नई दिल्ली, 16 सितम्बर। वेस्टइंडीज के खिलाफ इसी माह शुरू तीन एक दिनी और पांच टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों की घरेलू सीरीज के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बुधवार को राष्ट्रीय टीमों की घोषणा कर दी। इस क्रम में मध्यक्रम बल्लेबाज नमन धीर और पेसर आकिब नबी को पहली बार ODI टीम में चुना गया है।
जडेजा की भी वापसी, पंड्या अब तक फिट नहीं, उनकी जगह रेड्डी लेंगे
रवींद्र जडेजा की भी ODI टीम में वापसी हुई है, जिन्होंने आखिरी बार जनवरी में न्यूजीलैंड के खिलाफ एक दिनी मैच खेला था। वहीं हार्दिक पंड्या को अब तक ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ से फिटनेस क्लीयरेंस नहीं मिला है, लिहाजा नीतीश कुमार रेड्डी को एशियाई खेलों के लिए चयनित टीम से हटाकर विंडीज के खिलाफ सीरीज के निमित्त एक दिनी टीम में शामिल किया गया है।
हरियाणा के 26 वर्षीय धीर की बात करें तो उन्हें शुरू में ऑस्ट्रेलिया ए के खिलाफ एक दिनी मैचों के लिए चुना गया था और उन्होंने शेर-ए-पंजाब T20 लीग में दस मैचों में 217.61 की स्ट्राइक रेट से सर्वाधिक 655 रन ठोके थे, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 173 रहा। चूंकि एशियाई खेलो में श्रेयस अय्यर T20I टीम की कप्तानी कर रहे हैं, लिहाजा धीर और ऋतुराज गायकवाड़ को मध्यक्रम में बल्लेबाजी के लिए चुना गया है। वहीं केएल राहुल के बैक-अप विकेटकीपर के तौर पर ध्रुव जुरेल को भी शामिल किया गया है।
🚨 News 🚨#TeamIndia ODI & T20I squads announced for West Indies tour of India 2026, along with updated squad for Japan T20I & Asian Games.
More Details ▶️https://t.co/Lxx3Bz8Q14 pic.twitter.com/Y9RGlQ09XK
— BCCI (@BCCI) September 16, 2026
उधर बारामुला (जम्मू-कश्मीर) के 29 वर्षीय नबी श्रीलंका दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम में शामिल थे, लेकिन उन्होंने अब तक अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण नहीं किया है। वह उस सीम आक्रमण का हिस्सा हैं, जिसमें रेड्डी के अलावा मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार शामिल हैं।
सीरीज के मैचों का कार्यक्रम
तिरुवनंतपुरम (27 सितम्बर), गुवाहाटी (30 सितम्बर) व न्यू चंडीगढ़ (तीन अक्टूबर) में खेले जाने वाले तीन दिवा-रात्रि ODI के बाद पांच टी20 मैचों की सीरीज होगी। वे मैच क्रमशः लखनऊ (छह अक्टूबर), रांची (नौ अक्टूबर), इंदौर (11 अक्टूबर), हैदराबाद (14 अक्टूबर) व बेंगलुरु (17 अक्टूबर) में खेले जाएंगे। चूंकि आइची-नागोया एशियाई खेलों में क्रिकेट स्पर्धा तीन अक्टूबर को खत्म हो जाएगी, लिहाजा अय्यर और उनकी टीम तब तक वापस आ जाएगी।
टी20 टीम में मयंक व प्रिंस भी शामिल, बुमराह किसी भी टीम में नहीं
उधर टी20 सीरीज के लिए नियमित खिलाड़ियों के अलावा मयंक यादव व प्रिंस यादव को भी शामिल किया गया है। ये दोनों उस T20I टीम का हिस्सा थे, जिसने इस वर्ष की शुरुआत में जिम्बाब्वे का दौरा किया था। हालांकि जसप्रीत बुमराह, जिन्होंने अफगानिस्तान के खिलाफ चल रही T20I सीरीज से वापसी की है, किसी भी टीम का हिस्सा नहीं हैं।
एक दिनी टीम : शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, केएल राहुल (उप कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), नीतीश कुमार रेड्डी, रवींद्र जड़ेजा, कुलदीप यादव, प्रसिद्ध कृष्णा, गुरनूर बरार, मोहम्मद सिराज, आकिब नबी, यशस्वी जयसवाल व नमन धीर।
टी20 टीम : श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा (उप कप्तान), शिवम दुबे, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, वॉशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, नीतीश कुमार रेड्डी, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव व मयंक यादव।


