Independence Day 2026: CM योगी समेत कई मुख्यमंत्रियों ने दी 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई, ‘राष्ट्र प्रथम’ और विकसित भारत पर जोर

नई दिल्ली, 15 अगस्त। देश शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस मना रहा है। इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने देशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। मुख्यमंत्रियों ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर शहीदों और सेनानियों को नमन करते हुए राष्ट्रहित, आत्मनिर्भरता और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प दोहराया।

CM योगी बोले- ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर प्रदेशवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता का यह पावन पर्व मां भारती के गौरव, अमर बलिदानियों के त्याग और राष्ट्र के स्वाभिमान का प्रतीक है।

सीएम योगी ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात वीरों को नमन करते हुए लोगों से उनके त्याग से प्रेरणा लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना को आत्मसात करते हुए कर्तव्यनिष्ठा और जनभागीदारी के जरिए ‘विकसित भारत’ और ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को पूरा करने में योगदान देना चाहिए।

धामी ने शहीदों के त्याग को किया नमन

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी स्वतंत्रता दिवस पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह दिन उन वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और अदम्य साहस को याद करने का अवसर है, जिन्होंने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्यौछावर कर दिया।

धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत आत्मविश्वास के साथ नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने देशवासियों से राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए सशक्त, समृद्ध और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लेने की अपील की।

सम्राट चौधरी बोले- समृद्ध बिहार के निर्माण का संकल्प होगा पूरा

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने स्वतंत्रता दिवस की बधाई देते हुए स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि उनके संघर्ष के कारण देश को स्वतंत्रता मिली। सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में बिहार को मिल रहे सहयोग और संसाधनों का बेहतर इस्तेमाल करते हुए सभी मिलकर समृद्ध बिहार के निर्माण का संकल्प पूरा करेंगे। उन्होंने विकास की यात्रा में समाज के हर वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

मोहन यादव ने कहा- स्वतंत्रता दिवस आत्ममंथन का अवसर भी

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्वतंत्रता दिवस पर अमर बलिदानियों को श्रद्धापूर्वक नमन किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस सिर्फ राष्ट्रीय पर्व नहीं, बल्कि आत्ममंथन करने और राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका को याद करने का अवसर भी है। उन्होंने लोगों से विकसित, समृद्ध और आत्मनिर्भर मध्य प्रदेश के साथ सशक्त भारत के निर्माण के लिए अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लेने की अपील की।

भजनलाल शर्मा ने एकता और अखंडता मजबूत करने की अपील की

राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन उन अनगिनत वीर सपूतों के त्याग, तपस्या और बलिदान की याद दिलाता है, जिनके संघर्ष से देशवासियों को स्वतंत्र भारत में जीने का गौरव मिला। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों और संकल्पों को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को और मजबूत करना चाहिए। साथ ही विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक को योगदान देना चाहिए।

हिमंता बिस्वा सरमा ने एकता और संवैधानिक मूल्यों पर दिया जोर

असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा ने स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के साहस, त्याग और अटूट संकल्प को याद करते हुए उनकी अमर विरासत को नमन किया।

उन्होंने कहा कि आजादी की भावना का जश्न मनाते हुए देशवासियों को एकता, संवैधानिक मूल्यों, आत्मनिर्भरता और सामूहिक प्रगति के प्रति अपने संकल्प को दोहराना चाहिए। उन्होंने विकसित भारत के निर्माण में हर नागरिक की भागीदारी पर जोर दिया।

सुवेंदु अधिकारी ने विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प दोहराया

पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने भी स्वतंत्रता दिवस पर देशवासियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों और स्वतंत्रता आंदोलन के दूरदर्शी नेताओं की विरासत को याद करते हुए आत्मनिर्भर और विकसित भारत के निर्माण का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि तिरंगा हमेशा गर्व के साथ ऊंचा लहराता रहे और देश की एकता व गौरव और मजबूत हो।

RELATED ARTICLES

Most Popular