1. Home
  2. हिन्दी
  3. राष्ट्रीय
  4. मन की बात : जम्मू-कश्मीर ने 67 साल बाद रणजी ट्रॉफी में हासिल की शानदार जीत, पीएम मोदी ने सराहा
मन की बात : जम्मू-कश्मीर ने 67 साल बाद रणजी ट्रॉफी में हासिल की शानदार जीत, पीएम मोदी ने सराहा

मन की बात : जम्मू-कश्मीर ने 67 साल बाद रणजी ट्रॉफी में हासिल की शानदार जीत, पीएम मोदी ने सराहा

0
Social Share

नई दिल्ली, 29 मार्च। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने पहली बार रणजी ट्रॉफी खिताब जीतने वाली जम्मू कश्मीर की क्रिकेट टीम की रविवार को तारीफ करते हुए उम्मीद जताई कि भविष्य में भी वहां के खिलाड़ियों की जीत का सिलसिला जारी रहेगा । रेडियो पर अपने मासिक कार्यक्रम ‘मन की बात’ में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि देश के क्रिकेटप्रेमियों के लिये मार्च का महीना उत्साह और रोमांच से भरा रहा। उन्होंने कहा कि भारत ने जब टी20 विश्व कप जीता तो पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई और सभी देशवासियों को टीम की शानदार सफलता पर गर्व है।

उन्होंने कहा कि पिछले महीने के आखिर में कर्नाटक के हुबली में एक बहुत ही रोचक मैच में जम्मू कश्मीर क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी जीती। मोदी ने कहा ,” सबसे खुशी की बात है कि करीब सात दशक के लंबे इंतजार के बाद इस टीम ने अपना पहला रणजी खिताब हासिल किया । यह अभूतपूर्व सफलता खिलाड़ियों के कई बरसों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है ।” उन्होंने कहा ,” जम्मू कश्मीर टीम के कप्तान पारस डोगरा ने अद्भुत कौशल का प्रदर्शन किया। अपने नेतृत्व से इस जीत में उन्होंने एक अहम योगदान दिया ।”

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि आज देश में कश्मीर के युवा गेंदबाज आकिब नबी के प्रदर्शन की भी चर्चा हो रही है जिन्होंने रणजी सत्र में 60 विकेट लिये। उन्होंने कहा ,” इस जीत से टीम के खिलाड़ी और कोचिंग स्टाफ के साथ जम्मू कश्मीर के लोग बहुत रोमांचित हैं ।क्रिकेट के मैदान में इस शानदार प्रदर्शन के बाद वहां के युवाओं में खेलों के प्रति उत्साह और बढ गया । आने वाले समय में यह कई युवाओं को खेलों को अपनाने के लिये प्रेरित करेगा ।”

उन्होंने कहा ,” जम्मू कश्मीर के लोगों में खेलों को लेकर गजब का जज्बा रहा है । मुझे खुशी है कि यह बड़े खेल आयोजनों का केंद्र भी बनता जा रहा है ।” मोदी ने कहा कि खेलो इंडिया विंटर खेलों के लिये गुलमर्ग पहले ही अपनी पहचान बना चुका है और फुटबॉल जैसे खेल भी वहां के युवाओं के बीच काफी लोकप्रिय हैं । उन्होंने कहा ,” मुझे आशा है कि आने वाले समय में जम्मू कश्मीर के खिलाड़ियों की जीत का यह सिलसिला यूं ही जारी रहेगा ।”

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code