FIH हॉकी जूनियर विश्व कप आज से, 9 वर्ष बाद घरेलू मैदान पर खिताब जीतने उतरेगा भारत
चेन्नई, 27 नवम्बर। मौजूदा चैम्पियन जर्मनी व दो बार के पूर्व विजेता भारत सहित रिकॉर्ड 24 टीमें शुक्रवार से यहां और मदुरै में आयोजित FIH हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप टूर्नामेंट में जोर आजमाइश करेंगी। इतिहास में संयुक्त रूप से दूसरा सबसे सफल दल मेजबान भारत पहले दिन पूल बी मैच में चिली के खिलाफ बड़ी जीत से नौ वर्ष बाद घरेलू मैदान पर खिताब जीतने के अपने अभियान का शानदार आगाज करना चाहेगा।
भारत ने पिछली बार 2016 में लखनऊ में जीता था खिताब
भारत ने पिछली बार 2016 में लखनऊ में सीनियर महिला टीम के मौजूदा कोच हरेंद्र सिंह के मार्गदर्शन में यह टूर्नामेंट जीता था। इस बार भारत को पूल बी में रखा गया है। भारत और चिली के अलावा, ओमान और स्विट्जरलैंड पूल बी में शामिल अन्य टीमें हैं। पाकिस्तान ने ऑपरेशन सिंदूर के बाद सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत का दौरा करने से इनकार कर दिया था, जिसके बाद उसकी जगह पर ओमान को शामिल किया गया था।
𝐌𝐚𝐫𝐤 𝐲𝐨𝐮𝐫 𝐜𝐚𝐥𝐞𝐧𝐝𝐚𝐫𝐬! 🗓️
Here’s Team India’s Pool B Fixtures for the FIH Hockey Men’s Junior World Cup Tamil Nadu 2025.
Are you ready to cheer for the boys? 🇮🇳Watch the FIH Hockey Men’s Junior World Cup Tamil Nadu 2025 live from Nov 28 – Dec 10.
🏟️: Chennai &… pic.twitter.com/y9lzFWBzVZ
— Hockey India (@TheHockeyIndia) November 27, 2025
मौजूदा चैम्पियन जर्मनी ने सबसे ज्यादा 7 बार जीती है उपाधि
उल्लेखनीय है कि भारत ने 2016 से पहले 2001 में होबार्ट में पहली बार खिताब जीता था। 46 वर्ष पहले 1979 में शुरू हुए इस टूर्नामेंट में जर्मनी सबसे सफल टीम है, जिसने कुल सात बार उपाधि जीती है। भारत के अलावा अर्जेंटीना ने भी दो बार (2005 और 2021) जूनियर विश्व कप जीता है। पाकिस्तान ने 1979 में वर्सेल्स (फ्रांस) में खेला गया पहला विश्व कप अपने नाम किया था जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 1997 में मिल्टन कीन्स में भारत को हराकर यह खिताब जीता था।
कुआलालंपुर 2023 में चौथे स्थान पर रहा था भारत
भारत 2023 में कुआलालंपुर में खेले गए पिछले जूनियर विश्व कप में चौथे स्थान पर रहा था। वह कांस्य पदक के मैच में स्पेन से 1-3 से हार गया था। जर्मनी तब चैम्पियन बना था। विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर काबिज भारत खिताब का प्रबल दावेदार है। जर्मनी अंडर-21 वर्ग में दुनिया की शीर्ष रैंकिंग वाली टीम है।
𝐀𝐥𝐥 𝐜𝐚𝐩𝐭𝐚𝐢𝐧𝐬. 𝐎𝐧𝐞 𝐝𝐫𝐞𝐚𝐦.✨
The leaders of tomorrow are ready to take charge!💪
Captains from across the globe came together for the official photoshoot ahead of the FIH Hockey Men’s Junior World Cup Tamil Nadu 2025 — starting tomorrow! 🔥
Who’s taking the… pic.twitter.com/zqsFhlM7xx— Hockey India (@TheHockeyIndia) November 27, 2025
रिकॉर्ड 24 टीमों को 6 ग्रुपों में बांटा गया है
इस बार रिकॉर्ड 24 टीमों को छह ग्रुपों में बांटा गया है। प्रत्येक ग्रुप में चार टीमों को रखा गया है, जो राउंड रोबिन आधार पर एक दूसरे का सामना करेंगी। प्रत्येक ग्रुप से शीर्ष पर रहने वाली टीम तथा दूसरे स्थान पर रहने वाली दो सर्वश्रेष्ठ टीम क्वार्टर फाइनल में जगह बनाएंगी।
गोली से कोच बने पीआर श्रीजेश के लिए सबसे बड़ी परीक्षा होगी
यह टूर्नामेंट दो बार के ओलम्पिक पदक विजेता गोलकीपर से कोच बने पीआर श्रीजेश के लिए सबसे बड़ी परीक्षा होगी, जो भविष्य में सीनियर टीम को मार्गदर्शन देने के लिए अपनी कोचिंग योग्यता साबित करने के लिए उत्सुक होंगे। मलेशिया में बीते दिनों सुल्तान जोहोर कप में रजत पदक जीतने के बाद भारतीय टीम अच्छी लय में है और वह घरेलू मैदान पर खेलने का भी पूरा फायदा उठाने की कोशिश करेगी। लेकिन सुल्तान जोहोर कप के दौरान पेनाल्टी कॉर्नर पर गोल करने में नाकामी अब भी चिंता का विषय बनी हुई है। भारत ने टूर्नामेंट में 53 पेनाल्टी कॉर्नर पर केवल आठ गोल किए थे।

रोहित की अगुआई वाली मेजबान टीम की ऐसी है बनावट
भारतीय कप्तान रोहित को पेनाल्टी कॉर्नर पर अतिरिक्त जिम्मेदारी लेनी होगी क्योंकि सबसे अनुभवी ड्रैग फ्लिकर अरिजीत सिंह हुंडल कंधे की चोट के कारण बाहर हैं। बिक्रमजीत सिंह और प्रिंसदीप सिंह दो गोलकीपर हैं जबकि डिफेंस में कप्तान रोहित, आमिर अली, अनमोल एक्का, तालेम प्रियो बार्टा, सुनील पलाक्षप्पा बेन्नूर और शारदानंद तिवारी जिम्मेदारी संभालेंगे।
मिडफील्ड में अंकित पाल, अद्रोहित एक्का, थोउनाओजम इंगालेम्बा लुवांग, मनमीत सिंह और रोसन कुजूर होंगे, जबकि सौरभ आनंद कुशवाहा, अर्शदीप सिंह, अजीत यादव, दिलराज सिंह और गुरजोत फॉरवर्ड लाइन की जिम्मेदारी संभालेंगे।
पहले दिन इन टीमों के मैच भी खेले जाएंगे
पहले दिन खेले जाने वाले अन्य मैचों में, जर्मनी का मुकाबला दक्षिण अफ्रीका (मदुरै में), कनाडा का आयरलैंड (मदुरै में), अर्जेंटीना का जापान से (चेन्नई में), स्पेन का मिस्र से (मदुरै में), न्यूजीलैंड का चीन से (चेन्नई में), बेल्जियम का नामीबिया से (मदुरै में) और ओमान का स्विट्जरलैंड से (चेन्नई में) होगा।
