नई दिल्ली, आठ नवम्बर। आतिशबाजी के धूम-धड़ाके के बीच दिवाली का जश्न शुरू होते ही राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली की हवा आशंकाओं के अनुरूप और जहरीली होने लगी है। रविवार शाम आतिशबाजी के साथ ही राजधानी के कई इलाकों में धुएं और धुंध की चादर छाने लगी।
लोगों ने इंटरनेट मीडिया पर अलग-अलग इलाकों में पटाखों के धुएं की गंध आने और दृश्यता कम होने की शिकायतें कीं। इस क्रम में शाम सात बजे दिल्ली का तत्कालिक वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 371 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में है। वहीं, दिन का औसत एक्यूआई 376 रहा, जबकि शनिवार को यह 369 था।
जहांगीरपुरी की सबसे खराब स्थिति, AQI 460
शाम सात बजे तक आंकड़े दर्ज करने वाले 59 निगरानी केंद्रों में से 19 पर वायु गुणवत्ता गंभीर श्रेणी में पहुंच गई थी। सात केंद्रों पर हवा खराब और शेष 33 केंद्रों पर बहुत खराब श्रेणी में रही। सबसे खराब स्थिति जहांगीरपुरी की रही, जहां एक्यूआई 460 दर्ज किया गया।
सोमवार से गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है दिल्ली की हवा
वायु गुणवत्ता पूर्व चेतावनी प्रणाली के अनुसार, सोमवार यानी नौ नवम्बर से दिल्ली की हवा गंभीर श्रेणी में पहुंच सकती है और अगले कुछ दिनों तक यही स्थिति बने रहने की आशंका है। पटाखों के धुएं के अलावा वाहनों से निकलने वाला धुआं और पड़ोसी राज्यों में पराली जलाने की घटनाएं प्रदूषण बढ़ा सकती हैं। प्रतिकूल मौसम के कारण प्रदूषकों के फैलाव की गति भी धीमी रहने का अनुमान है।
प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी
रविवार को दिल्ली की हवा में पीएम 2.5 प्रमुख प्रदूषक रहा। वहीं, दिल्ली के निर्णय सहायता तंत्र के अनुमान के मुताबिक, प्रदूषण में वाहनों की हिस्सेदारी सबसे अधिक 19 प्रतिशत रहने की संभावना थी। पराली जलाने से होने वाले प्रदूषण की हिस्सेदारी 3.5 प्रतिशत रहने का अनुमान था, जो सोमवार को करीब 2.99 प्रतिशत रह सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, हवा की गति कम रहने और प्रदूषकों को फैलने के लिए पर्याप्त जगह नहीं मिलने से स्थिति और बिगड़ सकती है। छह हजार वर्ग मीटर प्रति सेकेंड से कम वेंटिलेशन इंडेक्स और 10 किलोमीटर प्रति घंटे से कम औसत हवा की गति प्रदूषण के फैलाव के लिहाज से प्रतिकूल मानी जाती है।


