AAP के राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा ने खुद पर लगे आरोपों का दिया ‘धुरंधर’ जवाब- ‘घायल हूं…इसलिए घातक हूं?’
नई दिल्ली, 4 अप्रैल। राज्यसभा में आम आदमी पार्टी (AAP) के उपनेता पद से हटाए जाने के बाद सांसद राघव चड्ढा और AAP नेताओं के बीच तनातनी जारी है। इस क्रम में चड्ढा ने शनिवार को सुनियोजित अभियान के तहत उन पर लगाए जा रहे आरोपों का खंडन किया और एक नए वीडियो संदेश में रणवीर सिंह अभिनीत सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ के एक लोकप्रिय संवाद के रूप में चेतावनी युक्त जवाब दिया।
‘मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता’
राघव चड्ढा ने इस वीडियो संदे में खुद के खिलाफ तीन झूठे आरोपों का जिक्र किया है। विपक्ष के नेताओं के साथ राज्यसभा से वॉकआउट न करना, मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न करना और डर के मारे गैर-जरूरी मुद्दों को उठाना। उन्होंने कहा, ‘मैं बोलना नहीं चाहता था, लेकिन चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता।’
‘मेरे खिलाफ सुनियोजित अभियान चलाया जा रहा’
राज्यसभा सदस्य चड्ढा ने कहा कि उनके खिलाफ ‘सुनियोजित अभियान’ चलाया गया है। आरोपों को ‘झूठा’ करार देते हुए चड्ढा ने कहा, ‘मैंने हमेशा संसद में जनता से जुड़े मुद्दों को उठाया है। मैं वहां सरकार पर दबाव डालने के लिए हूं, हंगामा करने के लिए नहीं।’
मैं बोलना नहीं चाहता था, मगर चुप रहता तो बार-बार दोहराया गया झूठ भी सच लगने लगता।
Three Allegations. Zero Truth.
My Response: pic.twitter.com/tPdjp04TLt
— Raghav Chadha (@raghav_chadha) April 4, 2026
‘यह झूठ है कि मैंने विपक्ष के साथ वॉकआउट नहीं किया’
उन्होंने कहा, ‘यह झूठ है कि मैंने विपक्ष के साथ वॉकआउट नहीं किया। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे एक भी ऐसा उदाहरण साबित करें, जब मैंने विपक्ष के साथ वॉकआउट नहीं किया। दूसरा, उन्होंने मुझ पर मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पर हस्ताक्षर न करने का आरोप लगाया। आम आदमी पार्टी ने मुझसे प्रस्ताव पर हस्ताक्षर करने के लिए नहीं कहा था। वास्तव में 10 सांसदों में से 6-7 सांसदों ने प्रस्ताव पर हस्ताक्षर नहीं किए। तो फिर सिर्फ मुझे ही क्यों निशाना बनाया जा रहा है?’
‘मैं हंगामा करने के लिए नहीं, वरन लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए संसद में हूं’
केंद्र से डरने के आरोप पर राघव चड्ढा ने कहा, ‘मैं उन्हें बता दूं कि मैं हंगामा करने के लिए संसद नहीं हूं। मैं लोगों के मुद्दों को उठाने के लिए वहां हूं। मैंने जीएसटी, आयकर, पंजाब में पानी की समस्या और यहां तक कि मासिक धर्म स्वास्थ्य जैसे मुद्दों पर भी बात की है।’
राघव चड्ढा ने सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ में रणवीर सिंह के मशहूर डायलॉग का इस्तेमाल करते हुए कहा, ‘मैं करदाताओं के पैसे से संसद में हूं। ये सभी आरोप झूठे हैं और सभी सवालों के जवाब दिए जाएंगे। मैं घायल हूं, इसलिए घातक हूं।’ चड्ढा का यह नया वीडियो बयान AAP द्वारा राज्यसभा में उन्हें बोलने से रोकने के आरोप में उनकी आलोचना करने के एक दिन बाद आया है।
चड्ढा ने अपने सोशल मीडिया पर साझा किए गए संदेश में पूछा, ‘जब भी मुझे संसद में बोलने का मौका मिलता है, मैं जनहितैषी मुद्दों पर बोलता हूं। मैं ऐसे मुद्दे उठाता हूं, जिन पर आमतौर पर संसद में चर्चा नहीं होती। क्या जनहितैषी मुद्दों पर बोलना गलती है? क्या मैंने कुछ गलत किया है?’
