एशियाई खेल : भारत ने मिश्रित 4×400 मीटर रिले में लगातार तीसरा पदक जीता, सीमा को 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य

नागोया, 24 सितम्बर। भारतीय एथलीटों ने यहां 20वें एशियाई खेलों (Aichi-Nagoya 2026) की ट्रैक एंड फील्ड स्पर्धाओं में गुरुवार को अपने अभियान की सकारात्मक शुरुआत की। इस क्रम में सीमा कुमारी ने महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में कांस्य पदक हासिल किया तो मिश्रित 4X400 मीटर रिले टीम रजत पदक जीतकर जहां लगातार तीसरी बार पदक जीतने में सफल रही।

मनु, पूवम्मा, विशाल व रामराज के चौगुट ने जीता रजत

नागोया सिटी मिजुहो पार्क एथलेटिक स्टेडियम में टीएस मनु, एमआर पूवम्मा, विशाल टीके और विथ्या रामराज की चौकड़ी ने तीन मिनट 14.46 सेकेंड का समय लेकर रजत पदक जीता। बहरीन ने तीन मिनट 12.87 सेकेंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

हालांकि संयुक्त अरब अमीरात (UAE) की ओर से दर्ज कराई गई आपत्ति के कारण रिले दौड़ का परिणाम कुछ समय तक अनौपचारिक रहा। बाद में यूएई की अयोग्यता तय होने के बाद परिणाम को आधिकारिक कर दिया गया।

जकार्ता में स्वर्ण के भारतीय टीम हांगझू में दूसरे स्थान पर रही थी

इससे पहले सुबह भारत ने हीट दो में दूसरे स्थान पर रहते हुए मिश्रित चार गुणा 400 मीटर रिले के फाइनल में जगह बनाई थी। इस स्पर्धा को 2018 के जकार्ता एशियाई खेलों में पहली बार शामिल किया गया था और भारत ने तब स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद पिछले एशियाई खेलों (हांगझू 2023) में भारतीय टीम दूसरे स्थान पर रही थी।

 

पूवम्मा बोलीं – ‘अब 400 मीटर रिले में हम स्वर्ण जीतना चाहते हैं’

पूवम्मा ने बाद में कहा, ‘हम स्वर्ण पदक की उम्मीद कर रहे थे। लेकिन निश्चित रूप से हमें पता था कि बहरीन से कड़ी टक्कर मिलेगी। फिर भी हम सभी ने बहुत अच्छा प्रदर्शन किया। अब महिलाओं की 400 मीटर रिले में हम स्वर्ण जीतना चाहते हैं और पदक का रंग बदलना चाहते हैं।’

सीमा न एथलेटिक्स में भारत का पदक का खाता खोला

इसके पूर्व महिलाओं की 10 हजार मीटर दौड़ में 25 वर्षीय सीमा कुमारी ने एथलेटिक्स में भारत का पदक का खाता खोला। उन्होंने 32 मिनट 50.05 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 32 मिनट 39.18 सेकेंड के साथ स्वर्ण जबकि जापान की नोजोमी तनाका ने 32 मिनट 41.54 सेकेंड के समय से रजत पदक जीता।

महिलाओं की त्रिकूद में आशा इलांगो कांस्य पदक से चूकीं

हालांकि महिलाओं की त्रिकूद में आशा इलांगो कांस्य पदक से चूक गईं और काउंटबैक के आधार पर चौथे स्थान पर रहीं। आशा और चीन की यी ली दोनों ने 13.83 मीटर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया, लेकिन भारतीय खिलाड़ी को चौथे स्थान से संतोष करना पड़ा। चीन की खिलाड़ी का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास 13.79 मीटर रहा जबकि आशा का दूसरा सर्वश्रेष्ठ प्रयास 13.65 मीटर था।

अनिमेष व गुरिंदरवीर दूसरे 100 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में

इस बीच अनिमेष कुजूर ने पहले दौर की हीट एक में 10.36 सेकेंड के समय के साथ तीसरे स्थान पर रहते हुए 100 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में जगह बनाई। थाईलैंड के पुरीपोल बूनसन ने 9.95 सेकेंड के समय के साथ हीट एक जीती। उनका व्यक्तिगत सर्वश्रेष्ठ समय 9.94 सेकेंड है।

राष्ट्रीय रिकॉर्ड धारक गुरिंदरवीर सिंह ने भी हीट चार में दूसरा स्थान हासिल कर 100 मीटर सेमीफाइनल में जगह बनाई। उन्होंने 10.38 सेकेंड का समय निकाला। छह हीट में से प्रत्येक के शीर्ष तीन धावक और इसके बाद के छह सबसे तेज धावकों ने शुक्रवार को होने वाले सेमीफाइनल के लिए क्वालीफाई किया।

RELATED ARTICLES
- Advertisment -

Most Popular