Yogi Adityanath : यूपी के युवाओं को मिलेंगे 25 लाख टैबलेट, सीएम योगी करेंगे वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ

लखनऊ, 15 नवंबर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ (Yogi Adityanath)

रविवार को प्रदेश के युवाओं के लिए 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के तहत आयोजित इस कार्यक्रम के साथ ही प्रदेश में वितरित किए जाने वाले टैबलेट और स्मार्टफोन की कुल संख्या बढ़कर करीब 85 लाख हो जाएगी।

सरकार का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ना और उनकी शिक्षा एवं कौशल विकास के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराना है। कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी भी युवा की प्रतिभा और सफलता के रास्ते में बाधा न बने। उत्तर प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत, प्रतिभा और आधुनिक तकनीक के दम पर सफलता की नई कहानी लिख सके।

2021 में शुरू हुई थी युवा सशक्तीकरण योजना

उत्तर प्रदेश सरकार ने वर्ष 2021 में स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत अब तक प्रदेश के करीब 60 लाख विद्यार्थियों को टैबलेट और स्मार्टफोन वितरित किए जा चुके हैं। अब सरकार इस अभियान को आगे बढ़ाते हुए 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट बांटने जा रही है। नए चरण के पूरा होने के बाद योजना के तहत वितरित डिजिटल उपकरणों की संख्या करीब 85 लाख हो जाएगी।

सीएम योगी बोले- संसाधनों की कमी नहीं बनेगी प्रतिभा की राह में बाधा

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस कार्यक्रम की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश की स्थिति में बदलाव किया है। साथ ही डिजिटल इंडिया के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के माध्यम से अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट उपलब्ध कराए गए हैं।

सीएम योगी ने कहा कि इसी अभियान को आगे बढ़ाते हुए रविवार को लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट वितरण कार्यक्रम का शुभारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि संसाधनों का अभाव किसी युवा की प्रतिभा के आड़े न आए और प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत के दम पर आगे बढ़े।

पिछली सरकारों पर भी साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। उसे सिर्फ अवसर और आधुनिक संसाधनों की जरूरत है। सरकार युवाओं को तकनीक से जोड़कर उनके लिए नए अवसर तैयार कर रही है।

इस दौरान मुख्यमंत्री ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकारों ने उत्तर प्रदेश के युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा। युवाओं की प्रतिभा को तकनीक का साथ देने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार युवाओं को आधुनिक डिजिटल संसाधन उपलब्ध कराकर उन्हें शिक्षा, रोजगार और तकनीक के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर दे रही है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular