दिल्ली के सीमापुरी में भरभराकर गिरी 5 मंजिला इमारत, 4 की मौत; 8 घायल, मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सीमापुरी इलाके में बुधवार को एक बहुमंजिला इमारत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। मलबे में दबने से अब तक चार लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि आठ लोग घायल बताए जा रहे हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाने में जुटे हुए हैं। जिलाधिकारी (DM) अजय कुमार के मुताबिक, बचाव अभियान के दौरान मलबे से अब तक चार शव बरामद किए गए हैं। मृतकों में तीन महिलाएं और एक बच्चा शामिल हैं। वहीं, घायल लोगों को मलबे से निकालकर तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

75 फीसदी बचाव कार्य पूरा

डीएम अजय कुमार ने बताया कि इमारत का मलबा मुख्य सड़क पर भी गिरा है। ऐसे में आशंका है कि हादसे के वक्त सड़क से गुजर रहा कोई राहगीर भी मलबे की चपेट में आया हो सकता है। इसी वजह से राहत एवं बचाव दल बेहद सावधानी से मलबा हटाने का काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि करीब 75 फीसदी राहत एवं बचाव कार्य पूरा हो चुका है, जबकि 25 फीसदी काम अभी बाकी है। अधिकारियों के मुताबिक, टीमें बीती रात से लगातार अभियान में जुटी हुई हैं और अगले चार से पांच घंटे में बचाव अभियान पूरा होने की उम्मीद है।

महज 25 गज के प्लॉट पर बनी थी 5-6 मंजिला इमारत

हादसे को लेकर स्थानीय विधायक वीर सिंह धींगान ने बताया कि बुधवार दोपहर करीब 3:30 बजे उन्हें इमारत गिरने की सूचना मिली थी। इसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस कंट्रोल रूम (112) और डीसीपी को घटना की जानकारी दी। विधायक के मुताबिक, यह इमारत महज 25 गज के छोटे से प्लॉट पर करीब पांच से छह मंजिल ऊंची बनाई गई थी। बताया जा रहा है कि इमारत का निर्माण करीब एक-दो साल पहले ही हुआ था और इसमें एक परिवार रहता था।

इतने छोटे भूखंड पर इतनी ऊंची इमारत के निर्माण को लेकर अब निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। बचाव अभियान पूरा होने के बाद यह भी स्पष्ट होने की उम्मीद है कि इमारत गिरने के पीछे निर्माण संबंधी खामी, ढांचे की कमजोरी या कोई अन्य वजह थी।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular