शेयर बाजार में तेजी : सेंसेक्स 512 अंकों की मजबूती से 82,000 के पार, निफ्टी 147 अंक चढ़ा

मुंबई, 16 नवम्बर। घरेलू शेयर बाजार में कारोबारी सप्ताह के पहले दिन सोमवार को तेजी रही और दोनों बेंचमार्क इंडेक्स अच्छी तेजी लेकर बंद हुए। वित्तीय, एफएमसीजी और तेल एवं गैस कम्पनियों के शेयरों में खरीदारी के बीच बीएसई सेंसेक्स 512 अंकों की मजबूती से फिर 82,000 का स्तर पार कर गया जबकि एनएसई निफ्टी 147 अंक चढ़कर 25,300 अंक के निकट जा पहुंचा। विदेशी निवेशकों की लगातार लिवाली और कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट से भी बाजार को समर्थन मिला।

सेंसेक्स 512.34 अंक चढ़कर 82,104.79 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 512.34 अंक यानी 0.63 प्रतिशत बढ़कर 82,104.79 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 719.20 अंक चढ़कर 82,311.65 तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 19 के स्टॉक बढ़त पर रहे 10 में कमजोरी रही।

निफ्टी 146.80 अंक बढ़कर 25,291.10 पर बंद

उधर, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 146.80 अंक यानी 0.58 प्रतिशत बढ़कर 25,291.10 अंक पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 31 के शेयर हरे निशान पर रुके तो 19 में गिरावट दर्ज की गई।

आईटीसी का स्टॉक सबसे ज्यादा 3.78 फीसदी चढ़ा

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में से आईटीसी का स्टॉक सबसे ज्यादा 3.78 फीसदी चढ़ा। भारती एयरटेल, इटर्नल, पावर ग्रिड, एचडीएफसी बैंक और अल्ट्राटेक सीमेंट के शेयर भी प्रमुख रूप से लाभ में रहे। दूसरी तरफ टाटा स्टील, मारुति, इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो) और बजाज फिनसर्व के शेयरों में गिरावट रही।

एफआईआई ने 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

इस बीच शेयर बाजार के आंकड़ों के मुताबिक, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने शुक्रवार को 5,736.55 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे थे। देखा जाए तो विदेशी निवेशकों ने नवम्बर के पहले पखवाड़े में भारतीय शेयर बाजार में जोरदार वापसी करते हुए 84,290 करोड़ रुपये का निवेश किया है। इससे पहले लगातार दो महीनों तक वे शुद्ध बिकवाल रहे थे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का वायदा भाव 0.34 प्रतिशत गिरकर 95.51 डॉलर प्रति बैरल पर आ गया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular