भारत को 2029 चैम्पियंस ट्रॉफी और 2031 एक दिनी विश्व कप की मेजबानी मिली, ICC ने 2035 तक के विंडो को दी मंजूरी

बाली, 15 नवम्बर। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के बोर्ड ने रविवार को 2035 तक प्रस्तावित मुख्य पुरुष क्रिकेट टूर्नामेंटों के आयोजन की ‘विंडो’ को मंजूरी दे दी, जिसके अंर्तगत भारत नौ से 28 अक्टूबर, 2029 तक चैम्पियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा जबकि 2031 में नौ अक्टूबर से 23 नवम्बर तक एक दिनी विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेगा।

भारत व बांग्लादेश 2031 वनडे विश्व कप की संयुक्त मेजबानी करेंगे

देखा जाए तो भारत 2006 के बाद पहली बार चैम्पियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। इसके साथ ही आईसीसी ने 2031 में वनडे विश्व कप की भारत में वापसी की भी पुष्टि कर दी है। भारत ने इससे पहले अक्टूबर-नवम्बर, 2023 में वनडे विश्व कप की मेजबानी की थी। भारत 2031 विश्व कप की संयुक्त मेजबानी बांग्लादेश के साथ मिलकर करेगा। इसके पूर्व 2027 का वनडे विश्व कप अक्टूबर-नवम्बर में दक्षिण अफ्रीका में खेला जाएगा।

2031 के बाद होने वाले टूर्नामेंटों के मेजबान देशों की घोषणा बाद में की जाएगी

हालांकि 2031 के बाद होने वाले टूर्नामेंट के मेजबान देशों की घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनके आयोजन की तारीखें सार्वजनिक कर दी गई हैं। आईसीसी का यह निर्धारित कार्यक्रम 2028 में ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में होने वाले टी20 विश्व कप से शुरू होकर 2035 में होने वाले वनडे विश्व कप तक जारी रहेगा।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजोग गुप्ता ने कहा, ‘आईसीसी के टूर्नामेंटों का पोर्टफोलियो और कार्यक्रम क्रिकेट के वैश्विक ढांचे के महत्वपूर्ण हिस्से हैं। ये इस खेल को और अधिक प्रतिस्पर्धी बनाने के साथ-साथ पूरे क्रिकेट जगत को एक बेहतर दिशा और संदर्भ प्रदान करते हैं।’

उन्होंने कहा, ‘हम खिलाड़ियों और सदस्य देशों को इन टूर्नामेंटों के बारे में लंबे समय पहले जानकारी उपलब्ध कराने के महत्व को भी समझते हैं। इससे खिलाड़ियों के विकास के लिए बेहतर योजनाएं, उच्च प्रदर्शन वाले कार्यक्रम और व्यवस्थित क्रिकेट कैलेंडर तैयार करने में मदद मिलेगी।’

इसके बाद 2035 में होने वाले वनडे विश्व कप का आयोजन भी तय कर दिया गया है। यह टूर्नामेंट अक्टूबर-नवम्बर के दौरान खेला जाएगा, हालांकि इसके मेजबान देश का फैसला अभी नहीं हुआ है।

2028 का टी20 विश्व कप 12 अक्टूबर से 12 नवम्बर तक ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड में आयोजित होगा। फिर इसके अगले चरण का आयोजन 2030 में होगा, जिसकी संयुक्त मेजबानी इंग्लैंड, स्कॉटलैंड और आयरलैंड करेंगे।

इसके बाद 2032 और 2034 में भी टी20 विश्व कप आयोजित किए जाएंगे। हालांकि, इन दोनों टूर्नामेंट के मेजबान देशों और आयोजन स्थलों की घोषणा अभी नहीं की गई है।

विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) का फाइनल 2035 तक हर दो वर्ष में जून माह में आयोजित होता रहेगा। इंग्लैंड 2029 और 2031 के फाइनल की मेजबानी करेगा जबकि 2033 और 2035 के फाइनल के मेजबान देशों की घोषणा बाद में की जाएगी।

2035 तक आईसीसी पुरुष टूर्नामेंटों का कार्यक्रम

  • 2028 : टी20 विश्व कप – ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड (12 अक्टूबर – 12 नवम्बर)।
  • 2029 : विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल – इंग्लैंड (8-12 जून)।
  • 2029 : चैम्पियंस ट्रॉफी – भारत (9-28 अक्टूबर)
  • 2030 : टी20 विश्व कप – इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड (4 जुलाई – 4 अगस्त)।
  • 2031 : विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल – इंग्लैंड (12-16 जून)।
  • 2031 : क्रिकेट विश्व कप – भारत और बांग्लादेश (9 अक्टूबर – 23 नवम्बर)।
  • 2032 : टी20 विश्व कप – मेजबान तय होना बाकी (14 अक्टूबर – 14 नवम्बर)।
  • 2033 : विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल – मेजबान तय होना बाकी (9-13 जून)।
  • 2033 : चैम्पियंस ट्रॉफी – मेजबान तय होना बाकी (2-23 अक्टूबर)।
  • 2034 : टी20 विश्व कप – मेजबान तय होना बाकी (6 जुलाई – 6 अगस्त)।
  • 2035 : विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप फाइनल – मेजबान तय होना बाकी (7-11 जून)।
  • 2035 : क्रिकेट विश्व कप – मेजबान तय होना बाकी (2 अक्टूबर – 18 नवम्बर)।
RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular