पाकिस्तान पर रोमांचक जीत के हीरो मोहित बोले- ‘पता था कि आज मेरा दिन है और मैं भारत को जीत दिलाऊंगा’

अल अमेरात (ओमान), 14 नवम्बर। गत चैम्पियन पाकिस्तान के खिलाफ शनिवार को यहां अंतिम गेंद तक खिंचे ACC अंडर-19 एशिया कप फाइनल में भारत की एक विकेट से यादगार जीत के हीरो मोहित उल्वा ने कहा कि उन्हें खुद पर पूरा भरोसा था कि वह मुश्किल लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा करने में टीम की मदद करेंगे।

अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड पर मनल चौहान का साथ निभाने के लिए जब गुजरात के किशोरवय बल्लेबाज मोहित 10वें क्रम पर बल्लेबाजी के लिए उतरे, तब भारत संकट में फंसा था क्योंकि 338 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए 252 रनों पर आठ विकेट गिर चुके थे।

पुछल्ले मोहित उल्वा बने खिताबी जीत के हीरो : भारत ने रोमांचक संघर्ष में पाक से चुकाया हिसाब, 9वीं बार ACC अंडर-19 एशिया कप चैम्पियन

यहीं से दोनों बल्लेबाजों ने नौवें विकेट के लिए 57 रनों की अहम साझेदारी कर भारत को लक्ष्य के करीब पहुंचाया। हालांकि इसके बाद मनल आउट हो गए। मोहित ने हार नहीं मानी और सी. वेंकट के साथ आखिरी विकेट के लिए 16 गेंदों पर अटूट 30 रनों की भागीदारी से भारत को ऐतिहासिक जीत दिला दी। वेंकट इस टूर्नामेंट में अपना पहला मुकाबला खेल रहे थे।

‘आखिरी ओवर में मुझे भगवान पर भरोसा था’

मैच के बाद पुरस्कार वितरण समारोह में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ मोहित ने कहा, ‘आखिरी ओवर में मुझे भगवान पर भरोसा था। मैं खुद को एक ऑलराउंडर मानता हूं। यह टूर्नामेंट मेरे लिए अच्छा नहीं रहा था, लेकिन मुझे विश्वास था कि आज मैं अच्छा प्रदर्शन कर पाऊंगा।’

‘10वां नंबर मेरे लिए हमेशा से बहुत भाग्यशाली रहा है’

आखिरी गेंद पर भारत की जीत के लिए तीन रनों की दरकार थी और मोहित ने अहमद हुसैन की गेंद पर विजयी चौका जड़ दिया। उन्होंने कहा, ‘मुझे पता था कि आज मेरा दिन है और मैं अपनी टीम को जीत दिलाकर ही लौटूंगा। 10वां नंबर मेरे लिए हमेशा से बहुत भाग्यशाली रहा है क्योंकि मेरे सारे रन इसी नंबर पर आए हैं।’

मोहित ने अर्धशतकीय भागीदारी करने वाले मनल चौहान का आभार जताया

मोहित ने मुश्किल समय में साथ देने के लिए अपने साथी बल्लेबाज मनल का आभार जताया। उन्होंने कहा, ‘मुझे मनल के सहयोग की जरूरत थी और उन्होंने पूरा साथ दिया। हमें अपनी बल्लेबाजी पर भरोसा था कि हम इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। पिच बल्लेबाजी के लिए काफी अच्छी थी और हम एक-दूसरे से कह रहे थे कि अगर पाकिस्तान इतना बड़ा स्कोर बना सकता है तो हम भी ऐसा कर सकते हैं।’

मनल बोले- ‘मुझे भरोसा था कि अपनी टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा सकता हूं’

वहीं मनल ने कहा कि वह हर ओवर में कम से कम एक चौका लगाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने कहा, ‘मैं फिनिशर की भूमिका के लिए मुझ पर भरोसा करने वाले सहयोगी स्टाफ का धन्यवाद करना चाहता हूं। मुझे वहां जाकर अपने खेल का आनंद लेने के लिए कहा गया था।’

उन्होंने कहा, ‘मैं लक्ष्य को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर देख रहा था और हर ओवर में एक चौका लगाने की कोशिश कर रहा था क्योंकि मुझे भरोसा था कि मैं अपनी टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा सकता हूं। आउट होने के बाद मेरी आंखों में आंसू थे।’

‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने ओपनर आर्यवीर बोले- ‘जीत के बाद मेरी कोहनी का दर्द कम हो गया’

टूर्नामेंट में एक शतक सहित सर्वाधिक 361 रनों के साथ ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ बने ओपनर आर्यवीर सहवाग कोहनी में चोट के बावजूद 58 रनों की अहम पारी खेली। अपने जमाने के धुरंधर बल्लेबाज वींरेंद्र सहवाग के होनहार पुत्र आर्यवीर ने कहा कि टीम की जीत के बाद उनका दर्द कम हो गया है।

‘मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैंने अभी क्या देखा, मेरे रोंगटे खड़े हो रहे’

उन्होंने कहा, ‘अब मेरे हाथ में कोई दर्द नहीं है। मुझे यकीन नहीं हो रहा कि मैंने अभी क्या देखा है। मेरे रोंगटे खड़े हो रहे हैं। भारत-पाकिस्तान मुकाबले में भावनाएं हमेशा चरम पर होती हैं। पाकिस्तान के खिलाफ पिछले मैच में मैं आउट हो गया था, इसलिए आज मैं हर हाल में रन बनाना चाहता था, भले ही मेरे हाथ पर चोट लगी थी। दर्द हो रहा था, लेकिन मुझे पता था कि अगर मैं क्रीज पर टिका रहा तो पाकिस्तान पर दबाव बना रहेगा।’

कप्तान लक्ष्य ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के संघर्ष व जुझारूपन की सराहना की

सेमीफाइनल में अफगानिस्तान के खिलाफ 93 और आज फाइनल में 80 रनों के साथ लगातार दूसरे मैच में टीम के सर्वोच्च स्कोरर रहे भारतीय कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने निचले क्रम के बल्लेबाजों के संघर्ष और जुझारूपन की सराहना की। उन्होंने कहा, ‘हमें खुद पर भरोसा था कि हम इस लक्ष्य को हासिल कर सकते हैं। यह मुकाबला उतार-चढ़ाव से भरा रहा। हमें विश्वास था कि हम लक्ष्य तक पहुंच सकते हैं क्योंकि पिच बल्लेबाजी के लिए बहुत अच्छी थी।’

रायचंदानी ने कहा, ‘मुझे हमेशा अपने निचले क्रम की बल्लेबाजी क्षमता पर भरोसा था। हमारी टीम में 11 बल्लेबाजों के साथ खेल रहे थे। मैं प्रशंसकों का उनके समर्थन के लिए धन्यवाद करता हूं और उनसे आगे भी इसी तरह हमारा साथ देने की अपील करता हूं।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular