महाराष्ट्र निकाय चुनाव में भी महायुति का परचम : भाजपा- शिवसेना-NCP गठबंधन 200 से अधिक सीटों पर आगे

मुंबई, 21 दिसम्बर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा), शिवसेना (शिंदे गुट) व राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP, अजित पवार गुट) के गठबंधन यानी सत्तारूढ़ महायुति ने बीते वर्ष के राज्य विधानसभा चुनाव के बाद अब महाराष्ट्र नगर निकाय चुनावों में भी परचम लहरा दिया है। रविवार को हो रही मतों की गिनती में अब तक मिले रुझानों के अनुसार 214 स्थानीय निकायों में स्पष्ट बढ़त बनाए हुए है।

288 नगर परिषदों और नगर पंचायतों में से 253 में जारी मतगणना में भाजपा 118, एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना 59 और अजित पवार की अगुआई वाली एनसीपी 37 निकायों में आगे चल रही है। वहीं, विपक्षी महाराष्ट्र विकास अघाड़ी (MVA) अंतिम समाचार मिलने तक सिर्फ 49 निकायों में आगे थी जबकि अकेले चुनाव लड़ रही कांग्रेस 32 निकायों में बढ़त बनाए हुए है।

गौरतलब है कि भाजपा ने पहले ही तीन सीटें निर्विरोध जीत ली हैं, जिनमें डोंडाईचा नगर परिषद (धुले) और अंगार नगर पंचायत (सोलापुर) के सदस्य व अध्यक्ष निर्विरोध चुने गए हैं। साथ ही जामनेर नगर पालिका के अध्यक्ष चुनाव में भी कोई विपक्ष नहीं था।

विकास के मुद्दे पर लड़े स्थानीय निकाय चुनाव – सीएम फडणवीस

इस बीच महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संभावित नतीजों को लेकर कहा कि नगर परिषद और नगर पंचायत चुनावों में महायुति की ‘सफलता’ भाजपा संगठन और सरकार के संयुक्त प्रयास का नतीजा है। उन्होंने कहा, ‘यह एक सामूहिक प्रयास है, जिसमें संगठन और सरकार दोनों शामिल हैं। हमने विकास के मुद्दे पर चुनाव लड़ा। मैंने सकारात्मक विकास एजेंडे पर आधारित अभियान चलाया और कभी भी किसी राजनीतिक नेता या पार्टी की आलोचना नहीं की। हमने विकास एजेंडे, अब तक किए गए कार्यों और भविष्य की योजनाओं के आधार पर ही वोट मांगे।’

डिप्टी सीएम शिंदे बोले – नतीजे और महायुति की जीत तो बस ट्रेलर है

वहीं उप मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा कि महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों के परिणाम 15 जनवरी को होने वाले नगर निगम चुनावों में आगे क्या होने वाला है, इसका एक ट्रेलर हैं। शिवसेना के नेता शिंदे ने अपनी सेना के ‘स्ट्राइक रेट’ की भी सराहना की और कहा, ‘ये परिणाम हमारी पार्टी द्वारा किए गए अच्छे काम की पुष्टि करते हैं।’ उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि ये परिणाम जनता की उस प्रवृत्ति को दर्शाते हैं जो राजनीति से ऊपर विकास को प्राथमिकता देती है। महायुति की जीत महज एक ट्रेलर है। महायुति आगामी नगर निगम चुनावों में भी यही शानदार प्रदर्शन दोहराएगी।

नितिन गडकरी ने निकाय चुनाव में पार्टी की जीत पर दी बधाई

उधर केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने महाराष्ट्र स्थानीय निकाय चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी की जीत पर बधाई दी। गडकरी ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि भारतीय जनता पार्टी को उसकी शानदार जीत पर हार्दिक बधाई। राज्य भाजपा अध्यक्ष रवींद्र चव्हाण, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और सभी समर्पित पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई। उन्होंने आगे कहा कि यह जीत पार्टी कार्यकर्ताओं की है। भाजपा और उसके विकासोन्मुखी कार्यों पर भरोसा जताने के लिए जनता का तहे दिल से धन्यवाद।

विपक्ष के झूठे प्रचारको मतदाताओं ने किया खारिज – रवींद्र चह्वाण

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र चह्वाण ने दावा किया कि उनकी पार्टी को निर्णायक जनादेश मिला है। उन्होंने साथ ही यह भी कहा कि मतदाताओं ने विपक्ष के ‘झूठे प्रचार’ को खारिज कर दिया है। उन्होंने दावा किया कि महायुति ने 288 में से 250 से अधिक परिषदों, नगर पंचायतों और नगर परिषदों में जीत हासिल की है।

RELATED ARTICLES

Most Popular