एक दिनी सीरीज : पेसरों के बाद विराट अड़े, टीम इंडिया ने बारिश बाधित पहले मैच में कीवियों को 5 विकेट से मात दी

ऑकलैंड, चार नवम्बर। टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड दौरे में टी20 सीरीज कब्जाने के बाद बुधवार को यहां एक दिनी सीरीज में भी श्रेष्ठ शुरुआत की और बारिश से बाधित पहले दिवा-रात्रि मुकाबले में मेजबानों 56 गेंदों के शेष रहते पांच विकेट से हराने के साथ 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मेहमानों की इस प्रभावी जीत में अर्शदीप सिंह (4-70) की अगुआई में पेसरों की मारक गेंदबाजी के बाद अर्धशतकवीर विराट कोहली (74 रन, 51 गेंद, एक छक्का, 13 चौके) ने अहम भूमिका निभाई।

अर्शदीप, गुरनूर व अंशुल के सामने न्यूजीलैंड 185 पर सीमित

ईडन पार्क में पहले बल्लेबाजी पर बाध्य मेजबान दल अर्शदीप, गुरनूर ब्रार (3-44) व किफायती गेंदबाजी से ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने अंशुल कंबोज (2-22) के सामने 40.2 ओवरों में 185 रनों पर ही सीमित हो गई। इस दौरान टिम साइफर्ट (38 रन, 43 गेंद, दो छक्के, तीन चौके) सर्वोच्च स्कोरर रहे।

बारिश की दो बाधाओं के बाद भारत ने दर्ज की आसान जीत

कमजोर लक्ष्य के सामने भारत की जवाबी काररवाई के दौरान बारिश के कारण मैच दो बार बाधित हुआ। पहली बार खेल रोका गया तो भारत ने 10.5 ओवरों में एक विकेट पर 54 रन बनाए थे और दोबारा 12 ओवरोबाद खेल रुका तो स्कोर 1-64 था। इसके बाद DLS के तहत भारत को 32 ओवरों में 143 रनों का संशोधित लक्ष्य मिला, जिसे टीम ने 22.4 ओवरों में पांच विकेट खोकर हासिल कर लिया।

रोहित खाता नहीं खोल सके, विराट-शुभमन की शतकीय भागीदारी

हालांकि भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही क्योंकि एक दिनी सीरीज से विराट संग टीम में वापसी करने वाले पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (शून्य) खाता खोले बिना पहले ही ओवर में काइल जैमिसन के शिकार हो गए। फिलहाल कप्तान शुभमन गिल (37 रन, 56 गेंद, पांच चौके) और कोहली ने न सिर्फ पारी संभाली वरन 104 गेंदों पर 113 रनों की साझेदारी से दल को गति पकड़ा दी।

कोहली ने जड़ा 80वां पचासा

जीवन के 38 वर्ष पूर्ण करने से एक दिन पहले वनडे अंतरराष्ट्रीय करिअर का 80वां पचासा जड़ने वाले विराट व गिल के क्रीज पर रहते एकबारगी लगा कि टीम नौ विकेट से जीत हासिल कर लेगी। लेकिन नैथन स्मिथ ने 19वें ओवर में 114 के स्कोर पर गिल को विकेट के पीछे कैच करा यह भागीदारी तोड़ी तो 22 रनों की वृद्धि पर चार बल्लेबाज लौट गए। इनमें जैकब डफी (3-49) ने सात गेंदों के भीतर कोहली, अक्षर पटेल (शून्य) व श्रेयस अय्यर (15 रन, 13 गेंद, एक छक्का, एक चौका) को लौटा दिया। फिलहाल केएल राहुल (नाबाद तीन रन) व नमन धीर (नाबाद पांच रन, एक चौका) ने जीत की औपचारिकता पूरी कर दी।

स्कोर कार्ड

इसके पूर्व कीवी पारी में अर्शदीप ने विल यंग (नौ रन, दो चौके) व हेनरी निकोल्स (नौ रन, दो चौके) को ज्यादा दूर नहीं जाने दिया। हालांकि साइफर्ट व डेरिल मिचेल (28 रन, 41 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) संग 33 रनों की साझेदारी से स्कोर बढ़ाने की कोशिश की। लेकिन गुरनूर ने 15वें ओवर में 73 के स्कोर पर साइफर्ट को निबटाया तो लाइन ही लग गई।

अंतिम विकेट पर टिकनर व डफी ने सबसे ज्यादा 39 रन जोड़े

एक समय 36वें ओवर में ग्लेन फिलिप्स (30 रन, 51 गेंद, एक छक्का, दो चौके) सहित नौ बल्लेबाज 146 रनों पर लौट चुके थे। खैर, 11वें क्रम पर उतरे ब्लेयर टिकनर (34 रन, 23 गेंद, चार छक्के, एक चौका) व जैकब डफी (नाबाद 15 रन, 21 गेंद, तीन चौके) ने 39 रनों की सबसे बड़ी भागीदारी से टीम को 185 तक पहुंचाया।

वेलिंगटन में सात नवम्बर को दूसरा वनडे खेला जाएगा

दोनों टीमें अब वेलिंगटन जाएंगी, जहां सात नवम्बर को दूसरा वनडे खेला जाएगा। उसके बाद हैमिल्टन (10 नवम्बर) व  माउंट मॉनगनुई (13 व 15 नवम्बर) में मुकाबले होंगे। अंत में दो टेस्ट मैचों के साथ सीरीज की लगभग सवा माह लंबी सीरीज का समापन होगा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular