दलाल स्ट्रीट में दिवाली का बंपर धमाका : सेंसेक्स 79,000 के पार, निफ्टी 3 माह बाद 24,500 के ऊपर

मुंबई, पांच नवम्बर। अमेरिकी मध्यावधि चुनावों में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के मुकाबले विपक्षी डेमोक्रेटिक पार्टी की बम्पर जीत के क्रम में पश्चिम एशिया संघर्ष के समाधान की उम्मीद से कच्चे तेल की कीमतों में रातों-रात आई बड़ी गिरावट के बीच दलाल स्ट्रीट ने गुरुवार को दिवाली का बंपर धमाका देखा और दोनों मानक इंडेक्स जबर्दस्त छलांग के साथ बंद हुए।

नवम्बर, 2025 के बाद पहली बार लगातार छठे दिन शेयर बाजार में तेजी

वस्तुतः भारतीय शेयर बाजार ने लगातार छठे कारोबारी सत्र में अपनी बढ़त बनाए रखी। यह नवम्बर, 2025 के बाद की सबसे लंबी तेजी है। इस क्रम में बीएसई सेसेंक्स जहां 2009 अंकों की छलांग से 79,000 के पार जा पहुंचा वहीं एनएलई निफ्टी सात अगस्त, 2026 के बाद यानी तीन माह में पहली बार यह 24,500 के ऊपर रुका।

6 कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 6,064 और निफ्टी 1,838 अंक मजबूत

पिछले लगातार छह कारोबारी सत्रों में सेंसेक्स 6,063.98 अंक यानी 8.27 प्रतिशत चढ़ चुका है जबकि निफ्टी में 1,837.75 अंक यानी आठ प्रतिशत की तेजी आई है। दरअसल, अमेरिकी मध्यावधि चुनाव परिणाम के बाद अमेरिकी शेयर बाजारों में आई जोरदार तेजी, रुपये की मजबूती, सभी क्षेत्रों में व्यापक खरीदारी और विदेशी फंडों के लगातार प्रवाह ने निवेशकों का उत्साह और बढ़ा दिया।

सेंसेक्स 2,008.61 अंक उछलकर 79,310.01 पर बंद

बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (BSE) का 30 शेयरों पर आधारित मानक सूचकांक सेंसेक्स 2,008.61 अंक यानी 2.60 प्रतिशत उछलकर 79,310.01 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान एक समय यह 2,168.63 अंकों की बढ़त के साथ 79,470.03 तक जा पहुंचा था। सेंसेक्स से संबद्ध कम्पनियों में 24 के शेयर मजबूत बढ़त लेकर रुके तो छह में कमजोरी रही।

निफ्टी 576.00 अंकों की तेजी से 24,536.60 पर बंद

वहीं नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) का 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी भी 576.00 अंक या 2.40 प्रतिशत की तेजी के साथ 24,536.60 पर बंद हुआ। निफ्टी से संबद्ध कम्पनियों में 40 के स्टॉक मजबूत हुए तो 10 में कमजोरी रही।

कारोबारी सत्र के दौरान व्यापाक बाजार में भी अच्छी तेजी देखने को मिली। निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स 106.05 अंक या 0.56 प्रतिशत की तेजी के साथ 19,132.45 और निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 1,115.40 अंक या 1.87 प्रतिशत की बढ़त के साथ 60,620.90 पर रुका।

सेक्टोरल इंडेक्स : निफ्टी ऑटो में सबसे ज्यादा 4.14% की तेजी

सेक्टोरल इंडेक्स देखें तो निफ्टी ऑटो (4.14 प्रतिशत), निफ्टी फाइनेंशियल सर्विसेज (3.99 प्रतिशत) और निफ्टी रियल्टी (3.52 प्रतिशत) टॉप गेनर्स थे। इसके अलावा, निफ्टी प्राइवेट बैंक (3.44 प्रतिशत), निफ्टी पीएसयू बैंक (3.13 प्रतिशत), निफ्टी आईटी (2.42 प्रतिशत), निफ्टी कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (2.32 प्रतिशत), निफ्टी सर्विसेज (2.16 प्रतिशत), निफ्टी कंज्पशन (1.94 प्रतिशत) और निफ्टी इंडिया मैन्युफैक्चरिंग (1.29 प्रतिशत) सबसे ज्यादा बढ़ने वाले सूचकांक थे। दूसरी तरफ निफ्टी इंडिया डिफेंस (1.69 प्रतिशत), निफ्टी मीडिया (0.84 प्रतिशत), निफ्टी एनर्जी (0.52 प्रतिशत) और निफ्टी पीएसई (0.02 प्रतिशत) की गिरावट के साथ बंद हुए।

BSE पर सूचीबद्ध सभी कम्पनियों का मार्केट कैप Rs 500 लाख करोड़ के पार

चौतरफा लिवाली के बीच BSE पर सूचीबद्ध सभी कम्पनियों का कुल मार्केट कैप एक दिन में करीब आठ लाख करोड़ रुपये बढ़कर 501 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया है, जो पिछले कारोबारी सत्र में 4,93,44,339.41 करोड़ था। कुल मिलाकर देखें तो छह कारोबारी सत्रों में BSE पर सूचीबद्ध सभी कम्पनियों का कुल मार्केट कैप 28 लाख करोड़ रुपये बढ़ा है, जो 28 अक्टूबर को 473 लाख करोड़ रुपये था।

बजाज फाइनेंस में सबसे अधिक 7.77 प्रतिशत की तेजी

सेंसेक्स समूह में शामिल कम्पनियों में बजाज फाइनेंस के शेयर में सबसे अधिक 7.77 प्रतिशत की तेजी आई। इसके अलावा इंटरग्लोब एविएशन में 5.80 प्रतिशत, आईसीआईसीआई बैंक में 5.29 प्रतिशत, मारुति 5.28 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 5.15 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व में 4.66 प्रतिशत की बढ़त रही। दूसरी ओर एनटीपीसी, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अदाणी पोर्ट्स और आईटीसी के शेयरों में गिरावट रही।

एफआईआई ने 7,284.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे

इस बीच शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने बुधवार को 7,284.03 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। वहीं वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड का भाव 100 डॉलर से नीचे 96.12 डॉलर प्रति बैरल पर रहा।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular