मल्लिकार्जुन खरगे बोले- ‘दिवाली खुशियों की ईद’, भाजपा व शिवसेना ने कांग्रेस पर साधा निशाना

नई दिल्ली, नौ नवम्बर। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के दिवाली को लेकर दिए गए बयान को लेकर विवाद शुरू हो गया है। दरअसल, खरगे ने दिवाली के दिन बेंगुलुरु में लोगों को शुभकामनाएं देते हुए कहा था – ‘दिवाली खुशियों की ईद है, कई दिनों तक चलने वाली ईद है’। उनके इस बयान के बाद भाजपा ने कांग्रेस और खरगे पर निशाना साधा है।

प्रदीप भंडारी बोले – दिवाली पर भी कांग्रेस की वोट बैंक की राजनीति

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने खरगे के बयान पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने दिवाली के मौके पर भी वोट बैंक की राजनीति चुनी। उन्होंने कांग्रेस पर सनातन और हिन्दू विरोधी सोच रखने का आरोप लगाया।

गौरव भाटिया ने पूछा – क्या वे कभी ईद को ‘खुशियों की दिवाली‘ कहने की हिम्मत करेंगे?

वहीं भाजपा के दूसरे राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने खरगे के बयान पर सवाल उठाते हुए कहा कि ईद का अपना महत्व है और दिवाली की अपनी पवित्रता, परंपरा और पहचान है। उन्होंने सवाल किया कि क्या कांग्रेस के कथित धर्मनिरपेक्षता के नाम पर हिन्दू त्योहारों की पहचान बदलना राजनीतिक शिष्टाचार बन गया है। भाटिया ने राहुल गांधी और खरगे से यह भी पूछा कि क्या वे कभी ईद को ‘खुशियों की दिवाली’ कहने की हिम्मत करेंगे?

भाजपा प्रवक्ता तुहिन सिन्हा ने भी कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम समुदाय वर्ष में दो बार ईद मनाता है, लेकिन कांग्रेस हर हिन्दू त्योहार को ‘खुशियों की ईद’ के रूप में मनाना चाहती है।

शिवसेना ने भी साधा निशाना

उधर मुंबई में शिवसेना नेता आनंद दुबे ने भी खरगे के बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यदि किसी को दिवाली में ईद दिखाई दे रही है तो कुछ लोगों को ईद में भी दिवाली दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि दिवाली भगवान राम के वनवास से अयोध्या लौटने का प्रतीक है और इसे दिवाली ही रहने देना चाहिए। आनंद दुबे ने कहा कि सभी धर्मों और त्योहारों का सम्मान किया जाना चाहिए, लेकिन दिवाली और ईद दोनों अलग-अलग हैं और दोनों का अपना महत्व है।

खरगे के बयान का कांग्रेस ने किया बचाव

फिलहाल कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने मल्लिकार्जुन खरगे के बयान का बचाव करते हुए भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने एक्स पोस्ट में कहा कि खरगे के बयान को लेकर हंगामा करने वाले लोग शब्द के अर्थ को समझने में अनजान हैं।

पवन खेड़ा बोले – हंगामा करने वाले लोग शब्द के अर्थ को समझने में अनजान

पवन खेड़ा ने कहा कि ‘ईद’ शब्द का शाब्दिक अर्थ ‘त्योहार’ होता है और खरगे के बयान को इसी संदर्भ में समझा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि खरगे का बयान पूरी तरह सामान्य था, लेकिन ‘संघी नकारात्मकता’ के कारण कुछ लोग त्योहार को भी नहीं छोड़ रहे हैं।

‘ईद‘ शब्द का शाब्दिक अर्थ ‘त्योहार‘ होता है

खेड़ा ने आगे लिखा कि दिवाली की भावना और भगवान के प्रति प्रेम के लिए लोगों को अपने दिमाग में भी एक-दो बल्ब जला लेने चाहिए और अपनी ‘मूर्खता का सार्वजनिक प्रदर्शन’ बंद करना चाहिए।

खरगे का बयान एक धर्मनिरपेक्ष व्यक्ति की सोच को दिखाता है – राशिद अल्वी

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी ने भी भाजपा की प्रतिक्रिया को लेकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि खुशी जाहिर करने के लिए ईद का इस्तेमाल अक्सर एक रूपक के तौर पर किया जाता है और ईद खुशी का पर्याय है। अल्वी ने कहा कि यदि मल्लिकार्जुन खरगे ने ऐसा बयान दिया है तो यह एक धर्मनिरपेक्ष व्यक्ति की सोच को दिखाता है। उन्होंने कहा कि भाजपा या सांप्रदायिक सोच रखने वाले लोगों से इस तरह की भावना की उम्मीद नहीं की जा सकती।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular