बाल दिवस पर नेहरू को याद कर भिड़े सियासी सुर! PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस बोली- हमले उनकी विरासत का प्रमाण

नई दिल्ली, 14 नवंबर। देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट कर नेहरू को नमन किया। वहीं, कांग्रेस ने आधुनिक भारत के निर्माण में उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि निधन के छह दशक से अधिक समय बाद भी नेहरू पर हमले किए जा रहे हैं, जो भारत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। नेहरू का जन्म 14 नवंबर 1889 को इलाहाबाद (अब प्रयागराज) में हुआ था। उनकी जयंती देशभर में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।

पीएम मोदी ने एक्स पर पोस्ट कर किया नमन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, ”पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि।”

शांति वन पहुंचकर सोनिया, खरगे और गहलोत ने दी श्रद्धांजलि

कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और पार्टी के कई अन्य नेताओं ने दिल्ली स्थित शांति वन पहुंचकर नेहरू को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि भारत की आजादी से लेकर एक मजबूत, आधुनिक, लोकतांत्रिक और प्रगतिशील राष्ट्र की नींव रखने तक नेहरू का ऐतिहासिक योगदान रहा है। आजादी के बाद तमाम चुनौतियों के बीच उन्होंने अपनी दूरदर्शी सोच और मजबूत नेतृत्व से देश के सामाजिक, राजनीतिक और आर्थिक विकास को नई दिशा दी। उन्होंने कहा कि नेहरू लोकतंत्र, समानता, धर्मनिरपेक्षता और वैज्ञानिक सोच में गहरा विश्वास रखते थे। उनका सपना ऐसे भारत का था, जहां हर नागरिक को बिना भेदभाव समान अवसर मिले और सभी एकता, भाईचारे व देशहित की भावना से आगे बढ़ें।

राहुल गांधी बोले- नेहरू के विचार आज भी प्रेरणा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने भी पंडित जवाहरलाल नेहरू को श्रद्धांजलि दी। उन्होंने कहा कि आजादी नेहरू के लिए मंजिल नहीं, बल्कि देश के नए सफर का एक पड़ाव थी। स्वराज उनके लिए केवल सत्ता नहीं, बल्कि हर नागरिक की भागीदारी और देश के भविष्य की जिम्मेदारी थी। राहुल गांधी ने कहा कि भारत उनके लिए एक खोज और विचार था, जिसमें विविधता शक्ति, लोकतंत्र विश्वास और समानता आधार थी। एक आधुनिक, वैज्ञानिक, प्रगतिशील और आत्मविश्वासी भारत का उनका सपना आज भी प्रेरणा देता है। उस सपने के भारत की ओर बढ़ना ही उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

प्रियंका गांधी ने बताया विलक्षण व्यक्तित्व

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर नेहरू को याद करते हुए कहा कि वह ऐसे विलक्षण व्यक्तित्व के धनी थे, जो क्रांतिकारी भी थे, दूरदर्शी भी और राष्ट्रनिर्माता भी। उन्होंने कहा कि नेहरू के निधन के छह दशक से अधिक समय बाद भी संविधान और लोकतंत्र को नष्ट करने की कोशिश करने वाले लोग उन पर हमले कर रहे हैं। यह भारत के प्रति उनकी अटूट प्रतिबद्धता का प्रमाण है। देश के प्रति नेहरू का प्रेम हमेशा हमारा मार्गदर्शन करता रहे।

नेहरू डिजिटल अभिलेखागार को एक साल में मिले 10 लाख से अधिक दर्शक

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने नेहरू की जयंती पर उनके डिजिटल अभिलेखागार की उपलब्धियों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि इतिहास को तोड़-मरोड़कर पेश करने वाले लोग नेहरू की छवि धूमिल करने की कोशिश करते रहेंगे, लेकिन उनका डिजिटल अभिलेखागार महान विरासत को संरक्षित करने में कवच साबित होगा। जयराम रमेश के मुताबिक, नेहरू डिजिटल अभिलेखागार ने अपना एक वर्ष पूरा कर लिया है। इस दौरान वेबसाइट पर 10 लाख से अधिक अलग-अलग लोगों ने जानकारी देखी और इसके पेज 40 लाख से ज्यादा बार देखे गए। उन्होंने बताया कि डिजिटल संग्रह में ‘सेलेक्टेड वर्क्स ऑफ जवाहरलाल नेहरू’ के 100 खंड उपलब्ध हैं। इनमें 1903 से 1964 तक की सामग्री शामिल है। करीब 77 हजार पृष्ठों के इस संग्रह में 34 हजार से अधिक दस्तावेज और तीन हजार से ज्यादा तस्वीरें मौजूद हैं।

15 अगस्त 1947 को बने थे देश के पहले प्रधानमंत्री

पंडित जवाहरलाल नेहरू स्वतंत्रता संग्राम के प्रमुख नेताओं में शामिल थे। देश की आजादी के बाद 15 अगस्त 1947 को उन्होंने स्वतंत्र भारत के पहले प्रधानमंत्री के रूप में पदभार संभाला। 1964 में निधन तक वह इस पद पर रहे। उनके कार्यकाल में लोकतांत्रिक संस्थाओं को मजबूत करने, वैज्ञानिक अनुसंधान को बढ़ावा देने और उच्च शिक्षा के विस्तार पर विशेष जोर दिया गया। बच्चों के प्रति उनके विशेष स्नेह के कारण ही उनकी जयंती 14 नवंबर को पूरे देश में बाल दिवस के रूप में मनाई जाती है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular