1. Home
  2. हिन्दी
  3. खेल
  4. ICC टी20 विश्व कप : नेपाल ने अंग्रेजों का पसीना छुड़ाया, न्यूजीलैंड की अफगानिस्तान पर आसान जीत
ICC टी20 विश्व कप : नेपाल ने अंग्रेजों का पसीना छुड़ाया, न्यूजीलैंड की अफगानिस्तान पर आसान जीत

ICC टी20 विश्व कप : नेपाल ने अंग्रेजों का पसीना छुड़ाया, न्यूजीलैंड की अफगानिस्तान पर आसान जीत

0
Social Share

मुंबई, 8 फरवरी। एसोसिएट सदस्य नेपाल ने ICC टी 20 विश्व कप क्रिकेट टूर्नामेंट में रविवार को यहां दिग्गज अंग्रेजों को पसीना छुड़ा दिया और दिल की धड़कनों को बढ़ाने देने वाले अंतिम गेंद तक खिंचे ग्रुप सी के मुकाबले में इंग्लैंड चार रनों की जीत हासिल कर सका। उधर चेन्नई में न्यूजीलैंड ने ग्रुप डी मैच में अफगानिस्तान को 13 गेंदों के रहते पांच विकेट से मात दी।

इंग्लैंड अंतिम गेंद पर 4 रनों से जीत हासिल कर सका

वानखेड़े स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करने उतरे इंग्लैंड ने जैकब बेथल (55 रन, 35 गेंद, चार छक्के, चार चौके) व कप्तान हैरी ब्रूक (53 रन, 32 गेंद, तीन छक्के, चार चौके) के तेजतर्रार अर्धशतकीय प्रहारों के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ विल जैक्स (नाबाद 39 रन, 18 गेंद, चार छक्के, एक चौका) के प्रयासों से सात विकेट पर 184 रन बनाए। जवाब में नेपाली टीम मध्यक्रम बल्लेबाजों की संघर्षपूर्ण पारियों से छह विकेट पर 180 रनों तक जा पहुंची थी।

स्कोर कार्ड

अंग्रेज आक्रमण को देखते हुए अपेक्षाकृत कठिन लक्ष्य के सामने नेपाली बल्लेबाज तनिक भी विचलित नजर नहीं आए और ओपनर कौशल भर्तेल (29 रन, 17 गेंद, एक छक्का, चार चौके) के बाद दीपेंद्र सिंह ऐरी (44 रन, 29 गेंद, एक छक्का, छह चौके), कप्तान रोहित पौडेल (44 रन, 29 गेंद,दो छक्के, दो चौके) व लोकेश बाम (नाबाद 39 रन, 20 गेंद, दो छक्के, चार चौके) ने आकर्षक प्रहारों से टीम को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया। अंतिम ओवर में नेपाल को 10 रनों की दरकार थी, लेकिन सैम करेन ने लोकेश व उनके सहयोगी को पांच रन ही बनाने दिए।

अंक तालिका   

उधर चेन्नई के एमए चिदांबरम स्टेडियम में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरे अफगानिस्तान ने गुलबदीन नाइब के दमदार पचासे (63 रन, 35 गेंद, चार छक्के, तीन चौके) की मदद से छह विकेट पर 182 रन बनाए। जवाब में कीवियों ने ओपनर टिम साइफर्ट (65 रन, 42 गेंद,तीन छक्के, सात चौके) व ग्लेन फिलिप्स (42 रन, 25 गेंद, एक छक्का, सात चौके) की तूफानी पारियों के सहारे 17.5 ओवरों में पांच विकेट पर 183 रन बना लिए।

न्यूजीलैंड बनाम अफगानिस्तान मैच का स्कोर कार्ड

‘प्लेयर ऑफ द मैच’ साइफर्ट व फिलिप्स के बीच तीसरे विकेट के लिए 74 रनों की साझेदारी के बाद डेरिल मिचेल (नाबाद 28 रन, 14 गेंद, एक छक्का, एक चौका) व कप्तान मिचेल सैंटनर (नाबाद 17 रन, आठ गेंद, एक छक्का, दो चौके) ने 13 गेंदों पर अटूट 28 रनों की साझेदारी से दल को मंजिल दिलाई।

Join our WhatsApp Channel

And stay informed with the latest news and updates.

Join Now
revoi whats app qr code