सिंगापुर ओपन : सिंधु व लक्ष्य की चुनौती टूटी, सात्विक-चिराग और ध्रुव-तनीषा की जोड़ियां सेमीफाइनल में
सिंगापुर, 29 मई। वर्ष 2022 की चैम्पियन पीवी सिंधु और 2026 ऑल इंग्लैंड के उपविजेता लक्ष्य सेन शुक्रवार को यहां 10 लाख डॉलर ईनामी सिंगापुर ओपन सुपर 750 बैडमिंटन टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में हारकर बाहर हो गए। लेकिन पुरुष युगल की दिग्गज जोड़ी सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी व चिराग शेट्टी ने कड़े मुकाबले में जीत के सहारे सेमीफाइनल में जगह बना ली।
🇮🇳 KFF Singapore Open 2026 The Semifinals are Here!
Indian players take to the court tomorrow for the semifinal round in Singapore. 🏸
SWIPE ➡️ to see the full fixtures and JioHotstar streaming timings.
📺 JioHotstar Coverage starts tomorrow at 9:30 AM IST pic.twitter.com/qM0OeQ3nWl
— BAI Media (@BAI_Media) May 29, 2026
विश्व नंबर एक कोरियाई एन से यंग से फिर पार नहीं पा सकीं सिंधु
सिंगापुर इनडोर स्टेडियम के कोर्ट नंबर एक पर खेले गए दिन के तीसरे मैच में सिंधु विश्व नंबर एक दक्षिण कोरियाई एन से यंग से एक बार फिर पार नहीं पा सकीं और 48 मिनट में 17-21, 14-21 से हार गईं। दो बार की ओलम्पिक पदक विजेता सिंधू ने बीच-बीच में अपने आक्रामक खेल की झलक दिखाई और कुछ चरणों में कोरियाई खिलाड़ी पर दबाव बनाने में सफल रहीं, लेकिन निर्णायक क्षणों में एन से यंग का बेहतर नियंत्रण, बेहतरीन मूवमेंट और महत्वपूर्ण अंकों को भुनाने की क्षमता हावी रही।
World No.1 An Se Young 🇰🇷 competes against Pusarla V. Sindhu 🇮🇳.#BWFWorldTour #SingaporeOpen2026 pic.twitter.com/P8cqpOP4ev
— BWF (@bwfmedia) May 29, 2026
यंग के खिलाफ सिंधु की हार का सिलसिला 0-9 तक पहुंचा
विश्व रैंकिंग में 12वें क्रम पर कायम 30 वर्षीय सिंधु का इस हार के साथ ही ओलम्पिक चैम्पियन यंग के खिलाफ मैच रिकॉर्ड 0-9 हो गया है। इन मुकाबलों में वह सिर्फ एक बार ही गेम जीत सकी हैं, जो 2023 बैडमिंटन एशिया चैम्पियनशिप में संभव हुआ था।
जापानी कोकी वातानबे से तीन गेमों के संघर्ष में हारे लक्ष्य
उधर पुरुष एकल में कोर्ट नंबर दो पर विश्व नंबर 10 लक्ष्य सेन को 78 मिनट तक चले क्वार्टरफाइनल में जापान के कोकी वातानाबे के हाथों 19-21, 21-15, 15-21 से हार का सामना करना पड़ा। 24 वर्षीय लक्ष्य ने दूसरे गेम में बेहतर प्रदर्शन करते हुए मुकाबले को निर्णायक गेम में पहुंचाया, लेकिन कोकी ने अंतिम गेम में भारतीय शटलर को ज्यादा मौके नहीं दिए।
सात्विक-चिराग तीन गेमों के संघर्ष में जीते
इस बीच एशियाई खेलों के चैम्पियन और यहां चौथी वरीयता लेकर उतरे सात्विक व चिराग ने कोर्ट नंबर दो पर एक गेम से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और मलेशिया के खाई शिंग कांग व एरोन ताई को 65 मिनट की कश्मकश में 19-21, 21-17, 21-13 से हराया।
अब विश्व नंबर एक कोरियाई जोड़ी से होगी मुलाकात
विश्व नंबर चार भारतीय जोड़ी का मुकाबला अब शीर्ष वरीयता प्राप्त कोरिया के किम वॉन हो व सियो सेउंग जे से होगा, जिन्होंने सातवीं वरीयता प्राप्त ताकुरो होकी व युगो कोबायाशी की जापानी जोड़ी को 21-19, 21-18 से परास्त किया।
Two Indians have officially broken into the Semi-Finals at the Singapore Open 2026. 🏸🇮🇳 Absolutely clinical performances on the court.
The quest for glory is well and truly on! 💯
📸 @badmintonphoto pic.twitter.com/Mez5N7DQrh
— BAI Media (@BAI_Media) May 29, 2026
कपिला व तनीषा के खिलाफ तीसरी सीड मलेशियाई जोड़ी चोट के चलते हटी
वहीं मिश्रित युगल में ध्रुव कपिला व तनीषा क्रास्टो की जोड़ी चेन तांग जी व तोह ई वेई की तीसरी वरीयता प्राप्त मलेशियाई जोड़ी के शुरुआती गेम के दौरान ही मैच से हटने से सेमीफाइनल में पहुंच गई। फाइनल में जगह बनाने के लिए अब इस भारतीय जोड़ी का मुकाबला जापान के युइची शिमोगामी और सायाका होबारा की जोड़ी से होगा।
