BJP अध्यक्ष नितिन नवीन पहुंचे मथुरा, कहा- उत्तर प्रदेश में फिर बनेगी भाजपा की सरकार
मथुरा, 25 जनवरी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने रविवार को कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल देश को आगे बढ़ाया है, बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भी चिंता की है। नबीन ने यह भी दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनेगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद पहली बार भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा पहुंचे नितिन नबीन ने कहा, “आज जब मैं यहां आ रहा था तो देखकर लगा कि पहले विदेशों में जैसी सड़कें होती थीं, उससे बेहतर सड़कें अब उत्तर प्रदेश में हैं।”
उन्होंने कहा, “यह इस बात का प्रमाण है कि देश कैसे बदल रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने न केवल इस देश को आगे बढ़ाया है, बल्कि अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भी चिंता की है।” नबीन ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय के सिद्धांत का उल्लेख करते हुए कहा कि आज यह कहा जा सकता है कि प्रधानमंत्री अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को केंद्र में रखकर विकास की चिंता करते हैं।
नितिन नबीन रविवार को यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली से मथुरा पहुंचे, जहां मांट क्षेत्र के बाजना कट पर कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। उन्होंने कहा, “मैं मांट विधानसभा के लोगों से मिलने पहले भी आया था। आज हम (फिर) यहां आए हैं…ऊपर वाले का आशीर्वाद है कि मेरा (भाजपा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद) पहला कार्यक्रम भगवान श्रीकृष्ण की जन्मस्थली मथुरा में हुआ है।”
स्वागत सभा में नबीन ने कहा, ”मैं 2022 (विधानसभा चुनाव) में अपने मित्र राजेश चौधरी के लिए वोट मांगने मांट आया था और आपने उन्हें चुनकर मुझे कर्जदार बना दिया। इसीलिए राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के साथ ही मैंने यहां आकर आपका आभार व्यक्त करने का फैसला किया।” उन्होंने कहा, ”इतने कम समय में इतनी बडी संख्या में पहुंच कर आप लोगों ने यह दिखा दिया कि राज्य में भाजपा की सरकार कितनी लोकप्रिय है और जनता की भलाई के लिए कार्य कर रही है।”
नबीन ने दावा किया, “इससे मैं पूरे विश्वास के साथ कह सकता हूं कि 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की ही सरकार यहां बन रही है। यह संदेश आज मांट (मथुरा) की धरती से पूरे प्रदेश में चला गया है।” भाजपा अध्यक्ष ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आज भारत को विकास के पथ पर आगे बढ़ा रहे हैं। आइए, इस राज्य और देश के विकास में अपना योगदान दें।”
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री जी हमेशा कहते हैं कि यदि मैं एक कदम आगे बढ़ता हूं और मेरे साथ देश की 140 करोड़ जनता चलती है, तो देश को विकास के पथ पर आगे बढ़ने से कोई ताकत नहीं रोक सकती।” राष्ट्रीय अध्यक्ष ने प्रधानमंत्री के ‘2047 तक विकसित भारत’ संकल्प का जिक्र करते हुए कहा, ”उनका यह सपना हम सभी को मिलकर पूरा करना है। प्रधानमंत्री ने ग्रामीण विकास के लिए संचालित योजना ‘वी-बी जी राम जी’ (विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन ग्रामीण) का नया कानून बनाकर हर ग्रामीण परिवार के लिए 125 दिन का रोजगार सुनिश्चित कर उनका सम्मान बढाया है।”
उन्होंने कहा कि देश के गरीब व निर्बल वर्ग के किसान, मजदूर, महिलाएं और युवा आदि सभी वर्ग के लोग भाजपा की नीतियों से सीधे लाभान्वित हो रहे हैं। उत्तर प्रदेश विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है’। नबीन ने कहा, “लोगों ने देखा है कि पहले जब विश्व की राजनीतिक हस्तियों के सामने देश का प्रधानमंत्री खड़ा होता था, तो वह आंख मिलाकर बात नहीं कर पाता था, लेकिन अब वह दौर खत्म हो चुका है। आज नरेन्द्र मोदी पूरे विश्व में भारत का नेतृत्व कर रहे हैं और देश का सम्मान वैश्विक स्तर पर बढ़ा है।”
इससे पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, भाजपा की उत्तर प्रदेश इकाई के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी आदि नेताओं का ढोल-नगाड़ों के साथ का भव्य स्वागत किया गया। भाजपा नेताओं को स्थानीय भाजपाईयों द्वारा जेसीबी मशीनों से पुष्पवर्षा किया जाना कुछ ज्यादा ही भाया, जिसकी उन्होंने अपने संबोधन में कई बार चर्चा की।
तय कार्यक्रम के अनुसार, भाजपा अध्यक्ष मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी के साथ वृन्दावन मार्ग पर स्थित बेंगलुरु इस्कॉन के श्री वृन्दावन चंद्रोदय के दर्शन कर प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम का प्रसारण सुना और उसके उपरांत वह ठाकुर बांकेबिहारी के दर्शन के लिए पहुंचे।
