हांगकांग ओपन : लक्ष्य सेन व किदांबी श्रीकांत की कठिन जीत, अस्मिता व रक्षिता भी दूसरे दौर में

कोवलून, 18 नवम्बर। हाइलो ओपन व कुमामोतो मास्टर्स के जरिए BWF विश्व टूर में लगातार दो सुपर 500 खिताब जीतकर उत्साहित भारत के शीर्षस्थ शटलर लक्ष्य सेन एवं पूर्व विश्व नंबर एक किदांबी श्रीकांत ने बुधवार को यहां हांगकांग ओपन सुपर 500 बैडमिंटन टूर्नामेंट में कठिन जीत से अपने अभियान की शुरुआत की।

वहीं अस्मिता चालिहा व रक्षिता श्री संतोष रामराज ने महिला एकल के दूसरे दौर में प्रवेश कर लिया। उधर महिला युगल में त्रीसा जॉली व गायत्री पुलेला गोपीचंद ने भी पहले दौर की बाधा पार की। लेकिन उन्नति हुड्डा सहित कोर्ट पर उतरे अन्य खिलाड़ियों को पहले दौर में हार का सामना करना पड़ा।

लक्ष्य को फ्रांसीसी मेर्केल से 69 मिनट तक जूझना पड़ा

BWF विश्व टूर फाइनल्स का टिकट पाने के लिए तत्पर विश्व नंबर 11 लक्ष्य सेन ने काइ टाक एरेना के कोर्ट नंबर चार पर खेले गए दिन के 10वें मैच में फ्रांसीसी अर्नाड मेर्केल को 69 मिनट तक खिंची कश्मकश के बाद 14-21, 21-16, 25-23 से शिकस्त दी।

श्रीकांत ने कुमामोतो मास्टर्स उपजेता वातानबे को बाहर किया

इसी कोर्ट पर विश्व नंबर 30 किदांबी श्रीकांत को भी तीन गेमों तक संघर्ष करना पड़ा। लेकिन 33 वर्षीय भारतीय शटलर ने 51 मिनट तक चले मुकाबले में अनुभव उड़ेलते हुए विश्व नंबर 15 जापानी कोकी वातानबे को 21-16, 16-21, 21-9 से मात दी। वातानबे को कुमामोतो मास्टर्स के फाइनल में लक्ष्य ने हराया था।

अस्मिता को हमवतन बरुआ ने तीम गेमों तक दौड़ाया

उधर कोर्ट नंबर तीन पर खेले गए दिन के पहले मैच में विश्व नंबर 30 अस्मिता चालिहा को हमवतन ईशारानी बरुआ ने तीन गेमों तक दौड़ाया। चालिहा ने 47 मिनट के संघर्ष में पहला गेम गंवाने के बाद 12-21, 21-13, 21-12 से जीत हासिल की।

रक्षिता ने उच्च रैंकिंग वाली डेनिस शटलर को चौंकाया

हालांकि विश्व रैंकिंग में 47वें नंबर पर काबिज रक्षिता रामराज ने कोर्ट नंबर चार पर खुद से रैंकिंग में 27 स्थान ऊपर डेनिस शटलर मिआ ब्लिचफेल्ट को चौंकाया और सिर्फ 36 मिनट में 21-18, 21-18 से जीत हासिल की।

उन्नति ने आठवीं सीड हान को 57 मिनट तक दौड़ाने के बाद मानी हार

महिला एकल के एक अन्य मुकाबले में विश्व नंबर 23 उन्नति ने आठवीं सीड चीनी हान युइ को 57 मिनट तक कड़ी टक्कर दी और उनसे पहला गेम भी छीना। लेकिन हान ने वापसी की और यह मुकाबला 17-21, 21-19, 21-17 से जीतने में सफल रहीं। वहीं कोर्ट नंबर दो पर विश्व नंबर 42 अनमोल खरब को चतुर्थ वरीय जापानी टोमोका मियाजाकी ने 37 मिनट में 21-16, 21-19 से परास्त किया।

त्रीसा जॉली व गायत्री गोपीचंद की जोड़ी भी आगे बढ़ी

युगल मुकाबलों पर गौर करें तो त्रीसा जॉली व गायत्री पुलेला गोपीचंद की महिला टीम ने आसान जीत से दूसरे दौर में कदम रखा। भारतीय जोड़ी ने हांगकांग की फान का यान व लेयंग युएट यी को 28 मिनट में 21-16, 21-9 से हरा दिया।

लेकिन कोर्ट पर उतरीं अन्य युगल जोड़ियों को हार का सामना करना पड़ा। इनमें ध्रुव कपिला व राधिका शर्मा, हरिहरन अम्साकरुणन व तनिशा क्रास्टो एवं ध्रुव रावत व मनीषा के. की मिश्रित जोड़ियां हारीं तो पुरुष युगल में हरिहरन व एम आर अर्जुन की टीम भी आगे नहीं बढ़ सकी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular