1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. FIH हॉकी विश्व कप : भारत व पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच 19 अगस्त को होगा हाईवोल्टेज मुकाबला
FIH हॉकी विश्व कप : भारत व पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच 19 अगस्त को होगा हाईवोल्टेज मुकाबला

FIH हॉकी विश्व कप : भारत व पाकिस्तान की पुरुष टीमों के बीच 19 अगस्त को होगा हाईवोल्टेज मुकाबला

0
Social Share

लुसान (स्विट्जरलैंड), 18 मार्च। FIH हॉकी विश्व कप 2026 में भारतीय पुरुष टीम 19 अगस्त को पूल-डी के मैच में पाकिस्तान से भिड़ेगी। यह हाईवोल्टेज मुकाबला शाम 6.30 बजे से एम्सटेल्वीन के वेजनर हॉकी स्टेडियम में खेला जाएगा। इस चार-टीम वाले पूल में वेल्स और इंग्लैंड भी शामिल हैं।

विश्व रैंकिंग में 8वें स्थान पर काबिज भारत को पूल डी में अपने पड़ोसी और चार बार के विश्व कप विजेता पाकिस्तान के साथ रखा गया है। इस पूल से शीर्ष पर रहने वाली टीम सीधे क्वार्टर फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी जबकि अगले दो स्थानों पर रहने वाली टीमें क्रॉस-ओवर मुकाबलों में हिस्सा लेंगी।

उल्लेखनीय है कि मंगलवार को एम्स्टर्डम के वेजनर स्टेडियम में एक रोमांचक ड्रॉ सेरेमनी आयोजित की गई थी। इसके बाद, इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन (एफआईएच) ने बुधवार को लुसान स्थित अपने मुख्यालय में विश्व कप के मैचों का पूरा शेड्यूल जारी कर दिया।

भारतीय पुरुष 15 अगस्त को वेल्स से खेलेंगे अपना पहला मैच

1975 का विश्व कप विजेता भारत 16 टीमों वाले पुरुषों के इस टूर्नामेंट में अपना अभियान 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ शुरू करेगा। यह एफआईएच हॉकी विश्व कप का पहला दिन होगा और मैच भारतीय समयानुसार अपराह्न 4.30 बजे शुरू होगा। इसके बाद 17 अगस्त को भारत का मुकाबला चौथी रैंक वाली इंग्लैंड टीम से वेजनर हॉकी स्टेडियम में होगा। इंग्लैंड इसके पूर्व 15 अगस्त को पाकिस्तान से भिड़ेगा। पहले राउंड के मैच 20 अगस्त तक चलेंगे और नॉक-आउट चरण के मैच 21 अगस्त से खेले जाएंगे।

भारतीय महिलाएं 16 अगस्त को चीन खिलाफ अभियान शुरू करेंगी

वहीं भारतीय महिला हॉकी टीम अपना अभियान 16 अगस्त को वेजनर स्टेडियम में एशियाई चैम्पियन चीन के खिलाफ शुरू करेगी, जो विश्व रैंकिंग में चौथे स्थान पर काबिज है। इसके बाद 18 अगस्त को भारतीय महिलाओं का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका से होगा। पहले राउंड में भारत का आखिरी मैच 20 अगस्त को विश्व रैंकिंग में सातवें स्थान पर काबिज इंग्लैंड से होगा। टूर्नामेंट की शुरुआत 15 अगस्त को ऑस्ट्रेलिया और जापान की महिला टीमों के बीच होने वाले उद्घाटन मैच से होगी। यह प्रतियोगिता 30 अगस्त तक चलेगी।

पुरुष और महिला हॉकी विश्व कप पहली बार संयुक्त रूप से होंगे

उल्लेखनीय है कि पुरुष और महिला हॉकी विश्व कप पहली बार संयुक्त रूप से बेल्जियम और नीदरलैंड्स की ओर से आयोजित किए जा रहे हैं। कुल मिलाकर, प्रतियोगिता के पहले दिन दो अलग-अलग वेन्यू एम्सटेल्वीन के वेजनर स्टेडियम और बेल्जियम के वेव्रे स्थित बेल्फियस हॉकी एरेना पर छह मैच खेले जाएंगे। इनमें से तीन मैच पुरुषों के और तीन महिलाओं के होंगे।

भारत सहित 11 देशों की टीमों ने दोनों वर्गों में अर्हता पाई है

भारत के अलावा, नीदरलैंड्स, बेल्जियम, जर्मनी, ऑस्ट्रेलिया, आयरलैंड, अर्जेंटीना, स्पेन, न्यूजीलैंड, जापान और दक्षिण अफ्रीका ने इस प्रतियोगिता के पुरुष और महिला, दोनों ही वर्गों के लिए क्वालीफाई किया है। भारतीय पुरुष टीम ने एशिया कप जीतकर इस टूर्नामेंट में जगह बनाई जबकि महिला टीम ने तेलंगाना के हैदराबाद में आयोजित क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में दूसरा स्थान हासिल करके क्वालीफाई किया।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code