नाइट क्लब विवाद के बाद बेन स्टोक्स की कप्तानी खतरे में, अंग्रेज कप्तान के संन्यास की भी अटकलें
लंदन, 9 जून। लंदन के नाइट क्लब में रविवार की देर रात हुए एक विवाद में कथित संलिप्तता के बाद इंग्लैंड टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स की कप्तानी खतरे में पड़ गई है। अटकलें तो ये भी लगाई जा रही है कि स्टोक्स अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा भी कर सकते हैं।
नाइट क्लब में रग्बी खिलाड़ी टोटोआ के साथ स्टोक्स व एटकिंसन की हाथापाई
दरअसल, ऐतिहासिक लार्ड्स ग्राउंड पर रविवार को पहले टेस्ट में न्यूजीलैंड पर इंग्लैंड की 115 रनों से शानदार जीत के बाद उसी रात नाइट क्लब में कथित तौर पर सारासेन्स रग्बी खिलाड़ी टोटोआ औवा के साथ स्टोक्स व उनके साथी क्रिकेटर गस एटकिंसन की हाथापाई हुई।
ईसीबी कर रहा टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच
इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने घटना की जांच शुरू कर दी है। ईसीबी ने एक बयान में कहा, ‘न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट की समाप्ति के बाद टीम प्रोटोकॉल के उल्लंघन की जांच की जा रही है। हम फिलहाल मामले से संबंधित अतिरिक्त जानकारी जुटा रहे हैं। दूसरे टेस्ट के लिए टीम की घोषणा उचित समय पर की जाएगी। मामले की जानकारी ‘क्रिकेट रेगुलेटर’ को भी दे दी गई है और कोई अपडेट मिलने पर आगे की जानकारी साझा की जाएगी।’ हालांकि ECB के सूत्रों ने जोर देकर कहा कि क्रिकेटर हमलावर नहीं थे।
हाथापाई में सुरक्षा अधिकारी को चोट लगी, जिसे टांके भी लगवाने पड़े
‘द टेलीग्राफ’ की रिपोर्ट के अनुसार पहला टेस्ट जीतने के बाद इंग्लैंड के कुछ खिलाड़ी सारासेन्स टीम से मिले, जो कि लंदन में पब क्रॉल के जरिए अपना घरेलू सीजन खत्म होने का जश्न मना रहे थे। आखिरकार वे चेल्सी के रेक्स रूम में पहुंचे, जहां टीम द्वारा मिडनाइट कर्फ्यू लगाए जाने के बाद इंग्लैंड के दो खिलाड़ी स्टोक्स व एटकिंसन मौजूद थे, जो औवा से उलझ गए। नौबत हाथापाई तक जा पहुंची। इस हाथापाई में सुरक्षा अधिकारी को चोट लगी, जिसे टांके भी लगवाने पड़े।
वहीं सारासेन्स ने अपने एक बयान में कहा कि क्लब को इस घटना के बारे में पता है। क्लब इससे संबंधित जानकारी जुटा रहा है और संबंधित अधिकारियों और इसमें शामिल लोगों के संपर्क में है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद मामले की समीक्षा की जाएगी और उचित काररवाई की जाएगी।
ईसीबी ने दिया विकल्प – स्टोक्स अपनी शर्तों पर छोड़ें कप्तानी, टेस्ट करिअर जारी रखें
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार ईसीबी ने सोमवार को स्टोक्स को कप्तानी छोड़ने का विकल्प दिया था, यानी वह अपनी शर्तों पर कप्तानी छोड़ें और अपना टेस्ट करिअर आगे जारी रखें। यदि स्टोक्स यह विकल्प नहीं चुनते, तब भी ऐसी स्थिति में ECB स्टोक्स को उनके पद से हटा सकता है।
हालांकि एक बड़ी संभावना यह भी सामने आई है कि स्टोक्स पूरी तरह से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेने की ही घोषणा कर सकते हैं। माना जा रहा है कि 35 वर्षीय स्टोक्स इस पहलू पर विचार कर रहे हैं क्योंकि ताजा घटना के बाद उनके और गवर्निंग बॉडी के बीच तनाव पैदा हो गया है।
उल्लेखनीय है कि स्टोक्स ने 2022 टी20 विश्व कप के बाद टी20 इंटरनेशनल और 2023 विश्व कप के बाद वनडे मैच नहीं खेला है। वह अब सिर्फ टेस्ट ही खेलते हैं। लेकिन इतने ऊंचे स्तर पर 15 वर्ष के अपने करिअर को इस तरह से समाप्त करना एक बड़ा फैसला होगा। स्टोक्स के लिए एक दूसरा रास्ता ब्रेक लेने का भी हो सकता है। उन्होंने जो रूट से इंग्लैंड की कप्तानी संभालने से एक वर्ष पहले 2021 में मानसिक स्वास्थ्य कारणों से अनिश्चितकाल के लिए छुट्टी भी ली थी।
उप कप्तान हैरी ब्रूक पहली बार संभाल सकते हैं टेस्ट टीम की कप्तानी
ऐसी उम्मीद की जा रही है कि स्टोक्स की ओर से कोई स्पष्टता मिलने तक इंग्लैंड दूसरे टेस्ट के लिए अपनी टीम की घोषणा को टाल सकता है। 17 जून से ओवल में न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा टेस्ट शुरू होना है और स्टोक्स व एटकिंसन को इस मुकाबले के लिए किसी भी स्थिति में निलंबन झेलना पड़ सकता है क्योंकि सोमवार को रेक्स रूम में हुई घटना को स्वतंत्र क्रिकेट रेगुलटर के पास भेज दिया गया है। ऐसी परिस्थिति में वर्तमान में उप कप्तान हैरी ब्रूक पहली बार टेस्ट में इंग्लैंड की कप्तानी संभाल सकते हैं।
