जूनागढ़ मुक्ति दिवस : सीएम भूपेंद्र पटेल ने राज्यव्यापी यूनिटी मार्च का किया शुभारंभ
जूनागढ़, 9 नवम्बर। गुजरात के ऐतिहासिक शहर जूनागढ़ में जूनागढ़ मुक्ति दिवस के अवसर पर राज्यव्यापी यूनिटी मार्च की भव्य शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने सुबह पदयात्रा का उद्घाटन किया, जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रेरणा से मनाई जा रही सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती का हिस्सा है। इस आयोजन में हजारों लोग शामिल हुए, जिन्होंने ‘आत्मनिर्भर भारत’ की शपथ ली और देश की एकता व अखंडता का संकल्प दोहराया।

9 नवम्बर,1947 को जूनागढ़ नवाबी शासन से मुक्त होकर भारत का अभिन्न अंग बना
यूनिटी मार्च राज्य सरकार के खेल, युवा एवं सांस्कृतिक गतिविधियों विभाग तथा जूनागढ़ जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया गया। 1947 में आज ही के दिन जूनागढ़ नवाबी शासन से मुक्त होकर भारत का अभिन्न अंग बना था। सरदार पटेल के दूरदर्शी नेतृत्व और दृढ़ संकल्प से यह विलय संभव हुआ, जिसे ‘जूनागढ़ मुक्ति दिवस’ के रूप में याद किया जाता है। इस वर्ष सरदार पटेल की 150वीं जयंती पर इस ऐतिहासिक तिथि को चुना जाना विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। यह न केवल इतिहास की स्मृतियों को ताजा करता है बल्कि युवा पीढ़ी को एकजुट भारत के निर्माण की प्रेरणा भी देता है।
LIVE: સરદાર વલ્લભભાઈ પટેલના 150મા જન્મજયંતી વર્ષ અવસરે જૂનાગઢ ખાતે ‘સરદાર@ 150’ ‘યુનિટી માર્ચ’નો શુભારંભ. https://t.co/Av63xmn9z5
— Bhupendra Patel (@Bhupendrapbjp) November 9, 2025
पीएम मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सरदार पटेल की विरासत का जश्न मना रहा
मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने मार्च का शुभारंभ करते हुए कहा, ‘सभी को बधाई। जूनागढ़ मुक्ति दिवस पर सोरठ निवासियों को शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्र सरदार पटेल की विरासत का जश्न मना रहा है।’ सीएम के साथ जूनागढ़ जिला प्रभारी सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. प्रद्युमनभाई वाजा, जिला सह-प्रभारी विधि राज्य मंत्री कौशिक भाई वेकरिया, महापौर धर्मेश पोशिया, विधायक एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। एक आधिकारिक वीडियो में सीएम पटेल को मार्च का नेतृत्व करते देखा गया, जहां ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का नारा लगाया गया।
લોહપુરુષ સરદાર વલ્લભભાઈ પટેલના 150મા જન્મજયંતી વર્ષ અંતર્ગત 'સરદાર@ 150' યુનિટી માર્ચના ભાગરૂપે આયોજિત રાજ્યવ્યાપી પદયાત્રાનો પૂજ્ય સંતો અને સાથી મંત્રીશ્રીઓની હાજરીમાં જૂનાગઢથી પ્રારંભ કરાવ્યો.
જૂનાગઢ 1947ની 9મી નવેમ્બરે નવાબી શાસનમાંથી આઝાદ થઈને ભારતમાં ભળ્યું હતું, તેને… pic.twitter.com/hS5KSehZSG
— Bhupendra Patel (@Bhupendrapbjp) November 9, 2025
पदयात्रा में समाज के हर वर्ग ने भाग लिया। कॉलेज छात्र, एनसीसी-एनएसएस कैडेट्स, माई भारत वॉलंटियर्स, सहकारी संगठन, राजनीतिक दल, औद्योगिक एवं वाणिज्यिक संगठन, धार्मिक संस्थाएं, साधु-संत, इन्फ्लुएंसर्स, पूर्व सैनिक परिवार, खिलाड़ी, प्रगतिशील किसान, प्रबुद्ध नागरिक, कामगार, सामाजिक संस्थाएं, स्थानीय निकाय पदाधिकारी, स्वयं-सहायता समूह और बड़ी संख्या में आम नागरिक शामिल हुए।
मार्च शहर की प्रमुख सड़कों से गुजरा, जहां प्रतिभागियों ने तिरंगा लहराया और सरदार पटेल के चित्रों के साथ कदम मिलाए। अंत में सभी ने आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत शपथ ली, जिसमें नशा मुक्ति, वोकल फॉर लोकल और पर्यावरण संरक्षण जैसे संकल्प शामिल थे। उल्लेखनीय है कि यह आयोजन राष्ट्रीय स्तर पर सरदार पटेल की 150वीं जयंती के अवसर पर हो रहे यूनिटी मार्च का हिस्सा है, जो 31 अक्टूबर से शुरू हुआ था और 26 नवम्बर तक चलेगा।
