शेयर बाजार में दिवाली धमाका : सेंसेक्स 1600 अंकों की उछाल से 78000 के पार, निफ्टी 24000 से ऊपर खुला

मुंबई, पांच नवम्बर। पिछले पांच कारोबारी सत्रों से दिवाली का जश्न मना रहे घरेलू शेयर बाजार में गुरुवार को जबर्दस्त धमाका देखने को मिला, जब दोनों मानक सूचकांक शानदार बढ़त लेकर खुले। इस क्रम में बीएसई सेंसेक्स ने 1,609.54 अंक (2.08 प्रतिशत) की जबर्दस्त छलांग लगाते हुए 78,910.94 के स्तर पर खुला तो एनएसई निफ्टी भी 417.45 अंक (1.74 प्रतिशत) चढ़कर 24,378.05 पर खुला।

सेंसेक्स ने शुरुआती एक घंटे के बीच 79,001.19 का उच्चतम स्तर देखा

कुल मिलाकर देखें तो यह लगातार छठा कारोबारी सत्र है, जिसमें चौतरफा लिवाली देखने को मिल रही है। इस क्रम में सेंसेक्स ने शुरुआती एक घंटे के कारोबार के बीच 1,700 अंकों की उछाल से जहां 79,001.19 का उच्चतम स्तर देखा वहीं निफ्टी ने इसी अवधि में 482 अंकों की बढ़त से 24,442.20 का उच्चतम स्तर देखा।

इस तेजी की सबसे बड़ी वजह

कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट इस तेजी की सबसे बड़ी वजह रही। अक्टूबर माह की शुरुआत के बाद पहली बार ब्रेंट क्रूड 100 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आकर 94 डॉलर के आसपास कारोबार कर रहा था। भारत जैसी तेल आयात पर निर्भर अर्थव्यवस्था के लिए यह बड़ी राहत है, जिससे बाजार का सेंटिमेंट मजबूत हुआ।

विदेशी निवेशकों की वापसी से मिला अतिरिक्त बल

वहीं नवम्बर के सिर्फ तीन कारोबारी दिनों में विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) ने भारतीय शेयरों में करीब 17,235 करोड़ रुपये का निवेश किया। यह उनकी वापसी का साफ संकेत है। एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर का कहना है, ‘वैश्विक स्तर पर रिस्क सेंटिमेंट बेहतर हुआ है। कम तेल कीमतों और संस्थागत निवेशकों की नई खरीदारी ने बाजार को सहारा दिया है। अब देखना होगा कि यह बढ़त कितनी टिकाऊ साबित होती है।’

मिडकैप-स्मॉलकैप भी रहे मजबूत

बाजार में तेजी का दायरा भी व्यापक रहा। निफ्टी मिडकैप 100 में 1.46 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 1.49 प्रतिशत की बढ़त हुई। निफ्टी 100 भी 1.78 प्रतिशत ऊपर ऊपर चढ़ा।

निफ्टी प्राइवेट बैंक 2.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे आगे

सेक्टोरल इंडेक्स पर नजर डालें तो निफ्टी प्राइवेट बैंक 2.55 प्रतिशत की बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। इसके बाद रियल्टी (1.92%), आईटी (1.72%), ऑटो (1.66%), कंज्यूमर ड्यूरेबल्स (1.52%), मीडिया (1.36%) और एफएमसीजी (1.08%) में भी अच्छी तेजी दर्ज की गई।

सोना-चांदी में भी चमक

कीमती धातुओं में भी तेजी देखी गई। 24 कैरेट सोना 1.48 प्रतिशत बढ़कर 1,45,356 रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया, जबकि चांदी 1.34 प्रतिशत चढ़कर 1,90,255 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।

कोटक नियो के कमोडिटी और करेंसी रिसर्च प्रमुख अनिंद्य बनर्जी के अनुसार, दिवाली के बाद का सुधार पूरा हो चुका है और अब बुलियन में नया तेजी का दौर शुरू हो सकता है, बशर्ते तेल की कीमतें फिर से न उछलें।

एशियाई बाजारों में मिला-जुला रुख

हांगकांग का हैंग सेंग 3.36 प्रतिशत की तेज बढ़त के साथ 24,723 पर बंद हुआ। सिंगापुर का स्ट्रेट्स टाइम्स मामूली 0.10 प्रतिशत ऊपर रहा। वहीं जापान का निक्केई 0.58 प्रतिशत, ताइवान वेटेड 1.67 प्रतिशत और दक्षिण कोरिया का कोस्पी करीब 4 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि अगर तेल कीमतें स्थिर रहती हैं और विदेशी निवेश जारी रहता है, तो यह सकारात्मक रुझान आगे भी बना रह सकता है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular