1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. आईपीएल-19 : अभिषेक ने पूरे 20 ओवरों तक टिक कर ठोका धांसू शतक, DC पर प्रभावी जीत से SRH तीसरे स्थान पर उछला
आईपीएल-19 : अभिषेक ने पूरे 20 ओवरों तक टिक कर ठोका धांसू शतक, DC पर प्रभावी जीत से SRH तीसरे स्थान पर उछला

आईपीएल-19 : अभिषेक ने पूरे 20 ओवरों तक टिक कर ठोका धांसू शतक, DC पर प्रभावी जीत से SRH तीसरे स्थान पर उछला

0
Social Share

हैदराबाद, 21 अप्रैल। विस्फोटक ओपनर अभिषेक शर्मा ने मंगलवार की रात यहां राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में पूरे 20 ओवरों तक क्रीज पर रुकते हुए धांसू शतक (नाबाद 135 रन, 68 गेंद, 10 छक्के, 10 चौके) से सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को पहाड़ सरीखा स्कोर प्रदान कर दिया, जो दिल्ली कैपिटस्स (DC) के लिए अप्राप्य साबित हुआ। इस क्रम में अक्षर पटेल एंड कम्पनी 47 रनों से हार गई जबकि ईशान किशन की टीम ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग (IPL-19) में लगातार तीसरी और कुल चौथी जीत से स्वयं को तीसरे स्थान पर ला खड़ा किया।

अभिषेक की 3 बहुमूल्य साझेदारियों से हैदराबाद ने ठोक दिए 242 रन

पहले बल्लेबाजी पर बाध्य एसआरएच ने अभिषेक के आईपीएल में दूसरे शतक और ट्रैविस हेड (37 रन, 26 गेंद, दो छक्के, दो चौके), कप्तान ईशान किशन (25 रन, 13 गेंद, एक छक्का, दो चौके) व हेनरिच क्लासेन (नाबाद 37 रन, 13 गेंद, तीन छक्के, तीन चौके) संग उनकी तीन धाकड़ अर्धशतकीय भागीदारियों की मदद से दो विकेट पर ही 242 का मजबूत स्कोर खड़ा किया।

मलिंगा व हर्ष के सामने 195 रनों तक जा सकी दिल्ली टीम

जवाब में दिल्ली कैपिटल्स की टीम नीतीश राणा (57 रन, 30 गेंद, तीन छक्के, सात चौके), समीर रिजवी (41 रन, 28 गेंद, दो छक्के, दो चौके) व केएल राहुल (37 रन, 23 गेंद, तीन छक्के, एक चौका) की कोशिशों के बावजूद ईशान मलिंगा (4-32) व हर्ष दुबे (3-12) के सामने नौ विकेट पर 195 रनों तक जाकर ठहर गई।

चौथी जीत से एसआरएच अग्रिम कतार में शामिल

एसआरएच की सात मैचों में यह लगातार तीसरी व कुल चौथी जीत थी और अब उसके शीर्षस्थ पंजाब किंग्स (11 अंक) के पीछे आरसीबी और राजस्थान रॉयल्स के बराबर आठ अंक हो गए हैं। हालांकि नेट रन रेट के आधार पर आरसीबी दूसरे, एसआरएच तीसरे व आरआर चौथे स्थान पर है। साथ ही आरसीबी व राजस्थान ने अभी हैदराबाद से एक कम यानी छह-छह मैच खेले हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स की छह मैचों में यह तीसरी पराजय है और वह छह अंकों के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गया है।

नीतीश व राहुल ने दूसरे विकेट पर जोड़े 86 रन

दिल्ली कैपिटल्स की पारी देखें तो पथुम निसांका (आठ रन, छह गेंद, एक छक्का) के तीसरे ही ओवर में निकल जाने के बाद नीतीश राणा व केएल राहुल ने दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों पर 86 रनों की साझेदारी की। लेकिन शाकिब हुसैन ने 10वें ओवर में राहुल को लौटाकर यह साझेदारी तोड़ी तो पारी लड़खड़ा गई क्योंकि 107 के ही योग पर चार गेंदों के भीतर तीन बल्लेबाज निकल गए। इस कड़ी में मलिंगा ने अगले ओवर की पहली दो गेंदों पर नीतीश व पिछले मैच के हीरो डेविड मिलर (शून्य) को चलता कर दिया।

स्कोर कार्ड

समीर रिजवी ने पांचवें विकेट पर ट्रिस्टन स्टब्स (27 रन, 16 गेंद, एक छक्का, तीन चौके) संग 33 गेंदों पर 59 रनों की साझेदारी से मामला संभालने की कोशिश की, लेकिन रन रेट पहुंच से बाहर भागा जा रहा था और मलिंगा का साथ निभाते हुए हर्ष ने अंतिम ओवर में तीन विकेट लेकर दिल्ली कैपिटल्स को मायूस कर दिया।

अभिषेक ने अपनी धाकड़ शतकीय पारी के दौरान बनाए कई रिकॉर्ड

इसके पूर्व हैदराबाद की पारी में तो अभिषेक का ही जलवा रहा, जिन्होंने हमवतन विराट कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी करते हुए टी20 में नौवां शतक जड़ दिया। इस क्रम में वह टी20 में चार बार 130+ का स्कोर करने वाले दुनिया के इकलौते बल्लेबाज बने। इसके साथ ही वह आईपीएल में सबसे ज्यादा नौ पारियों में छह से अधिक छक्के जड़ने वाले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं।

अभिषेक ने हेड, किशन व क्लासेन संग कीं बड़ी अर्धशतकीय भागीदारियां

मौजूदा सत्र में दो पचासा पहले ही जड़ चुके ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अभिषेक ने अपनी इस धाकड़ पारी के दौरान ट्रैविस हेड के साथ पहले विकेट के लिए 53 गेंदों पर 97 रन ठोके तो ईशान किशन व उनके के बीच दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों पर 79 रन आ गए। फिर अभिषेक व क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों पर अटूट 66 रनों की एक और तेज साझेदारी से टीम को 240 के पार पहुंचा दिया। दिल्ली को एकमात्र विकेट अक्षर पटेल ने दिलाया जबकि किशन रन आउट हुए।

बुधवार का मैच : लखनऊ सुपर जाएंट्स बनाम राजस्थान रॉयल्स (लखनऊ, शाम 7.30 बजे)।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code