नई दिल्ली, 12 अक्टूबर। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और विपक्षी गठबंधन I.N.D.I.A. के नेताओं ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर दी। इस याचिका में राहुल गांधी मुख्य याचिकाकर्ता हैं। वहीं उनके साथ अन्य नेताओं का नाम भी शामिल है।

दरअसल, CJI सूर्यकांत द्वारा विपक्षी नेताओं से मिलने से इनकार और कोर्ट में याचिका दायर करने के लिए कहने के कुछ घंटों बाद, INDI गठबंधन के कनॉट प्लेस से सुप्रीम कोर्ट तक मार्च के दौरान हजारों कांग्रेस समर्थकों ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी का साथ दिया।
भारी भीड़ के चलते राहुल गांधी समय सीमा से पहले सुप्रीम कोर्ट नहीं पहुंच पाए, इसलिए वकील एस. प्रसन्ना से उनकी ओर से याचिका दायर की है। राहुल गांधी को 4.30 बजे तक सुप्रीम कोर्ट पहुंचना था।

राहुल गांधी मुख्य याचिकाकर्ता
विपक्ष की ओर से दायर की गई याचिका में मुख्य याचिकाकर्ता राहुल गांधी हैं। वैसे याचिका में 10 पार्टियों के कुल 11 नेता याचिकाकर्ता हैं। इनमें राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सौगत रॉय (TMC), अखिलेश यादव (सपा), तेजस्वी प्रसाद यादव (राजद), संजय राउत (शिवसेना UBT), एम. ए. बेबी (CPI-M), डी. राजा (CPI), महुआ माझी (JMM), सुप्रिया सुले (NCP-SP) और ई. टी. मोहम्मद बशीर (IUML) शामिल हैं।
विपक्षी नेताओं ने निकाला मार्च
याचिका दायर करने से पहले राहुल गांधी और INDI ब्लॉक नेताओं ने सुप्रीम कोर्ट तक मार्च निकाला। इस मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, राजद नेता तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव और इन नेताओं के समर्थक मौजूद रहे।

इस मार्च को प्रियंका गांधी और राहुल गांधी ने लीड किया। इस मार्च में नेताओं के अलावा बड़ी संख्या में छात्र संगठन और वकील भी शामिल हुए। मार्च से पहले राहुल गांधी ने इसे शिव की बारात बताया था और कहा था कि ज्यादा से ज्यादा लोग इस मार्च में शामिल हों।
विपक्ष के मार्च में शामिल होने पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि देश तभी बचेगा, जब बीजेपी को हटाया जाएगा। वहीं कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने मार्च के दौरान कहा – लोकतंत्र की रक्षा किसी भी राजनीति से ऊपर है। नागरिकों से उनके वोट देने का अधिकार छीन लिया गया है।
बस व ट्रक पर सवार होकर सुप्रीम कोर्ट पहुंचे विपक्षी नेता
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और INDI गठबंधन के अन्य नेता बस में सवार होकर कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में इकट्ठा हुए और सुप्रीम कोर्ट तक मार्च शुरू करने के लिए आगे बढ़े। विपक्षी नेता एक ट्रक पर सवार होकर भी आगे बढ़े। ट्रक पर राहुल के साथ तेजस्वी यादव, अखिलेश यादव, तेलंगाना के सीएम रेवंत रेड्डी, दीपेंद्र हुड्डा और अन्य INDI ब्लॉक नेता रहे। वहीं राहुल गांधी और प्रियंका गांधी ने सुप्रीम कोर्ट की ओर पैदल मार्च भी किया। इस दौरान बड़ी संख्या में उनके समर्थक मौजूद रहे।
CJI सूर्यकांत ने मिलने से किया था इनकार
गौरतलब है कि विपक्ष ने रविवार को मार्च के बाद सीजेआई सूर्यकांत से मिलने के लिए समय मांगा था। लेकिन सीजेआई ने विपक्षी नेताओं से मिलने से इनकार कर दिया था। सीजेआई ने विपक्ष से याचिका दाखिल करने के लिए कहा था।
वहीं सोमवार को सीजेआई सूर्यकांत ने विपक्षी नेताओं से मिलने से इनकार करने पर कहा, ‘मुझे कल बैठक के अनुरोध के संबंध में एक पत्र मिला था, और मैंने कल रात ही उसका जवाब दे दिया था, जिसमें उन कारणों का उल्लेख किया गया था, जिनकी वजह से मैं मिल नहीं पाऊंगा।’
‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं’
उन्होंने कहा, ‘सुप्रीम कोर्ट के दरवाजे सभी के लिए खुले हैं। किसी भी आम नागरिक या निर्वाचित निकाय के सदस्य की किसी भी याचिका का स्वागत है। हर भारतीय नागरिक को अदालत जाने का अधिकार है और हम उनकी चिंताओं को सुनेंगे और कानून के तहत जो भी उचित होगा, वह करेंगे।’


