1. Home
  2. हिन्दी
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार – अमेरिका से बातचीत की सारी गुंजाइश खत्म, सारे राजनयिक रिश्ते भी तोड़े
ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार – अमेरिका से बातचीत की सारी गुंजाइश खत्म, सारे राजनयिक रिश्ते भी तोड़े

ट्रंप की धमकी पर ईरान का पलटवार – अमेरिका से बातचीत की सारी गुंजाइश खत्म, सारे राजनयिक रिश्ते भी तोड़े

0
Social Share

नई दिल्ली, 8 अप्रैल। डोनाल्ड ट्रंप की नई धमकी पर पलटवार करते हुए ईरान ने मंगलवार की रात कहा कि बातचीत की सारी गुंजाइश खत्म हो चुकी है और अमेरिका से कोई बात नहीं होगी। इसी क्रम में ईरान ने अमेरिका से सभी राजनयिक रिश्तों को तोड़ने का एलान कर दिया।

खाड़ी के अमेरिकी सहयोगियों को रहने लायक नहीं छोड़ा जाएगा

इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कोर (IRGC) ने कहा कि खाड़ी के अमेरिकी सहयोगियों के शहरों को रहने लायक नहीं छोड़ा जाएगा। अमेरिका और उसके सहयोगियों के लिए इस क्षेत्र से तेल और गैस लेना एक सपना बन जाएगा। होर्मुज के साथ-साथ बाब अल मंदेब जलडमरूमध्य भी बंद कर दिया जाएगा।

1.40 करोड़ ईरानी देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने के लिए तैयार – राष्ट्रपति मसूद

राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान ने भी ट्रंप को चेतावनी दी है कि एक करोड़ 40 लाख ईरानी अपने देश की रक्षा के लिए सर्वोच्च बलिदान देने के लिए तैयार हैं। वहीं इजराइल सेना ने ईरान के लोगों को आगाह किया है कि वे रात नौ बजे के बाद ट्रेन से सफर न करें। अमेरिकी धमकी के चलते ऊर्जा संयंत्रों के आसपास एकजुटता प्रदर्शित करने के लिए मानव श्रृंखला बनाई गई।

भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों को दी सलाह

इधर ईरान में बढ़ते सुरक्षा जोखिम के बीच भारतीय दूतावास ने वहां मौजूद भारतीय नागरिकों को अगले 48 घंटे तक जहां हैं, वहीं सुरक्षित रहने की सलाह दी है। वहीं अमेरिका ने बहरीन समेत तमाम देशों में अपने नागरिकों को सुरक्षित ठिकानों पर जाने की सलाह दी है।

समझौता कराने की पर्दे के पीछे से लगातार कोशिशें भी आखिरी पल तक जारी

इस बीच न्यूयार्क टाइम्स के अनुसार, धमकियों व चेतावनियों के बीच अमेरिका और ईरान के बीच समझौता कराने की पर्दे के पीछे से लगातार कोशिशें भी आखिरी पल तक जारी रहीं। एक अमेरिकी अधिकारी ने बताया कि ईरान के साथ सकारात्मक बातचीत जारी है और समयसीमा के भीतर समाधान निकल सकता है।

ईरान में मंगलवार को हुए हमलों में 35 से ज्यादा लोग मारे गए

हालांकि जारी युद्ध के बीच ही ईरान में मंगलवार को हुए हमलों में 35 से ज्यादा लोग मारे गए। वहीं दूसरी ओर ईरान ने सऊदी अरब के जुबैल पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स पर हमला किया, जिस पर पाकिस्तान ने ईरान की आलोचना की। संयुक्त राष्ट्र में ईरान के दूत ने कहा कि ट्रंप युद्ध अपराध की दिशा में बढ़ रहे हैं।

अल्टीमेटम की अवधि खत्म होने से पहले ट्रंप की ईरान को धमकी- आज रात एक सभ्यता पूरी तरह होगी नष्ट

इसके पूर्व पश्चिम एशिया में छिड़े सैन्य संघर्ष के 39वें दिन तनाव तब चरम पर पहुंच गया, जब समझौते के लिए दी गई समयसीमा से पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ने ट्रुथ सोशल पर लिखा कि यदि ईरान अब भी नहीं माना तो आज की रात समूची सभ्यता का अंत हो जाएगा और इसे दोबारा वापस नहीं लाया जा सकेगा।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code