मई। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी (SP) के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा गठबंधन पर तीखा हमला करते हुए बुधवार को दावा किया कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के लिए जो जनसमर्थन दिखाई दे रहा है, उससे साफ है कि आने वाले समय में 140 करोड़ के देश की जनता भाजपा को 140 सीटों के लिए तरसा देगी। भाजपा के रथ का चक्‍का न सिर्फ फंस गया है बल्कि धंस गया है, इसलिए उनकी भाषा बदली है।

वाराणसी का नाम लिए बिना तंज कसा – क्‍योटो में गठबंधन लड़ाई में है

कांग्रेस के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष मलिकार्जुन खरगे के साथ यहां एक संयुक्‍त प्रेस कांफ्रेन्‍स को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने यह भी दावा किया कि I.N.D.I.A. गठबंधन यूपी में 79 सीटें जीत रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र वाराणसी का नाम लिए बगैर सपा प्रमुख ने तंज कसा कि क्‍योटो में गठबंधन लड़ाई में है। जो उन्‍हें अपने काम पर वोट मांगना था… उन्‍होंने अपने भाषणों की भाषा बदल दी है। चार जून को I.N.D.I.A. गठबंधन की सरकर बनेगी।

चौथे चरण के बाद अपने ही निगेटिव नैरेटिव में उलझ गई है भाजपा

अखिलेश यादव ने कहा कि चौथे चरण का चुनाव खत्‍म हो गया है। भाजपा का झूठ जितना पहाड़ चढ़ना था, चढ़ चुका है। अब चोटी से अब लुढ़कना शुरू हो गया है। उनका काउंट डाउन के साथ-साथ माउंटेन डाउन भी शुरू हो गया है। भाजपा अपने ही निगेटिव नैरेटिव में उलझ गई है। 10 साल दिल्‍ली और सात साल यूपी की सरकार में उनकी हर बात, हर वादा झूठा निकला। हाल में हमने उनका जो चुनाव देखा है। उनकी बूथ कमेटियां लूट कमेटी की तरह काम करने लगी हैं। अखिलेश यादव ने मीडिया को लेकर भी टिप्‍पणी करते हुए कहा कि चार जून को मीडिया मुक्ति का भी दिन होगा।

लखीमपुर कांड को किसान भूले नहीं हैं

किसानों का मुद्दा उठाते हुए अखिलेश यादव ने लखीमपुर खीरी कांड की याद दिलाई और कहा कि थार से किसानों की जो जान गई, उसे किसान भूला नहीं है। तमाम किसानों ने देश में आत्‍महत्‍या की है। बुंदेलखंड में बड़ी संख्‍या में किसानों ने आत्‍महत्‍या की है। वहां भाजपा का खाता नहीं खुलने वाला है।

‘देश की जनता लोकतंत्र बचाएगी, भाजपा को हराएगी

अखिलेश ने पेपर लीक का भी मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे प्रभावित नौजवान और उनके परिवार भाजपा के खिलाफ है। व्‍यापारी, किसान, नौजवान सब भाजपा के खिलाफ है। ये कहते हैं वैक्‍सीन वापस ले लेंगे। शरीर में जो वैक्‍सीन चली गई, वो कैसे वापस लेंगे। हर संस्‍था को इन्‍होंने खत्‍म कर दिया। ये संविधान को खत्‍म करने के रास्‍ते पर हैं। देश की जनता लोकतंत्र बचाएगी। भाजपा को हराएगी।

खरगे बोले – 4 जून को I.N.D.I.A. गठबंधन नई सरकार बनाने जा रही

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने भी सपा प्रमुख से पहले प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए विपक्षी गठबंधन की सरकार बनने का दावा किया। खरगे ने कहा, ‘चार चरण के चुनाव संपन्न हो चुके हैं, I.N.D.I.A. मजबूत स्थिति में है। जनता ने पीएम मोदी की विदाई तय कर दी है। मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि चार जून को I.N.D.I.A. गठबंधन नई सरकार बनाने जा रही है। 2024 का चुनाव सबसे महत्वपूर्ण चुनाव है, यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है। यह दो विचारधाराओं के बीच का चुनाव है। एक तरफ गरीबों के लिए लड़ने वाली पार्टियां हैं तो दूसरी तरफ वो लोग जो धर्म के आधार पर लड़ रहे हैं।’

यह चुनाव संविधान और लोकतंत्र बचाने का चुनाव है

खरगे ने कहा, ‘हमने (कांग्रेस) देश को बहुत कुछ दिया है। महात्मा गांधी ने आजादी दिलाई, जवाहर लाल नेहरू ने लोकतंत्र की बुनियाद डाली, डॉ. बाबा साहब अंबेडकर ने संविधान लिखा… ये लोग (भाजपा) इसे बदलने की कोशिश कर रहे हैं… हम ये नहीं कहते कि हमारे पास इसे साबित करने के लिए कोई सबूत नहीं है। पहली बार RSS के नेता मोहन भागवत ने कहा था कि अगर हम आएंगे तो हम संविधान में बदलाव लाएंगे….।’

LEAVE YOUR COMMENT

Your email address will not be published.

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code