पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक पापिया अधिकारी का बेतुका बयान- ‘पटाखे जलाने से बीमारियां ठीक होती हैं’

कोलकाता, नौ नवम्बर। पश्चिम बंगाल की भाजपा विधायक पापिया अधिकारी ने दिवाली और काली पूजा के दौरान पटाखे फोड़ने का समर्थन करते हुए बेतुका बयान देते हुए कहा कि पटाखे फोड़ने से कई बीमारियों का इलाज हो सकता है।

टॉलीगंज की विधायक ने अपने निर्वाचन क्षेत्र में काली पूजा समारोह का उद्घाटन करते हुए यह बात कही। जब वह माइक्रोफोन पर लोगों को संबोधित कर रही थीं, तभी पास में एक जोरदार पटाखा फूटा। अपनी बात जारी रखते हुए उन्होंने दावा किया कि पटाखे फोड़ने से स्वास्थ्य को फायदा हो सकता है। उन्होंने कहा, ‘आप देखेंगे कि पटाखे फोड़ने से कई बीमारियां ठीक हो जाएंगी।’

पापिया अधिकारी ने त्योहारों के दौरान पटाखे फोड़ने के समर्थन में मुख्यमंत्री के बयान का भी जिक्र किया और कहा कि लोग पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे। उन्होंने कहा, ‘हमारे मुख्यमंत्री ने कहा है कि हम पटाखे फोड़ेंगे। काली पूजा पटाखों के बिना कैसे पूरी हो सकती है? हम निश्चित रूप से पटाखे फोड़ेंगे। हालांकि, हम पुलिस के दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे।’

भाजपा विधायक का यह बयान तब आया है, जब सुवेंदु अधिकारी ने एमहर्स्ट स्ट्रीट और खालिशानी सहित कई काली पूजा पंडालों का उद्घाटन करते हुए कहा था कि त्योहार के दौरान पटाखे फोड़े जाएंगे। हालांकि, मुख्यमंत्री ने लोगों से पर्यावरण के अनुकूल या ‘ग्रीन पटाखे’ इस्तेमाल करने और ध्वनि प्रदूषण से जुड़े नियमों का पालन करने की भी अपील की।

पापिया अधिकारी की यह टिप्पणी ऐसे समय में आई है, जब दिवाली के बाद देश के कई हिस्सों में हवा की गुणवत्ता खराब हो गई है। विशेष रूप से दिल्ली में प्रदूषण के स्तर में भारी वृद्धि देखी गई, जहां सोमवार को कई निगरानी केंद्रों पर वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 400 से ऊपर दर्ज किया गया, जो इसे ‘गंभीर’ (severe) श्रेणी में रखता है।

मुंबई में भी धुंध की स्थिति देखी गई, हालांकि वहां का कुल AQI 170 के साथ ‘मध्यम’ (moderate) श्रेणी में रहा। उत्तर प्रदेश के लखनऊ में सुबह धुंध छाई रही और शहर के कई हिस्सों में धुएं और कोहरे की एक मोटी परत देखी गई।

दीवाली के बाद होने वाले प्रदूषण ने एक बार फिर पटाखों के पर्यावरणीय प्रभाव को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, खासकर ऐसे समय में जब कई शहर खराब वायु गुणवत्ता और कम दृश्यता की समस्या से जूझ रहे हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular