नई दिल्ली, 6 नवंबर। धनतेरस के पावन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने भगवान धन्वंतरि को नमन करते हुए सभी के सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। प्रधानमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर एक संस्कृत श्लोक साझा किया और उसके माध्यम से भगवान धन्वंतरि की महिमा का स्मरण कराया।
पीएम मोदी ने अपनी शुभकामना संदेश में लिखा, “सभी देशवासियों को धनतेरस की अनंत शुभकामनाएं। भगवान धन्वन्तरि की दिव्य कृपा से सभी का जीवन सुख, शांति और उत्तम स्वास्थ्य से सदैव आलोकित रहे। हर परिवार में उमंग और आनंद का अखंड दीप प्रज्वलित रहे, यही मंगलकामना है।”
पीएम मोदी ने साझा किया भगवान धन्वंतरि का संस्कृत श्लोक
प्रधानमंत्री ने धनतेरस के मौके पर भगवान धन्वंतरि को समर्पित एक संस्कृत श्लोक भी साझा किया। यह श्लोक इस प्रकार है:
“नमामि धन्वन्तरिमादिदेवं सुरासुरैर्वन्दितपादपद्मम्।
लोके जरारुग्भयमृत्युनाशं दातारमीशं विविधौषधीनाम्॥”
इस श्लोक का भावार्थ है कि मैं आदिदेव भगवान धन्वंतरि को श्रद्धापूर्वक नमन करता हूं, जिनके चरणकमलों की देवता और असुर भी वंदना करते हैं। वे संसार में बुढ़ापे, रोग, भय और मृत्यु के कष्टों को दूर करने वाले तथा विभिन्न प्रकार की औषधियों के प्रदाता और परमेश्वर हैं।
धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा का विशेष महत्व
हिंदू धर्म में धनतेरस को धनत्रयोदशी के नाम से भी जाना जाता है। इस दिन भगवान धन्वंतरि की पूजा का विशेष महत्व माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, भगवान धन्वंतरि को आयुर्वेद और चिकित्सा का देवता माना जाता है। समुद्र मंथन के दौरान वे अमृत कलश लेकर प्रकट हुए थे।
इसी वजह से धनतेरस के दिन धन और समृद्धि के साथ अच्छे स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना भी की जाती है। इस अवसर पर लोग भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना करते हैं और परिवार के निरोगी जीवन की प्रार्थना करते हैं।
स्वास्थ्य और लंबी आयु की कामना के लिए किया जाता है श्लोक का पाठ
भगवान धन्वंतरि को समर्पित इस श्लोक का पाठ विशेष रूप से धनतेरस, धन्वंतरि पूजा और आयुर्वेद से जुड़े धार्मिक आयोजनों में किया जाता है। आयुर्वेद के चिकित्सक और श्रद्धालु उत्तम स्वास्थ्य, लंबी आयु और रोगमुक्त जीवन की कामना के लिए भगवान धन्वंतरि का स्मरण करते हैं। पीएम मोदी के इस संदेश के जरिए धनतेरस के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व के साथ स्वास्थ्य को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी मानने का संदेश भी सामने आया है।


