‘आप’ सांसद संजय सिंह की हिरासत अवधि 13 अक्टूबर तक बढ़ी, ईडी ने जांच में सहयोग नहीं करने का लगाया आरोप

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट ने दिल्ली आबकारी नीति घोटाला मामले से संबंधित धनशोधन मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) के सांसद संजय सिंह की प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिरासत अवधि मंगलवार को 13 अक्टूबर तक बढ़ा दी।

विशेष न्यायाधीश एम.के. नागपाल ने केंद्रीय जांच एजेंसी द्वारा दायर एक आवेदन पर यह आदेश दिया। ईडी ने संजय सिंह पर जांच में सहयोग न करने का आरोप लगाते हुए उनकी हिरासत की अवधि पांच दिन बढ़ाने का अनुरोध किया था। फिलहाल अदालत ने मामले की सुनवाई के बाद उनकी हिरासत अवधि तीन दिन और बढ़ा दी।

इसके पूर्व पांच दिनों की ईडी हिरासत के बाद संजय सिंह को अदालत में पेश किया गया। ईडी ने इस आधार पर आगे की हिरासत की मांग की थी कि वह सहयोग नहीं कर रहे हैं। उनके करीबी सर्वेश मिश्र भी सहयोग नहीं कर रहे हैं। एजेंसी ने यह भी कहा कि एकत्र की गई सामग्री से पता चलता है कि शराब लाइसेंस को मंजूरी देने के लिए रिश्वत की मांग की गई थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular