मुंबई, 22 अक्टूबर। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के मामले में जांच के दौरान एक और अहम जानकारी सामने आई है। मुंबई पुलिस से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले बंदूक चलाने की प्रैक्टिस की थी। पूछताछ में आरोपियों ने उस जगह के बारे में जानकारी दी है, जहां उन्होंने हथियार की जांच करने के लिए गोलियां चलाई थीं।
वारदात से पहले हथियार चलाकर की जांच
पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपियों ने मुंबई के पास एक स्थान पर बंदूक चलाकर यह सुनिश्चित किया था कि हथियार ठीक से काम कर रहा है या नहीं। बताया जा रहा है कि प्रैक्टिस के दौरान एक आरोपी ने दो गोलियां चलाईं, जबकि दूसरे ने एक गोली चलाकर हथियार की जांच की। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी अंधेरी के जिस होटल में ठहरे हुए थे, वहां कमरे में बंदूक की जांच के दौरान मिसफायर हुआ था। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान गोली बेड पर जा लगी। हालांकि, कथित तौर पर हुई इस घटना के बावजूद होटल के कर्मचारियों या आसपास मौजूद लोगों को इसकी भनक नहीं लगी। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर फायरिंग की प्रैक्टिस वाली जगह और वारदात से पहले की गई तैयारियों की पड़ताल कर रही है।
18 अक्टूबर को टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई थी फायरिंग
बता दें कि 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की घटना हुई थी। आरोप है कि हमलावरों ने कार के पास से गोलियां चलाईं। इस घटना में टाइगर के ड्राइवर के अलावा एक ऑटो चालक के भी घायल होने की जानकारी सामने आई थी।
मामले में करीब सात आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक तीन कथित शूटरों समेत करीब सात आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी दी गई है। तीनों शूटरों को राजस्थान के कोटा से गिरफ्तार किया गया था। वहीं, दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने हथियारों की आपूर्ति करने के आरोप में कुणाल, सुमित, राधा और बबीता को गिरफ्तार किया। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर हथियारों की सप्लाई, फायरिंग से पहले की तैयारियों और वारदात में शामिल अन्य संभावित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। मामले में आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के तहत होगी।


