पीएम मोदी रविवार को चेन्नई दौरे पर रहेंगे, ₹13000 करोड़ से अधिक की परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे

नई दिल्ली, 10 अक्टूबर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार (11 अक्टूबर) को तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के दौरे पर रहेंगे। वह पूर्वाह्न लगभग 11.30 बजे चेन्नई मेट्रो में पोरूर बाईपास स्टेशन से पूनामल्ली बाईपास स्टेशन तक यात्रा करेंगे और फिर लौटेंगे। पीएम मोदी दोपहर लगभग 12.15 बजे चेन्नई के जलकंडेश्वर मंदिर में दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद, वह आईआईटी मद्रास स्थित मस्तिष्क केंद्र का दौरा करेंगे।

प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) के अनुसार, रविवार दोपहर लगभग 1.30 बजे पीएम मोदी 13,000 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, उनका उद्घाटन करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इस अवसर पर वे जनसभा को भी संबोधित करेंगे। वह दोपहर लगभग तीन बजे चेन्नई स्थित जयगोपाल गारोडिया हिन्दू विद्यालय मैट्रिकुलेशन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे और वहां उपस्थित लोगों को संबोधित करेंगे।

चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन

पीएम मोदी चेन्नई मेट्रो रेल परियोजना के दूसरे चरण के पूनामल्ली-वडापलानी खंड का उद्घाटन करेंगे। इस खंड का निर्माण लगभग 4,900 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है। इस कॉरिडोर में 3.7 किलोमीटर लंबा विशिष्ट दो-स्तरीय ढांचा है। इसमें चालक-रहित ट्रेनों के संचालन में सहायता के लिए उन्नत सिग्नलिंग प्रणाली भी स्थापित की गई है। इस परियोजना से यात्रियों के दैनिक यात्रा समय में कमी आने और चेन्नई के तेजी से विकसित हो रहे पश्चिमी उपनगरों तथा शहर के केंद्र के बीच सड़क संपर्क बेहतर होने की उम्मीद है।

3,700 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं का उद्घाटन

इसके अलावा, पीएम मोदी लगभग 3,700 करोड़ रुपये की लागत वाली प्रमुख राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। इन परियोजनाओं से राज्य में सड़क संपर्क मजबूत होगा, यात्रा समय में कमी आएगी, यातायात जाम की समस्या कम होगी और आर्थिक विकास को बढ़ावा मिलेगा।

चार लेन वाले वडुगापट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर खंड का उद्घाटन

प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राजमार्ग-744 के 36 किलोमीटर लंबे, चार लेन वाले वडुगापट्टी-थेरकुवेंगनल्लूर खंड का उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना से क्षेत्र के प्रमुख तीर्थस्थलों, औद्योगिक केंद्रों और वाणिज्यिक केंद्रों तक संपर्क बेहतर होगा, जिससे लोगों तथा वस्तुओं की आवाजाही सुगम होगी। वह राष्ट्रीय राजमार्ग-744ए के 30 किलोमीटर लंबे, चार लेन वाले मदुरै रिंग रोड खंड का भी उद्घाटन करेंगे। इस परियोजना से मदुरै के आसपास यातायात का प्रवाह बेहतर होगा और शहर के भीतर यातायात जाम की समस्या कम करने में मदद मिलेगी।

तिरुवरूर बाईपास की आधारशिला

पीएम मोदी राष्ट्रीय राजमार्ग-83 के नागपट्टिनम-तंजावुर खंड पर चार लेन वाले तिरुवरूर बाईपास की आधारशिला रखेंगे। इस परियोजना से तिरुवरूर में सड़क संपर्क मजबूत होगा और शहर के चारों ओर एक वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध होने से यातायात का प्रवाह सुगम होगा।

रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे

प्रधानमंत्री मोदी 750 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली रेलवे अवसंरचना परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे और उनका उद्घाटन करेंगे। वे कराइकल-पेरालम रेलवे लाइन को राष्ट्र को समर्पित करेंगे, जिससे इस क्षेत्र में रेल संपर्क और मजबूत होगा। प्रधानमंत्री कोयंबटूर और आसपास के क्षेत्रों में तीन रेल उपरिगामी पुलों को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनसे व्यस्त समपारों पर यातायात का दबाव कम होगा, प्रतीक्षा समय घटेगा और यात्रियों के लिए सड़क सुरक्षा बेहतर होगी।

5 अमृत स्टेशनों का भी उद्घाटन

पीएम मोदी पलानी, वेल्लोर छावनी, अंबासमुद्रम, परमकुडी और नमक्कल में पांच अमृत स्टेशनों का भी उद्घाटन करेंगे। इन स्टेशनों का अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत पुनर्विकास किया गया है। इसके अतिरिक्त, प्रधानमंत्री मोदी तमिलनाडु में समुद्री अवसंरचना को मजबूत करने, माल ढुलाई क्षमता का विस्तार करने और रसद व्यवस्था की दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से बंदरगाहों से जुड़ी विभिन्न परियोजनाओं का उद्घाटन व शिलान्यास करेंगे। इसी क्रम में चेन्नई बंदरगाह पर चार अवसंरचना परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इनमें एक पक्का भंडारण यार्ड, चार निर्यात-आयात (एक्जिम) गोदाम, एक उन्नत क्रूज टर्मिनल और एक नाविक क्लब शामिल हैं।

वी. ओ. चिदंबरनार बंदरगाह पर 8 प्रमुख विकास परियोजनाओं का होगा उद्घाटन व शिलान्यास

प्रधानमंत्री वी. ओ. चिदंबरनार बंदरगाह पर आठ प्रमुख विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इन परियोजनाओं से माल और कंटेनर संचालन की क्षमता बढ़ेगी, स्वच्छ समुद्री ऊर्जा को बढ़ावा देने के लिए आवश्यक अवसंरचना विकसित होगी तथा बंदरगाह परिसर में माल की निकासी व रसद व्यवस्था की दक्षता में सुधार होगा। प्रधानमंत्री कामराजार बंदरगाह पर कोयला बर्थ-3 परियोजना का उद्घाटन भी करेंगे और कंटेनर टर्मिनल के पहले चरण के दूसरे चरण (फेज-I, स्टेज-II) के लिए पूंजीगत ड्रेजिंग कार्यों का शिलान्यास करेंगे।

एलओबीएस परियोजना की आधारशिला

पीएम मोदी चेन्नई में चेन्नई पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (सीपीसीएल) की मौजूदा मनाली रिफाइनरी में ग्रुप-II/III ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स (एलओबीएस) परियोजना की आधारशिला रखेंगे। लगभग 1,620 करोड़ रुपये की लागत और 2.70 लाख मीट्रिक टन प्रति वर्ष की उत्पादन क्षमता वाली इस परियोजना का उद्देश्य भारत में विश्वस्तरीय तथा प्रीमियम गुणवत्ता वाले स्नेहक बनाने के लिए ग्रुप-II/III ल्यूब ऑयल बेस स्टॉक्स का उत्पादन करना है।

सुधा गोपालकृष्णन मस्तिष्क केंद्र को राष्ट्र को समर्पित करेंगे

इसके अतिरिक्त, पीएम मोदी आईआईटी मद्रास में सुधा गोपालकृष्णन मस्तिष्क केंद्र (एसजीबीसी) को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। वे इस केंद्र के एक अनूठे वैश्विक वैज्ञानिक मिशन का भी शुभारंभ करेंगे। इसका उद्देश्य भ्रूण अवस्था से लेकर वृद्धावस्था तक, मानव जीवन के विभिन्न चरणों में 100 से अधिक मानव मस्तिष्कों का कोशिकीय स्तर पर त्रि-आयामी मानचित्र तैयार करना है। प्रधानमंत्री सी-स्ट्रोक भी जारी करेंगे, जो अपनी तरह का पहला मानव इस्केमिक स्ट्रोक एटलस है। इसमें स्ट्रोक से प्रभावित मस्तिष्क के 1,000 से अधिक सूक्ष्मदर्शीय खंडों का विस्तृत विवरण शामिल है। इस एटलस से दुनिया भर के शोधकर्ताओं को उपचार के नए लक्ष्यों की पहचान करने में मदद मिलेगी।

पीएम मोदी चेन्नई में जयगोपाल गारोडिया हिन्दू विद्यालय मैट्रिकुलेशन उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के स्वर्ण जयंती समारोह में शामिल होंगे। यह स्वर्ण जयंती शिक्षा के क्षेत्र में संस्थान के पांच दशकों के योगदान तथा शैक्षणिक उत्कृष्टता, अनुशासन, सांस्कृतिक मूल्यों और सर्वांगीण शिक्षा के माध्यम से विद्यार्थियों की पीढ़ियों को तैयार करने में इसकी भूमिका का प्रतीक है।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular