नई दिल्ली, 27 नवम्बर। अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने समुद्री मार्गों की स्वतंत्र आवाजाही (फ्रीडम ऑफ नेविगेशन) और समुद्री सुरक्षा, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग के प्रति अमेरिका की प्रतिबद्धता दोहराई है। गोर ने राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में शुक्रवार को आयोजित इंडियन ओशन रिम एसोसिएशन (IORA) की 25वीं काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स (COM) बैठक में यह बात कही।
आईओआरए बैठक में अमेरिका का प्रतिनिधित्व करने के बाद गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में लिखा, ‘अपने देश का प्रतिनिधित्व करते हुए आईओआरए की 25वीं काउंसिल ऑफ मिनिस्टर्स बैठक में शामिल होना मेरे लिए सम्मान की बात है। मैंने समुद्री मार्गों की स्वतंत्रता और समुद्री सुरक्षा, ऊर्जा, बुनियादी ढांचे तथा महत्वपूर्ण खनिजों के क्षेत्र में सहयोग के लिए अमेरिका की प्रतिबद्धता दोहराई। खुले और सुरक्षित समुद्री मार्ग वैश्विक व्यापार और समृद्धि के लिए बेहद जरूरी हैं।’
Honored to represent our nation at the 25th IORA Council of Ministers Meeting. I reaffirmed America’s commitment to freedom of navigation and cooperation on maritime security, energy, infrastructure, and critical minerals. Open sea lanes are essential to global trade and prosperity. @IORAofficial
— Ambassador Sergio Gor (@USAmbIndia) November 27, 2026
यह बैठक भारत की आईओआरए 2025-2027 अध्यक्षता के तहत आयोजित की जा रही है। जिसका विषय ‘हिन्द महासागर क्षेत्र में नवाचार, खुलापन, लचीलापन और अनुकूलन क्षमता’ है। आईओआरए के 23 सदस्य देशों में भारत, ऑस्ट्रेलिया, बांग्लादेश, इंडोनेशिया, ईरान, केन्या, मेडागास्कर, कोमोरोस, फ्रांस, मलेशिया, मालदीव, मॉरीशस, मोजाम्बिक, ओमान, सेशेल्स, सिंगापुर, सोमालिया, दक्षिण अफ्रीका, श्रीलंका, तंजानिया, थाईलैंड, संयुक्त अरब अमीरात और यमन शामिल हैं। इसके अलावा, आईओआरए के 12 डायलॉग पार्टनर हैं चीन, मिस्र, यूरोपीय संघ, जर्मनी, इटली, जापान, दक्षिण कोरिया, रूस, सऊदी अरब, तुर्किये, यूनाइटेड किंगडम और संयुक्त राज्य अमेरिका।
बैठक के दौरान गोर ने ऑस्ट्रेलिया के हिन्द महासागर मामलों के विशेष दूत टिम वॉट्स से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के लिए ‘क्वाड’ के माध्यम से लगातार सहयोग बहुत महत्वपूर्ण है। गोर ने ‘एक्स’ पर लिखा, ‘ऑस्ट्रेलिया के विशेष दूत टिम वॉट्स से मिलकर खुशी हुई। हमारे बीच कई समान हित हैं और आगे सहयोग के बड़े अवसर मौजूद हैं। ‘क्वाड’ के जरिए लगातार जुड़ाव अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया दोनों के लिए बहुत महत्वपूर्ण है।’
इसके अलावा उन्होंने मॉरीशस के विदेश मंत्री धनंजय रितिश रामफुल से भी मुलाकात की। दोनों नेताओं ने द्विपक्षीय सहयोग बढ़ाने, समुद्री सुरक्षा और हिन्द महासागर में आपसी समन्वय पर चर्चा की। गोर ने कहा कि हिन्द महासागर क्षेत्र को सुरक्षित बनाए रखने के लिए अमेरिका और मॉरीशस के बीच सहयोग बेहद महत्वपूर्ण है।
अमेरिकी राजदूत ने मालदीव की विदेश मंत्री इरुथिशाम आदम से भी मुलाकात की। दोनों पक्षों ने समुद्री सुरक्षा, समुद्री क्षेत्र की निगरानी (डोमेन अवेयरनेस) और द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा की। उन्होंने कहा, ‘हिन्द महासागर हमारी क्षेत्रीय सुरक्षा और समृद्धि के केंद्र में है। नई दिल्ली में मालदीव की विदेश मंत्री इरुतिशम आदम के साथ अच्छी बैठक हुई, जिसमें समुद्री सुरक्षा, समुद्री निगरानी और अमेरिका-मालदीव सहयोग को और मजबूत करने के अवसरों पर चर्चा हुई।’


