
AAP ने अब राहुल गांधी को भी बताया भ्रष्ट; नए पोस्टर में लिखा – अरविंद केजरीवाल नहीं बख्शेंगे
नई दिल्ली, 25 जनवरी। विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के घटक दलों के बीच उभरती दरार दिल्ली विधानसभा चुनाव के दौरान और चौड़ी हो गई है। इसका अंदाजा सहज ही लगाया जा सकता है कि सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी (AAP) और कांग्रेस एक-दूसरे पर जोरदार प्रहार कर रहे हैं। कांग्रेस ने जहां शराब घोटाले से जुड़ा एक ऑडियो जारी किया था वहीं अब AAP ने एक पोस्टर जारी कर कांग्रेस नेता राहुल गांधी को भ्रष्ट बता दिया है। साथ ही लिखा है कि केजरीवाल उन्हें नहीं बख्शेंगे।
यह पहली बार है, जब दिल्ली में सत्तारूढ़ पार्टी ने राहुल गांधी को भ्रष्ट बताया है। हालांकि, I.N.D.I.A. ब्लॉक के ये दोनों घटक दल दिल्ली चुनाव में दोनों आमने-सामने खड़े हैं। ‘आप’ की ओर से जारी किए गए नए पोस्टर में लिखा है, ‘केजरीवाल की ईमानदारी सारे बेईमानों पर पड़ेगी भारी।’
एक अकेला पड़ेगा सब पर भारी 🔥 pic.twitter.com/5jkvWaDXt4
— AAP (@AamAadmiParty) January 25, 2025
पोस्टर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रमेश बिधूड़ी, वीरेंद्र सचदेवा और अनुराग ठाकुर और अन्य भाजपा नेता भी शामिल हैं। वहीं, कांग्रेस के नेताओं में राहुल गांधी, अजय माकन और संदीप दीक्षित शामिल हैं।
दिलचस्प तो यह है कि विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के अन्य सहयोगियों – शिव सेना (यूबीटी), समाजवादी पार्टी और तृणमूल कांग्रेस ने भी कांग्रेस के बजाए ‘आप’ का समर्थन किया है। इससे दोनों पार्टियों के बीच मनमुटाव और बढ़ गया है। दिल्ली विधानसभा में नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (सीएजी) की रिपोर्ट पेश करने में देरी और कथित शराब घोटाले का हवाला देते हुए कांग्रेस दिल्ली में विकास की कमी और भ्रष्टाचार को लेकर ‘आप’ को घेर रही है।
अलका लांबा ने केजरीवाल को I.N.D.I.A. ब्लॉक छोड़ने की चुनौती दी
कालकाजी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने शनिवार को केजरीवाल को I.N.D.I.A. ब्लॉक छोड़ने की चुनौती दी। लांबा ने आरोप लगाते हुए कहा, “कांग्रेस पार्टी 100 सांसदों के साथ मजबूती से खड़ी है और अरविंद केजरीवाल ही हैं, जिन्होंने दिल्ली की सभी सात सीटें भाजपा को दीं। केजरीवाल लोकसभा चुनाव के दौरान गठबंधन के लिए हमारे सामने गिड़गिड़ा रहे थे। कांग्रेस ने दिल्ली की सात सीटों के लिए ‘आप’ से गठबंधन कर सबसे बड़ी गलती की। इससे पार्टी को भारी नुकसान का सामना करना पड़ा।”
AAP प्रवक्ता का आरोप – कांग्रेस ने चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से पैसे लिए
वहीं, आम आदमी पार्टी कांग्रेस पर दिल्ली में भाजपा के साथ गुप्त गठबंधन करने का आरोप लगाती रही है। पार्टी की प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने आरोप लगाया कि कांग्रेस पार्टी ने चुनाव लड़ने के लिए भाजपा से पैसे लिए। उन्होंने कहा कि भाजपा द्वारा काला धन बांटने, वोटर जोड़ने-हटाने के मुद्दे पर कांग्रेस पार्टी चुप है। वे भाजपा के काले कारनामों पर चुप हैं। उन्हें (कांग्रेस) खुले तौर पर भाजपा के साथ अपने अपवित्र गठबंधन की घोषणा करनी चाहिए।