भारत ने ढाका फुटेज को भारतीय दृश्यों के रूप में पेश करने वाले चीनियों के खिलाफ काररवाई की मांग की

नई दिल्ली, 10 नवम्बर। भारत ने मंगलवार को उन चीनी नागरिकों के खिलाफ काररवाई की मांग की, जो कथित तौर पर ढाका के गरीब इलाकों से सोशल मीडिया पर लाइव दृश्य प्रसारित कर रहे थे और संबंधित फुटेज को भारत के दृश्यों के रूप में पेश कर रहे थे।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायलवाल ने मंगलवार को मीडिया ब्रीफिंग के दौरान कहा कि ‘झूठे विमर्श फैलाना’ केवल ऐसा करने वालों और उनके पीछे मौजूद लोगों की विश्वसनीयता को ही कम करता है। उन्होंने कहा, ‘हमने इस संबंध में खबरें देखी हैं। किसी देश की गलत तस्वीर पेश करने की ऐसी कोशिशें दुर्भाग्यपूर्ण हैं।’

रणधीर जायसवाल ने अपनी नियमित प्रेस वार्ता में एक सवाल के जवाब में कहा, ‘जहां तक ​​विदेशी तत्वों के ढाका के कुछ हिस्सों को दिल्ली के इलाकों के रूप में पेश करने की कोशिशों का सवाल है, तो इस तरह के झूठे विमर्श फैलाने से केवल इसमें शामिल लोगों और उनके पीछे मौजूद तत्वों की विश्वसनीयता ही कम होती है। हम संबंधित अधिकारियों से आग्रह करते हैं कि वे ऐसे लोगों के खिलाफ उचित काररवाई करें।’

उल्लेखनीय है कि बांग्लादेशी मीडिया में प्रसारित खबरों के अनुसार लगभग 150 चीनी नागरिक ढाका के टेकपारा और उत्तरा इलाकों में सक्रिय हैं और वहां की तंग गलियों और कम आय वाले इलाकों के फुटेज को चीनी सोशल मीडिया पर लाइव प्रसारित कर रहे हैं। आशंका है कि उनका यह कृत्य एक सुनियोजित दुष्प्रचार अभियान का हिस्सा है।

वहीं, बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण की ढाका की मांग के बारे में पूछे जाने पर जायसवाल ने कहा कि यह एक कानूनी मामला है और इस पर उसी के अनुसार काररवाई की जाएगी।

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह के भारत के संभावित दौरे से जुड़े सवाल पर जायसवाल ने कहा कि इस बारे में काठमांडू और नई दिल्ली के बीच बातचीत जारी है। उन्होंने कहा, ‘यह एक व्यापक साझेदारी है। यह एक बहुत ही विशेष साझेदारी है और इसमें आपसी हित के सभी विषयों पर चर्चा की जाएगी।’

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular