लेबनान-इजराइल के बीच 10 दिनों के लिए सीजफायर का एलान, डोनाल्ड ट्रंप ने दी जानकारी
वॉशिंगटन, 16 अप्रैल। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इजराइल और लेबनान के बीच जारी संघर्ष के बीच बड़ा एलान करते हुए कहा कि दोनों देशों के बीच 10 दिनों के लिए युद्धविराम सहमति बन गई है।
ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर गुरुवार को यह जानकारी साझा करते हुए कहा कि उनकी लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और इजराइली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से काफी अच्छी बातचीत हुई है। दोनों नेताओं ने अपने देशों के बीच शांति कायम करने के लिए 10 दिनों के सीजफायर पर सहमति जताई है। यह निर्णय क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने के उद्देश्य से लिया गया है। यह युद्ध विराम अमेरिकी समयानुसार गुरुवार शाम पांच बजे से लागू होगा।
𝗗𝗼𝗻𝗮𝗹𝗱 𝗝. 𝗧𝗿𝘂𝗺𝗽 𝗧𝗿𝘂𝘁𝗵 𝗦𝗼𝗰𝗶𝗮𝗹 𝗣𝗼𝘀𝘁 𝟭𝟭:𝟯𝟲 𝗔𝗠 𝗘𝗦𝗧 𝟬𝟰.𝟭𝟲.𝟮𝟲
I just had excellent conversations with the Highly Respected President Joseph Aoun, of Lebanon, and Prime Minister Bibi Netanyahu, of Israel. These two Leaders have agreed that in…
— Commentary Donald J. Trump Posts From Truth Social (@TrumpDailyPosts) April 16, 2026
अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी बताया कि मंगलवार को 34 वर्ष में पहली बार इजराइल और लेबनान के प्रतिनिधियों ने वॉशिंगटन डी.सी. में मुलाकात की। इस बैठक में अमेरिका के विदेश मंत्री मार्को रूबियो भी शामिल रहे। इसी क्रम में ट्रंप ने उप राष्ट्रपति जेडी वेंस, विदेश मंत्री मार्को रूबियो और ज्वाइंट चीफ्स ऑफ स्टाफ के चेयरमैन डैन रेजिन केन को निर्देश दिए हैं कि वे इजराइल और लेबनान के साथ मिलकर स्थायी शांति की दिशा में काम करें। ट्रंप ने अंत में कहा कि दुनिया में अब तक नौ युद्धों को सुलझाने की कोशिश करना उनके लिए गर्व की बात रही है और यह उनका 10वां प्रयास होगा, जिसे वे पूरा करके दिखाना चाहते हैं।
40 दिनों से जारी है जंग
गौरतलब है कि पिछले हफ्ते अमेरिका और ईरान के बीच इस्लामाबाद में हुई वार्ता बिना किसी नतीजे के खत्म हो गई थी। इसके बाद अमेरिका ने ईरान के बंदरगाहों पर नाकेबंदी लागू कर दी थी। गत 28 फरवरी से शुरू हुए इस युद्ध का असर वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर पड़ा है। ईरान ने होर्मुज को बंद कर दिया है। वहीं लेबनान दो मार्च को इस संघर्ष में शामिल हुआ था, जब ईरान समर्थित हिजबुल्लाह ने इजराइल पर हमले किए थे।
