CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग तेज : जंतर-मंतर पर युवा कांग्रेस कार्यकर्ता हिरासत में, देश के कई हिस्सों में प्रदर्शन

नई दिल्ली, 25 सितम्बर। मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर शुक्रवार को देश के कई हिस्सों में विरोध प्रदर्शन देखने को मिला। इसी क्रम में राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस (IYC) के कार्यकर्ताओं ने रायसीना रोड से जंतर-मंतर तक मार्च किया।

हालांकि जंतर-मंतर पहुंचने के बाद प्रदर्शन कर रहे कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया। प्रदर्शनकारी ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग कर रहे थे। यह प्रदर्शन चुनाव आयोग के कामकाज और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर कांग्रेस के राष्ट्रव्यापी कार्यक्रम का हिस्सा था।

युवा कांग्रेस के अध्यक्ष उदय भानु चिब ने मीडिया से बातचीत में कहा कि उनका आंदोलन जारी रहेगा। उदय भान ने ज्ञानेश कुमार पर तीखे आरोप लगाते हुए कहा कि उन्होंने देश के 1.4 अरब लोगों के मतदान के अधिकार को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई सिर्फ कांग्रेस की नहीं, बल्कि देश के हर नागरिक की है और जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।

कई राज्यों में कांग्रेस का प्रदर्शन

ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कई राज्यों में प्रदर्शन किया। बिहार की राजधानी पटना में पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। पंजाब के चंडीगढ़ में भी पुलिस ने वाटर कैनन का इस्तेमाल किया और कुछ प्रदर्शनकारी पुलिस वाहनों के ऊपर चढ़ गए।

जम्मू-कश्मीर से लेकर मणिपुर तक प्रदर्शन

जम्मू-कश्मीर, असम, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और मणिपुर में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। शिमला में राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यालय के बाहर प्रदर्शन के दौरान आधिकारिक बोर्ड को काला किया गया। देहरादून में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने राज्य सचिवालय स्थित चुनाव कार्यालय की ओर मार्च किया।

मणिपुर में पुलिस से झड़प, आंसू गैस के गोले छोड़े

उधर पूर्वोत्तर राज्य मणिपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी के कार्यालय की ओर मार्च किया। प्रदर्शनकारियों ने CEC की गिरफ्तारी और मुकदमा चलाने की मांग की और उनका पुतला जलाया। प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई, जिसके बाद आंसू गैस के गोले छोड़े गए।

जम्मू में चुनाव आयोग कार्यालय के बाहर भारी पुलिस तैनाती रही जबकि श्रीनगर में कांग्रेस विधायकों ने विधानसभा के भीतर बैनर लेकर ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। लखनऊ, गुवाहाटी और कोलकाता में भी प्रदर्शन हुए।

SIR को लेकर पहले से जारी है राजनीतिक विवाद

गौरतलब है कि कांग्रेस ने चुनाव आयोग के कामकाज और SIR की प्रक्रिया पर सवाल उठाए हैं। वहीं चुनाव आयोग ने दो चुनाव आयुक्तों की आपत्तियों को संस्थागत असहमति के तौर पर पेश किए जाने को खारिज किया है। आयोग का कहना है कि परिचालन संबंधी सवाल, आंतरिक प्रतिक्रिया और प्रशासनिक सुझाव बहुसदस्यीय संवैधानिक संस्था के सामान्य कामकाज का हिस्सा हैं और SIR से जुड़े सभी अंतिम फैसले सर्वसम्मति से लिए गए हैं।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular