वाराणसी, 27 नवम्बर। उप राष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन शनिवार को धर्म व संस्कृति की नगरी काशी में उत्तर व दक्षिण भारत की सांस्कृतिक एकता के प्रतीक बन चुके काशी तमिल संगमम् के पांचवें संस्करण का नमो घाट पर उद्घाटन करेंगे। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहेंगे।

तमिलनाडु से करीब 1500 अतिथियों व प्रतिभागियों के आगमन की उम्मीद
काशी तमिल संगमम्-5 के तहत अगले 12 दिसम्बर तक चलने वाले 15 दिवसीय आयोजन को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में हैं। इस बार तमिलनाडु से करीब 1400 से 1500 अतिथियों और प्रतिभागियों के काशी पहुंचने की संभावना है।
सीएम योगी बीएचयू परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करेंगे
वाराणसी मंडल के नवागत आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने तैयारियों की जानकारी देते हुए बताया कि उद्घाटन समारोह में उप राष्ट्रपति के साथ मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री, भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान और काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के अधिकारी सहित कई गणमान्य लोग शामिल होंगे। मुख्यमंत्री बीएचयू परिसर में आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन करने के साथ उसका अवलोकन भी करेंगे। नमो घाट पर भी विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

विविध गतिविधियों की जानकारी देने के लिए 150 से अधिक स्टॉल लगेंगे
आयोजन के दौरान विभिन्न विभागों की योजनाओं और गतिविधियों की जानकारी देने के लिए 150 से अधिक स्टॉल लगाए गए हैं। इसके साथ ही शाम को सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और विविध कार्यक्रमों के माध्यम से तमिलनाडु की कला, संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी।
विशेष ट्रेन से आएगा तमिलनाडु का पहला जत्था
काशी तमिल संगमम् में भाग लेने के लिए तमिलनाडु से करीब 300 लोगों का पहला जत्था विशेष ट्रेन से 28 नवंबर की सुबह वाराणसी आएगा। अतिथियों के लिए पांच दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम तैयार किया गया है। पहले दो दिन उन्हें काशी और आसपास के प्रमुख धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का भ्रमण कराया जाएगा। तीसरे दिन प्रतिभागी अयोध्या और चौथे दिन प्रयागराज जाएंगे। इसके बाद वे काशी लौटेंगे और यहां से उनकी विदाई होगी।

थिरुक्कुरल पर आधारित है इस बार की थीम
काशी तमिल संगमम्-5 की थीम ‘थिरुक्कुरल पयिलवोम-थिरुक्कुरल अभ्यास करें’ रखी गई है। थिरुक्कुरल तमिल साहित्य का प्राचीन और प्रसिद्ध ग्रंथ है, जिसमें नैतिकता, जीवन मूल्यों, सदाचार और सामाजिक व्यवस्था से जुड़े विचारों को प्रस्तुत किया गया है। इसके माध्यम से तमिल साहित्य की समृद्ध परंपरा और उसके सार्वभौमिक संदेशों को देशभर के लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।
काशी तमिल संगमम् का प्रमुख उद्देश्य काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने आध्यात्मिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक और ऐतिहासिक संबंधों को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। आयोजन में दोनों क्षेत्रों की भाषा, साहित्य, कला, संगीत, खानपान और परंपराओं का आदान-प्रदान होगा।
मंडल आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन की काशीवासियों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता की अपील
मंडल आयुक्त के. विजेंद्र पांडियन ने काशीवासियों और यहां आने वाले पर्यटकों से आयोजन में बढ़-चढ़कर सहभागिता करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि काशी तमिल संगमम् केवल सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि विविधता में एकता और उत्तर-दक्षिण भारत के आत्मीय संबंधों को मजबूत करने का उत्सव है।


