यूपी विधानसभा चुनाव : सपा ने सहारनपुर सहित 5 सीटों के लिए प्रत्याशियों का किया एलान

लखनऊ, 24 नवम्बर। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के मद्देनजर कांग्रेस से सीटों के बंटवारे को लेकर जारी बातचीत के बीच ही पश्चिम उत्तर प्रदेश के सहारनपुर सहित पांच सीटों पर अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है।

पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने पांच विधानसभा सीटों के लिए जिन प्रत्याशियों की सूची जारी की है, उनमें सहारनपुर जिले की बेहट सीट से मौजूदा विधायक उमर अली खान और सहारनपुर देहात से विधायक आशु मलिक को प्रत्याशी बनाया गया है। वहीं, कैराना विधानसभा सीट से नाहिद हसन को चुनाव मैदान में उतारने का फैसला किया गया है। अमरोहा से महबूब अली और ललितपुर से ज्योति लोधी को टिकट दिया गया है।

‘होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान’ का नारा

देखा जाए तो सपा ने उम्मीदवारों की पहली सूची के जरिए पश्चिमी यूपी से लेकर बुंदेलखंड तक पांच सीटों पर अपने प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। पार्टी ने सूची के शीर्ष पर ‘होगा पीडीए के नाम, अबकी एकजुट मतदान’ का नारा दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए इसे सपा की शुरुआती चुनावी रणनीति के तौर पर देखा जा रहा है।

इन 5 में से 2 सीटों पर कांग्रेस उतारना चाहती थी अपने उम्मीदवार

कांग्रेस ने पहले जो 181 उम्मीदवारों की लिस्ट समाजवादी पार्टी को सौंपी थी, उनमें बेहट और सहारनपुर सीट शामिल है। इन दोनों सीटों पर 2022 विधानसभा चुनाव में सपा जीती थी। आज सपा की जारी हुई पहली उम्मीदवारों की लिस्ट में बेहट से मौजूदा विधायक उमर अली ख़ान और सहारनपुर देहात से विधायक आशु मलिक को प्रत्याशी बनाया गया है।

सपा ने शुरुआती तौर पर कांग्रेस को दी हैं 26 सीटें

उल्लेखनीय है कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने आगामी विधानसभा चुनाव साथ मिलकर लड़ने की घोषणा की है। इसी क्रम में मंगलवार को सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर अहम बैठक हुई। इस बैठक में सपा ने 26 सीटें कांग्रेस को देने की बात कही है। सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि जीतने वाली 26 सीटों से बातचीत की शुरुआत हो चुकी है, समझदारी से मिल जुलकर ये बात आगे बढ़ेगी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular