लखनऊ, 28 नवंबर। उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले पुलिस प्रशासन में तबादलों का सिलसिला जारी है। शासन ने दो वरिष्ठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया है। एसके भगत को आगरा जोन के अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय, लखनऊ से संबद्ध किया गया है। वहीं, प्रशांत कुमार को आगरा जोन का नया एडीजी नियुक्त किया गया है।
शासन की ओर से जारी आदेश के मुताबिक, एसके भगत (आईपीएस-आरआर-1998) अब तक अपर पुलिस महानिदेशक, आगरा जोन के पद पर तैनात थे। उन्हें अब मुख्यालय पुलिस महानिदेशक, लखनऊ भेजा गया है। वहीं, प्रशांत कुमार (आईपीएस-आरआर-2000), जो इससे पहले अपर पुलिस महानिदेशक, प्रशासन, उत्तर प्रदेश के पद पर कार्यरत थे, उन्हें आगरा जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
-
इससे पहले 28 आईपीएस अधिकारियों के हुए थे तबादले
इससे पहले शुक्रवार को उत्तर प्रदेश शासन ने पुलिस प्रशासन में बड़ा फेरबदल करते हुए 28 आईपीएस अधिकारियों का तबादला किया था। इस बदलाव में नोएडा और गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर से लेकर लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी तथा कई रेंज के डीआईजी स्तर के अधिकारियों की जिम्मेदारियां बदली गई थीं।
तबादला सूची के अनुसार, गाजियाबाद के पुलिस कमिश्नर जे. रविंदर गौड़ को गौतमबुद्धनगर (नोएडा) का नया पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। वहीं, नोएडा की पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह को गाजियाबाद भेजा गया। लक्ष्मी सिंह करीब चार वर्षों से गौतमबुद्धनगर में पुलिस आयुक्त की जिम्मेदारी संभाल रही थीं।
-
लखनऊ और बरेली जोन के एडीजी भी बदले गए
प्रशासनिक फेरबदल के तहत लखनऊ जोन के एडीजी प्रवीण कुमार को बरेली जोन का एडीजी नियुक्त किया गया था। वहीं, बरेली जोन के एडीजी रमित शर्मा को लखनऊ जोन की जिम्मेदारी सौंपी गई।
इसके अलावा लखनऊ रेंज के आईजी किरण एस को वाराणसी का पुलिस कमिश्नर बनाया गया था। अलीगढ़ रेंज के डीआईजी प्रभाकर चौधरी को लखनऊ रेंज भेजा गया।
-
प्रयागराज और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर की भी बदली जिम्मेदारी
तबादला सूची में प्रयागराज और वाराणसी के पुलिस कमिश्नर के नाम भी शामिल थे। प्रयागराज के पुलिस कमिश्नर पीयूष मोर्डिया को एडीजी स्थापना, उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी दी गई थी। वहीं, वाराणसी के पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल को प्रयागराज का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया था।
-
चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी
अधिकारियों के मुताबिक, पुलिस प्रशासन में किए जा रहे इन बदलावों का उद्देश्य प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना और विधानसभा चुनाव से पहले कानून-व्यवस्था को चुस्त-दुरुस्त रखना है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी पुलिस महकमे में कुछ और तबादले हो सकते हैं।


