यूपी : अलीगढ़ में पुलिस टीम पर पथराव, कई जवान घायल, 19 गिरफ्तार, 200 अज्ञात के खिलाफ FIR
अलीगढ़, 26 अप्रैल। उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले में थाना रोरावर क्षेत्र के गांव नौगवां अर्जुनपुर में रविवार को पुलिसिया काररवाई के दौरान बवाल हो गया, जब जमीन विवाद के एक मामले में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों की पत्थरबाजी में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाना पड़ा।
गिरफ्तार लोगों में मुख्य आरोपित और 4 महिलाएं भी शामिल
पुलिस अधीक्षक नगर आदित्य बंसल ने बताया कि थाना रोरावर में इस मामले में 38 नामजद और करीब 150 से 200 अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से 19 लोगों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें चार महिलाएं भी शामिल हैं। पुलिस जिस मुख्य आरोपित को पकड़ने गई थी, उसे भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
जमीन विवाद के मुकदमे में आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पहुंची थी पुलिस टीम
प्राप्त जानकारी के अनुसार पिछले मार्च माह में रोरावर थाना क्षेत्र में एक जमीन विवाद को लेकर मुकदमा दर्ज किया गया था। इस मामले में मेहंदी हसन, रियाजुद्दीन उर्फ राजू, साजिद और समर जहां सहित अन्य लोगों पर आरोप था कि उन्होंने विनीत कुमार की जमीन पर जबरन कब्जा करने की कोशिश की और विरोध करने पर जानलेवा हमला भी किया। इसी मामले में पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए रविवार को नौगवां अर्जुनपुर गांव में दबिश देने पहुंची थी।
नौगवां अर्जुनपुर गांव में पीएसी तैनात
पुलिस टीम आरोपितों को पकड़ने लगी, उसी दौरान गांव के कुछ लोग इकट्ठा हो गए और गिरफ्तारी का विरोध करने लगे। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई और भीड़ ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस दौरान पत्थरबाजी और धक्का-मुक्की में कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। हालात बिगड़ते देख पुलिस ने अतिरिक्त फोर्स को मौके पर बुलाया और स्थिति को नियंत्रण में लिया। फिलहाल गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है।
एसपी सिटी ने बताया कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और वीडियो व अन्य साक्ष्यों के आधार पर बाकी आरोपितों की पहचान की जा रही है। जो भी लोग पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने और हमला करने में शामिल पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी काररवाई की जाएगी। फिलहाल घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बना हुआ है। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए गांव में पुलिस लगातार गश्त कर रही है।
